कोरोना वायरस महामारी के दौरान खुद की और औरों की सुरक्षा के लिए मास्क पहनना बहुत जरूरी हो गया है। कहीं भी बाहर जाने पर मास्क पहनें और बच्चों को भी इसकी आदत डालें। बच्चों को मास्क पहनने की आदत डालना आसान नहीं है। खासतौर पर अगर बच्चा छोटा है तब तो ये बहुत बड़ी समस्या हो सकती है। बच्चों को हर वक्त घर के अंदर भी नहीं रखा जा सकता और बिना मास्क के बाहर जाने का मतलब है कि हम अपने बच्चों को बहुत ज्यादा रिस्क में डाल रहे हैं। ऐसे में अगर आपके साथ भी ये समस्या हो रही है कि बच्चे आराम से मास्क नहीं पहन रहे हैं तो उन्हें कुछ खास तरीकों से मास्क की आदत डालें। चलिए आज इन्हीं तरीकों की बात करते हैं।
अगर आपका बच्चा 5 साल से बड़ा है तो उसे मास्क की आदत डालना थोड़ा आसान हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस उम्र में बच्चे नई चीज़ें सीखने के लिए आतुर रहते हैं।
बच्चों को ये समझाएं कि इसकी क्या जरूरत है। ये बताएं कि मास्क से क्या अच्छा हो सकता है और साथ ही साथ कोरोना वायरस से क्यों डरना जरूरी है ये भी बताएं। अगर उन्हें दवा और इंजेक्शन से डर लगता है तो उसका उदाहरण देकर समझाएं कि अगर वायरस के फैलने पर उन्हें कड़वी दवा और इंजेक्शन आदि लगवाना होगा। ध्यान रहे कि बच्चों के सामने मौत जैसे शब्द न इस्तेमाल किए जाएं। इससे गलत प्रभाव पड़ सकता है।
इसे जरूर पढ़ें- बच्चों को बोतल से दूध पिलाने के नुकसान के बारे में जानें, फायदों को भी ना करें अनदेखा
टीवी, इंटरनेट आदि से जुड़े बच्चे आजकल ऑनलाइन क्लासेज ले रहे हैं और ऐसे में उन्हें काफी कुछ पता होगा इसके बारे में। उनसे पूछें कि क्या वो मास्क के बारे में कुछ जानते हैं। अगर उनके कोई सवाल हैं तो उनका जवाब दें।
होम मेड मास्क बनाएं, पेंटिंग आदि करें, मास्क से जुड़े गेम्स बच्चों को खिलवाएं और उन्हें हमेशा ये याद दिलाएं कि बाहर जाते समय उन्हें मास्क पहनना जरूरी है, डॉक्टर-नर्स जैसे गेम्स प्लान करें जिसमें मास्क पहनना अनिवार्य होता है। अगर बच्चे ऐसी एक्टिविटीज में हिस्सा लेंगे तो उन्हें मास्क की आदत भी पड़ेगी।
बच्चों को कहानियां सुनना बहुत अच्छा लगता है और ऐसे में आप उन्हें कहानियों के सहारे भी मास्क की अहमियत बता सकती हैं। कोविड 19 के दौर में ये बहुत जरूरी है। अगर आपको कोई कहानी नहीं सूझ रही है तो आप उन्हें कार्टून्स की मदद से भी समझा सकती हैं जैसे, 'डोरेमॉन भी मास्क पहनता है क्योंकि ये जरूरी है' ऐसे कई उदाहरण आप दे सकती हैं।
बच्चों के खिलौनों के लिए भी आप मास्क रख सकती हैं। ऐसे में बच्चों को ये समझाएं कि उन्हें अपने खिलौनों की रक्षा के लिए मास्क पहनना होगा। बच्चे जिन चीजों से अटैच हैं उनसे जुड़कर उन्हें समझाएं।
बच्चों के सामने मास्क जरूर पहनें। उन्हें इसकी अहमियत समझ में आनी चाहिए, साथ ही उन्हें मास्क पहनने का सही तरीका समझाएं।
बड़े बच्चों को तो समझाना फिर भी आसान है, लेकिन अगर बच्चा 5 साल से छोटा है तो उसे समझाने के लिए आपको थोड़े अलग तरीके अपनाने होंगे।
ऐसे बच्चों के लिए उनके साइज के कंफर्टेबल मास्क तैयार करें। ये बहुत जरूरी है कि उन्हें अनकंफर्टेबल मास्क न पहनना पड़े।
इतने छोटे बच्चे चेहरा देखकर ही अपनी पहचान बनाते हैं और एकदम से अगर आप बाहर मास्क पहनकर जाएंगी तो ऐसा हो सकता है कि बच्चे आपको देखकर ही डर जाएं। ऊपर से आस-पास के सभी लोग भी मास्क पहने होंगे। इसलिए बच्चों को सहज होने दें।
इसे जरूर पढ़ें- होममेड मास्क क्यों अपनाना चाहिए? 5 कारणों के बारे में एक्सपर्ट से जानें
छोटे बच्चों को मास्क पहनने की आदत डालने की शुरुआत थोड़ी-थोड़ी देर से करें। एकदम से कई घंटों के लिए उन्हें मास्क न पहनाएं।
इतने छोटे बच्चों के हाथ साफ रखें क्योंकि वो खुद मास्क को बार-बार हाथ लगा सकते हैं। ऐसे में आपको ये ध्यान रखना होगा कि आप उनके हाथ धुलवाती रहें। सेनेटाइजर का बार-बार इस्तेमाल भी गलत हो सकता है।
इन टिप्स को आजमाएं और अपने लाडलों को सुरक्षित रखें। मास्क जरूर पहनें और बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी इसके लिए जागरुक करें। सुरक्षा बहुत जरूरी है। अगर आपको ये स्टोरी पसंद आई हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।