इन दिनों शादियों को लेकर एक अजीब सी हलचल है। कम मेहमानों और रिश्तेदारों के बीच शादी का अनुभव लिया जा रहा है। जहां शादियों का स्वरूप बदला है वहीं डिजाइनर्स और वेडिंग लुक में भी कुछ बदलाव तो आना ही था। India Couture Week 2020 चल रहा है और पहली बार सभी फैशन शो ऑनलाइन किए जा रहे हैं। इसी दौरान चर्चित डिजाइनर अंजू मोदी ने अपना कलेक्शन 'सिंदूरी' लॉन्च किया है। इस कलेक्शन में ट्रेडिशनल और मॉर्डन ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं और 5 खास बातें भी जो होने वाली दुल्हनें अपने वेडिंग लुक में आजमा सकती हैं।
क्या खास है अंजू मोदी के कलेक्शन में?
अंजू मोदी का कलेक्शन दुल्हन और उसके अंदर चल रही हलचल और द्वंद को दिखाता है। एक दुल्हन के मन में सुगबुकाहट होती है और यही समय होता है जब वो निश्छल होती है और कुछ समय बाद उसके अंदर बदलाव आता है और उसे उच्छृंखल भी मान लिया जाता है। इस कलेक्शन में निश्छल, उच्छृंखल, समपर्ण जैसे भावों को दर्शाने की कोशिश की गई है और अंजू मोदी ने ये काम बखूबी निभाया है।
आज हम बात करेंगे अंजू मोदी के कलेक्शन की और कैसे होने वाली दुल्हनें इस मॉर्डन ट्विस्ट वाले पारंपरिक कलेक्शन से इंस्पिरेशन ले सकती हैं।
1. रंगों पर दिया गया है विशेष ध्यान-
इस कलेक्शन में रंगों का चुनाव बहुत सोच समझ कर किया गया है। शांति और निश्छलता का प्रतीक सफेद रंग होता है जिसे अंजू मोदी ने अपने कलेक्शन में शामिल किया है। वैसे तो ब्राइडल कपड़ों में सफेद या आइवरी को शामिल करना शुभ नहीं माना जाता था, लेकिन अंजू मोदी, तरुण तहिलियानी जैसे डिजाइनर्स ने इसे बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है अपने कलेक्शन का।
मरून रंग को निश्चय, भरोसे और शरारत से जोड़कर देखा जाता है और इस रंग को भी अंजू मोदी के कलेक्शन में साफ देखा जा सकता है। एक कॉन्फिडेंट ब्राइड वाला लुक इस रंग से आ रहा है। इसी रंग को उच्छृंखल से जोड़ा गया है।
तीसरा रंग है पीला जो इन दोनों के समागम को दर्शा रहा है। हालांकि, पीला बहुत ही शांत तरीके से इस कलेक्शन में इस्तेमाल किया गया है, लेकिन ये है तो बहुत खास। आपको इस कलेक्शन को देखकर ये समझ आ जाएगा कि इन तीनों रंगों के महत्व को किस तरह से एक दुल्हन के अंदर के द्वंद से जोड़ा गया है।
ब्राइड्स के लिए क्या है खास-
ब्राइड्स के लिए इसमें ये टिप हो सकती हैं कि अगर आपको पिंक, नॉर्मल रेड या फिर गोल्डन नहीं पहनना है तो आइवरी और मरून रंगों पर ध्यान दिया जा सकता है। अगर आप शादी के लहंगे को इन रंगों का नहीं रखना चाहतीं तो भी आप शादी के किसी और फंक्शन में इन रंगों के साथ एक्सपेरिमेंट्स कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें- होने वाली दुल्हनें तरुण तहिलियानी के इस लेटेस्ट कलेक्शन से ले सकती हैं 5 टिप्स
2. ज्वेलरी में है ये खास बात-
अगर नई ब्राइड्स को अपने लुक को लेकर कोई ज्वेलरी से जुड़ी इंस्पिरेशन लेनी है तो वो अंजू मोदी के इस कलेक्शन से ले सकती हैं। ये काफी ट्रेडिशनल लेकिन यूनीक डिजाइन्स हैं। इस कलेक्शन के लिए कृष्णा ज्वेलर्स ने ज्वेलरी बनाई है। तस्वीरों से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि ज्वेलरी में मोती और कुंदन का कितना अनोखा मेल किया गया है।
अंजू मोदी की ब्राइड्स ने लेयर्ड नेकलेस को अपना अहम गहना बनाया है। इसी के साथ सिंपल ब्राइडल लुक में मांग टीके का महत्व अलग ही दिख रहा है जो कुंदन से सजे हुए हैं।
मोती को शांति और धैर्य से जोड़कर देखा जाता है और कुंदन अपनी खूबसूरती से सभी को आकर्षित करता है। अंजू मोदी के इस ब्राइडल कलेक्शन में वो बातें साफ दिख रही हैं। यही खासियत है कि इस कलेक्शन में डिटेल्स पर ध्यान दिया गया है।
ब्राइड्स के लिए क्या है खास-
जहां तक ब्राइडल ज्वेलरी की बात आती है वहां बहुत कम ब्राइड्स हैं जो मोतियों के साथ एक्सपेरिमेंट्स करती हैं। अगर आप भी अपने लुक को औरों से अलग बनाना चाहती हैं तो ज्वेलरी में कुंदन और मोतियों वाली ज्वेलरी पहन सकती हैं।
3. कपड़ा भी है बहुत खास-
जहां तक डिजाइनर कपड़े का सवाल है तो इस कलेक्शन में ब्रोकेड और बनारसी सिल्क को आप साफ तौर पर देख सकते हैं। ये दोनों की तरह के कपड़े अपने अंदर खूबसूरती को समेटे होते हैं और ऊपरी एम्ब्रॉइडरी से परे इनके अंदर ही डिजाइन को रोपा जाता है।
बहुत भड़कीले रंगों का इस्तेमाल न करने के बावजूद भी कपड़ा अपनी पहचान दिखा रहा है। मेरी पर्सनल च्वाइस भी बनारसी सिल्क ही होता है। यकीनन ये कपड़ा अपनी ओर आकर्षित करता है। अगर ब्राइड्स बहुत हेवी लहंगा या हेवी एम्ब्रॉइडरी नहीं पहनना चाहती हैं तो इस तरह के कपड़े को अपने ब्राइडल लुक में शामिल कर सकती हैं।
ब्राइड्स के लिए क्या है खास-
अगर आप अपनी शादी में भारी ड्रेसअप नहीं चाहती हैं और किसी हल्के कपड़े का लुक और फील लेना चाहती हैं तो अंजू मोदी के कलेक्शन से इंस्पिरेशन ले सकती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि बनारसी सिल्क या ब्रोकेड थोड़े कंफर्टेबल साबित हो सकते हैं। आप अपनी शादी के किसी फंक्शन में भी इन्हें शामिल कर सकती हैं।
4. राजस्थानी डिजाइन -
अगर आपने गौर किया हो तो इस बार कई डिजाइनर्स ने राजस्थानी डिजाइन्स को महत्व दिया है। यही हाल है अंजू मोदी के कलेक्शन का भी। राजस्थानी डिजाइन्स बहुत ही यूनीक होते हैं और अच्छे बॉर्डर वाले लहंगे इनकी खासियत होते हैं। गोटा पट्टी लगे हुए बॉर्डर के साथ लहंगे और दुपट्टे दुल्हनों के श्रृंगार को और भी ज्यादा निखारते हैं।
अंजू मोदी के कलेक्शन में भी कुछ-कुछ राजस्थानी इंस्पार्यड डिजाइन्स देखने को मिल रहे हैं और न सिर्फ लहंगों और दुपट्टों बल्कि ब्लाउज पर भी ध्यान दिया गया है। इस कलेक्शन में जोधपुरी बंद गला डिजाइन ब्लाउज, स्टैंड कॉलर ब्लाउज आदि दिख रहे हैं और ये ट्रेडिशनल और मॉर्डन स्टाइल का परफेक्ट मिक्स दिख रहा है।
ब्राइड्स के लिए क्या है खास-
शादी में थोड़ी रॉयल फील लेने के लिए आप राजस्थानी पैटर्न के कपड़ों का चुनाव कर सकती हैं। राजस्थानी डिजाइन्स काफी खूबसूरत लगते हैं और आपकी खूबसूरती में चार-चांद लगा सकते हैं।
इसे जरूर पढ़ें- होने वाली दुल्हनों के लिए कृति सेनन के 5 स्टाइलिश ब्लाउज डिजाइन
5. लहंगे के साथ बेल्ट-
आपको अगर याद हो तो राणा दग्गुबाती और मिहिका बजाज की शादी के दौरान हल्दी की रस्म में मिहिका ने एक लहंगा पहना था जिसके साथ बेल्ट का इस्तेमाल किया गया था। सेलेब्स भी अब लहंगे के साथ बेल्ट पहनने को स्टाइल स्टेटमेंट बना रहे हैं और ये साफ दिखता है अंजू मोदी के कलेक्शन में भी। उनकी ब्राइड्स ने बहुत ही सलीके से कमरबंद की जगह बेल्ट पहनी है।
ब्राइड्स के लिए क्या है खास-
ये डिजाइनर लुक थोड़ा डिफरेंट है और जो ब्राइड्स अपनी कमर को हाइलाइट करना चाहें और उन्हें कोई नॉर्मल कमरबंद नहीं पहनना हो तो स्टाइल स्टेटमेंट के लिए ये लुक अपनाया जा सकता है।
यकीनन अंजू मोदी का कलेक्शन कुछ खास है और ये नई ब्राइड्स के लिए एक इंस्पिरेशन बन सकता है। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों