लड्डू और बर्फी नहीं, दिवाली में इन 10 यूनिक मिठाइयों से करें मेहमानों का मुंह मीठा

इस दिवाली भी क्या वही लड्डू, बर्फी और सोन पापड़ी मेहमानों को गिफ्ट करने के बारे में सोच रहे हैं? रुकिए जनाब, कुछ यूनिक भारतीय मिठाइयों के बारे में भी जान लीजिए। ये मिठाइयां न सिर्फ लोगों को पसंद आएगी, बल्कि वे आपकी तारीफ करते नहीं रुकेंगे।

 
top ten traditional sweets for diwali

हर हिंदू फेस्टिवल में मिठाइयों की अहम भूमिका होती है और दिवाली जैसा बड़ा त्यौहार तो मिठाइयों के आदान-प्रदान के बिना अधूरा है। दिवाली में आप मेहमानों के लिए क्या लेकर जाते हैं? बेसन के लड्डू या काजू की बर्फी... ज्यादा से ज्यादा कलाकंद या मिल्क केक।

वैसे तो दिवाली की ट्रेडिशनल मिठाई सोन पापड़ी है जो एक घर से दूसरे घर ट्रांसफर होती रहती है, लेकिन आपने कभी कोई दूसरी मिठाई के बारे में क्यों नहीं सोचा? भारत के अलग-अलग राज्यों में कई पारंपरिक और यूनिक मिठाइयां तैयार होती हैं। क्यों न इस बार आप अपने मेहमानों का इन यूनिक मिठाइयों से मुंह मीठा करवाएं।

1. सरभाजा

shorbhaja indian sweet

बंगाली मिठाइयों की बात करो, तो सभी को मिष्टी दोई, रसगुल्ले, चमचम आदि मिठाइयां याद होती हैं। मगर इस प्रांत का सरभाजा एक यूनिक और स्वादिष्ट मिठाइयों में से एक है। कोलकाता में ऐसा कई दुकानें हैं, जो पारंपरिक सरभाजा बनाते और बेचते हैं। दुर्गा उत्सव के दौरान इस मिठाई को खासतौर से तैयार किया जाता है। यह गाढ़े दूध से तैयार किया जाता है, जिसे बाद में डीप फ्राई किया जाता है।

2. कराची हलवा

नाम सुनकर अगर आप भी हैरत में हैं, तो आपको बता दें कि यह मुंबई में मिलने वाली स्वादिष्ट और लोकप्रिय मिठाई है। इसके नाम के पीछे कहानी है कि इसे पाकिस्तान के कराची शहर में बनाया गया था। यह कराची से मुंबई पहुंचा और इसके बाद इसे बहुत ख्याति मिली। यहां के हलवाइयों ने इसे बनाकर बेचना शुरू किया, लेकिन इसके नाम को नहीं बदला। इसे घी, मक्खन, देशी घी और मक्के के आटे से बनाया जाता है। वहीं, इसके अलग-अलग रंगों में तैयार करके बर्फी के रूप में बेचा जाता है।

इसे भी पढ़ें: भारतीय राज्यों की इन मिठाइयों को क्या चखा है आपने?

3. खरवास

खरवास, एक रिच मलाई वाली मिठाई है जो मुंह में जाते ही एकदम खुल जाती है। इसे गाढ़े दूध से तैयार किया जाता है। कुछ लगो इसे गिन्नु के नाम से जानते हैं। इस मिठाई को स्टीम करके बनाया जाता है और यह भी मुंबई में काफी लोकप्रिय है। इसे पुडिंग भी कहें, तो गलत नहीं होगा। मुंबई के साथ-साथ यह पुणे और हैदराबाद में पसंद की जाती है।

4. परवल मिठाई

parwal indian sweet

परवल सब्जी घर में कोई नहीं खाता, तो मिठाई कैसे खाएंगे? यही अगर आप भी सोच रहे हैं, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। स्टीम करके पकाए गए परवल को नरम खोए की स्टफिंग और ड्राई फ्रूट्स से भर दिया जाता है। यह बिहार में काफी पसंद की जाती है। इसके बाद इसे चाशनी में डुबोया जाता है। यह मिठाई सिर्फ देखने में ही अच्छी नहीं लगती बल्कि खाने में भी स्वादिष्ट होती है।

5. पनीर जलेबी

जलेबी नहीं, हम पनीर जलेबी की बात कर रहे हैं जो उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खूब चाव से खाई जाती है। यह आम जलेबी से काफी अलग होती है, क्योंकि इसमें पनीर को जलेबी का रूप दिया जाता है। इसकी सामग्री जलेबी के समान होती है, बस आप उसमें मैश किया हुआ छेना मिलाते हैं। अगर आपने कभी इसे न चखा हो, तो इस दिवाली इसका मजा जरूर लें।

6. अदा प्रदामन

अरे ये कोई गिबरिश नहीं है, बल्कि एक पारंपरिक इंडियन मिठाई का नाम है। केरल का लोकप्रिय डेजर्ट जिसे खासतौर से ओणम में बनाया जाता है। इसे राइस फ्लेक्स, साबूदाना और गुड़ से तैयार किया जाता है। यदि आपके घर में मेहमान आते हैं, तो आप इसे तैयार करके उनका मुंह मीठा करवा सकते हैं। इसे बनाने के लिए नारियल का दूध उपयोग होता है और खूब सारे ड्राई फ्रूट्स से सजाकर इस डेजर्ट को सर्व किया जाता है।

7. नानखटाई

nankhatai indian sweet

यह है तो बिस्किट, लेकिन इसे मिठाई के बॉक्स में शामिल नहीं किया जा सकता ऐसा कोई नहीं कहता है। मैदे, सूजी, घी और चीनी से तैयार यह बिस्किट काफी सॉफ्ट और क्रंची होते हैं। अगर आपको तमाम मिठाइयों से हटकर कुछ नया और स्वादिष्ट सर्व करना हो या भेंट में देना हो, तो यह अच्छा विकल्प है। गुजरात सहित यह भारत के अन्य इलाकों में भी काफी फेमस है और पाकिस्तान, म्यांमार और बांग्लादेश आदि जगहों पर भी लोकप्रिय है।

8. मोदक

मोदक गणेश उत्सव में बनते हैं, लेकिन ऐसा नहीं कि इन्हें दिवाली या अन्य उत्सव में नहीं बनाया जा सकता है। आप चाहें, तो घर पर मावा मोदक बनाकर तैयार कर सकते हैं और अबकी बार दिवाली में मेहमानों को यही सर्व करें। इसके अलावा, मोदक कई फ्लेवर्स में तैयार होते हैं, आप उन्हें भी चुन सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: मीठा खाना है पसंद तो भारत की इन यूनिक मिठाइयों को करें ट्राई

ada pradhaman indian sweet

9. दुधौरी

यह झारखंड की फेमस मिठाई है। इसके अलावा इसे बिहार में भी काफी पसंद किया जाता है। ऐसा कोई त्यौहार नहीं होता जिसमें इसे न बनाया जाता हो। इसे घर में मात्र 30 मिनट में तैयार किया जा सकता है। बिहार और झारखंड में इसे चावल की पहली फसल से तैयार किया जाता है, लेकिन आप दिवाली पर इसे बनाकर देखें। इस मिठाई को बनाने में चावल, दूध और घी की आवश्यकता होती है।

10. रबड़ी

यह भी झारखंड और बिहार की पारंपरिक मिठाई है। घर में आने वाले मेहमानों को यह जरूर परोसी जाती है। अब दिवाली में आप भी इसे बनाकर मेहमानों को सर्व कर सकते हैं। सबसे दिलचस्प बात है कि रबड़ी (गाढ़ी रबड़ी बनाने का तरीका) बनाने के लिए आपको कई सारी चीजों की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आप बस दूध और चीनी से इसे तैयार कर सकते हैं।

आपने इन मिठाइयों में से कौन-सी मिठाई खाई है, हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में कमेंट करके जरूर बताएं। आप भी दिवाली से पहले इन मिठाइयों को बनाकर रख लें या खरीद लाएं। अगर आपको यह जानकारी पसंद आई, तो यह आर्टिकल लाइक और शेयर जरूर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik & Google Searches

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP