herzindagi
image

चंडीगढ़ और पंचकूला वालों के लिए कंडाघाट किसी स्वर्ग से कम नहीं, इस राजा ने बनाई थी अपनी राजधानी

Weekend Trip Near Chandigarh: वीकेंड में घूमना-फिरना लगभग हर किसी को पसंद होता है। चंडीगढ़ और पंचकूला वाले भारी बारिश के डर से शिमला या मनाली नहीं जाना चाहते हैं, तो पास में स्थित कंडाघाट किसी स्वर्ग से कम नहीं। अपनों के साथ मस्ती करने पहुंच जाएं।
Editorial
Updated:- 2025-07-04, 14:51 IST

Weekend Trip Near Chandigarh And Panchkula: एक तरफ चंडीगढ़ पंजाब का एक खूबसूरत शहर है, तो दूसरी तरफ पंचकूला हरियाणा का एक प्रमुख शहर है। इन दोनों ही प्रमुख शहरों के बीच करीब 12 किमी की दूरी है। इसके अलावा, यह दोनों ही शहर हिमाचल प्रदेश की सीमा के पास में ही स्थित है। इसलिए चंडीगढ़ और पंचकूला वाले हिमाचल प्रदेश के शिमला या मनाली जैसी जगहों पर वीकेंड में घूमने के लिए पहुंचते रहते हैं। ऐसे में अगर चंडीगढ़ और पंचकूला वाले भारी बारिश के चलते शिमला या कुल्लू-मनाली घूमने नहीं जा सकते हैं, तो कुछ ही किलोमीटर दूर स्थित कंडाघाट जैसी अद्भुत जगह को वीकेंड में डेस्टिनेशन पॉइंट बना सकते हैं। आइए इस आर्टिकल में कंडाघाट के बारे में जानते हैं।

हिमाचल में कंडाघाट कहां है?

कंडाघाट की खूबसूरती और खासियत बताने से पहले आपको बता दें कि यह हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित एक छोटा, लेकिन काफी खूबसूरत और मनमोहक शहर है। यह मुख्य शहर से कुछ ही किमी दूर है। कंडाघाट कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है।
चड़ीगढ़ से कंडाघाट की दूरी करीब 83 किमी है, तो पंचकूला से इसकी दूरी करीब 74 किमी है। इन दोनों ही जगहों से कंडाघाट पहुंचने में करीब 2 घंटे का समय लगता है। आपकी जानकारी के लिए यह भी बता दें कि कंडाघाट शिमला से महज 30 किमी दूर है।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर से 300 किमी के आसपास में स्थित हैं ये शानदार वॉटरफॉल्स, वीकेंड में पहुंच जाएं

कंडाघाट क्यों प्रसिद्ध है?

kandaghat near to panchkula

समुद्र तल से करीब 1 हजार से भी अधिक मीटर की ऊंचाई पर मौजूद कंडाघाट सबसे अधिक प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। बादलों से ढके ऊंचे-ऊंचे पहाड़, बड़े-बड़े देवदार के पेड़, घास के मैदान, घने जंगल और झील-झरने कंडाघाट की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करते हैं।
कंडाघाट हिमालय पर्वत के लुभावने दृश्यों के लिए खूब जाना जाता है। कंडाघाट के बारे में कहा जाता है कि ब्रिटिश काल में इसकी खूबसूरती इस कदर प्रचलित थी कि पटियाला के महाराजा भूपिंदर सिंह अपनी ग्रीष्मकालीन राजधानी के रूप में घोषित किया था। मानसून में कंडाघाट की खूबसूरती चरम पर होती है।

पर्यटकों के लिए क्यों खास है कंडाघाट?

kandaghat near chandigarh

कंडाघाट प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग माना जाता है। शिमला और मनाली की भीड़-भाड़ से दूर कंडाघाट शांत शुद्ध वातावरण के लिए भी जाना जाता है। इसलिए यहां कई पर्यटक अपनों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करने के लिए पहुंचते हैं। मानसून में कंडाघाट की हरियाली देखने लायक होती है।
कंडाघाट, पर्यटकों के बीच अपनी खूबसूरती के साथ-साथ एडवेंचर एक्टिविटी के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां जंगलों के बीच ट्रेकिंग से लेकर हाईकिंग और कैम्पिंग का मजेदार लुत्फ उठाया जा सकता है। कंडाघाट खूबसूरत पहाड़ों के बीचयादगार फोटोग्राफी भी कर सकते हैं।

कंडाघाट के आसपास घूमने की जगहें

kandaghat near chandigarh weekend trip

कंडाघाट के आसपास ऐसी कई शानदार और खूबसूरत जगहें मौजूद हैं, जहां आप घूमने के लिए पहुंचत सकते हैं। चंडीगढ़ और पंचकूला से कंडाघाट जाते हुए रास्ते में आप कालका, धरमपुर, बरोग और सोलन जैसी शानदार जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। इसके अलावा, आसपास में स्थित करोल का टिब्बा, सलोगड़, मझोल गांव और चम्बघट जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: कैंची धाम से करीब 71 किमी स्थित यह जगह पर्यटकों के लिए स्वर्ग है, आप भी घूम आएं

चंडीगढ़ और पंचकूला से कंडाघाट कैसे पहुंचें?

चंडीगढ़ और पंचकूला से कंडाघाट बस या पर्सनल गाड़ी से भी पहुंच सकते हैं। इसके लिए चंडीगढ़ या पंचकूला से कालका-शिमला रूट पर चलने बस पकड़ सकते हैं, क्योंकि कंडाघाट, कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही स्थित है। इसके अलावा, इन दोनों शहरों से सोलन के लिए डायरेक्ट बस पकड़ सकते हैं और सोलन से टैक्सी या कैब लेकर कंडाघाट पहुंच सकते हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो, तो इसे फेसबुक पर जरूर शेयर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image@expedia,chigurgaon

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।