अगर कोई ऐसी कुजीन है जो दुनिया भर में लोकप्रिय हो रहा है, तो वह है पैन-एशियन कुजीन। इसमें पूर्वी और दक्षिण-पूर्व एशिया की पाक परंपराओं की कई रेंज शामिल हैं, जिसमें स्वाद, तकनीक और तमाम सामग्रियों का अनूठा मिश्रण देखा जाता है। मगर जब भी बात पैन एशिया की आती है, तो लोग सिर्फ चाइनीज, जापानी और कोरियाई कुजीन का ही नाम लेते हैं। मगर आपको बता दें कि इसके अलावा भी कई सारी एशियाई देशों की कुजीन इस कैटेगरी में आती है।
पैन-एशियाई कुजीन की बात करें, तो एशिया 5 अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित है। हर रीजन की अपनी खासियत है। इनमें विशिष्ट संस्कृति देखी जाती है और सभी एक-दूसरे से समान होने के साथ ही काफी अलग भी होते हैं। आइए आज पैन एशियन कुजीन के बारे में इस लेख में जानें।
क्या है पैन एशियन कुजीन का मतलब?
जैसा कि हमने आपको बताया कि यह कुजीन पूर्वी एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और दक्षिण एशिया की पाक परंपराओं से प्रेरित होता है, जिसमें स्वाद, अलग-अलग इंग्रीडिएंट्स और तकनीकों से यूनिक डिशेज तैयार की जाती है। पैन-एशियन शब्द अपने आप में एक अंतर-क्षेत्रीय दृष्टिकोण को दर्शाता है, जो विभिन्न एशियाई व्यंजनों के विभिन्न तत्वों को एक साथ लाकर स्वाद और अनुभवों का अनूठा मिश्रण पेश करता है।
आइए 5 मेन क्षेत्रों और उनमें से कुछ सबसे लोकप्रिय पैन एशियन कुजीन के बारे में जानें-
इसे भी पढ़ें: Sushi के अलावा भी जापान के ये फूड्स हैं फेमस
पूर्वी एशियाई कुजीन
यह तो आपको भी पता होगा। चीन, जापान और कोरिया की कुजीन इसी में शामिल है। यहां पर चावल मेन इंग्रीडिएंट होता है। इसके साथ ही, मसाले और खाना पकाने के तरीके भी बहुत अलग होते हैं। चीनी फूड आइटम्स में सोया, चावल, टोफू और नूडल्स शामिल हैं। कोरियाई खाना पकाने में, आपको चावल, सोया, लहसुन, लाल मिर्च का पेस्ट (गोचुजंग) और फ्लेक्स, अदरक और फलियां से भरपूर खाना मिलेगा। कोरियाई खाना पकाने में मांस काफी उपयोग में लाया जाता है। वहीं, जापानी फूड आइटम्स में बहुत सारे सी फूड का उपयोग ज्यादा होता है। इसके अलावा चावल, टेम्पुरा, नूडल्स और मिसो सूप यहां लोकप्रिय है।
दक्षिण पूर्व एशियाई कुजीन
वियतनाम, थाईलैंड और कंबोडिया के देशों की कुजीन में चावल और ताजी सब्जियां का उपयोग ज्यादा होता है। वियतनाम में, आपको चावल, ताजे फल और सब्जियां, लेमनग्रास और थाई बेसिल भरपूर मात्रा में मिलेगी। थाईलैंड का भोजन भी चीन से काफी प्रभावित है। यहां स्ट्रॉन्ग खुशबू वाले मसालों का काफी उपयोग होता है। कंबोडिया में, भोजन में अक्सर कई व्यंजन शामिल होते हैं जिनमें बनावट और स्वाद की एक विस्तृत विविधता होती है।
मध्य एशियाई कुजीन
इस क्षेत्र में कजाकिस्तान और ताजिकिस्तान देश शामिल हैं। हालांकि, उनका भोजन अन्य एशियाई व्यंजनों जितना लोकप्रिय नहीं है, लेकिन इसकी अपनी अलग सांस्कृतिक मौलिकता है। कजाकिस्तान में मटन और डेयरी मेन इंग्रीडिएंट्स हैं। ताजिकिस्तान में, आपको पिलाफ और काबुली पुलाव ज्यादा मिलेगा। यहां पर सी फूड और बाकी चीजों के अलावा चावल, मांस, गाजर, शलजम, जैतून का तेल आदि जैसी चीजें लोकप्रिय हैं।
दक्षिण एशियाई कुजीन
इस क्षेत्र में भारत और पाकिस्तान शामिल हैं। यहां मसालेदार भोजन, चावल, मीट, सब्जियां, डेयरी प्रोडक्ट्स, चटनी और करी जैसी चीजें ज्यादा खाई जाती हैं। रोटी दोनों देशों में आम है। दक्षिण एशियाई खाना पकाने की तकनीक बाकी जगहों से एकदम अलग होती है। इतना ही नहीं, हमारे यहां स्वाद के लिए विभिन्न मसालों का उपयोग होता है। खाने को मसालेदार बनाया जाता है और यह कुजीन दुनियाभर में काफी पसंद की जाती है।
इसे भी पढ़ें: Korean Ingredients: कोरियाई व्यंजन में ये 10 इंग्रीडिएंट्स होते हैं Essential
पश्चिम एशियाई कुजीन
पश्चिम एशियाई कुजीन को मध्य पूर्वी व्यंजन के रूप में भी जाना जाता है। इस क्षेत्र में तुर्की, ईरान, इराक, इजराइल, जॉर्डन, लेबनान, सीरिया, सऊदी अरब और खाड़ी राज्य जैसे देश शामिल हैं। पश्चिम एशियाई कुजीन एरोमेटिक मसालों और ताजे हर्ब्स से तैयार होते हैं। यहां की मुख्य सामग्रियों में जैतून का तेल, लहसुन, प्याज, टमाटर, चना, दाल, दही, चावल, तथा विभिन्न प्रकार के मेवे जैसे बादाम, पाइन नट्स और पिस्ता का उपयोग होता है। कबाब, शावरमा, बकलावा, फलाफल और हम्मस कुछ लोकप्रिय व्यंजन हैं।
अब अगली बार आपसे कोई पैन एशियन कुजीन के बारे में पूछे तो आप अन्य देशों को भी शामिल कर सकते हैं। आपका फेवरेट पैन एशियन फूड कौन-सा है, हमें कमेंट करके जरूर बताएं। अगर आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों