herzindagi
serene places in india main

मन की शांति की तलाश में हैं, तो भारत के इन खूबसूरत शहरों का रुख करना न भूलें

शहर की भीड़-भाड़ से थक गई हों और सुकून और शांति से कुछ दिन रहना चाहती हैं तो भारत की इन जगहों पर जा सकती हैं। कौन-सी हैं यह शानदार जगहें आइए जानें।
Editorial
Updated:- 2021-06-15, 18:55 IST

एक बड़े शायर मोहम्मद अल्वी का शेर है 'ऐसा हंगामा न था जंगल में, शहर में आए तो डर लगता था'। यह शहर की भीड़-भाड़, शोर-शराबा ही तो है जिससे आज लोग डरने लगे हैं और जंगलों, गांवों की ओर दौड़ने लगे हैं। कॉलेज, ऑफिस और घर में बोर होने के बाद मन करता है तो किसी ऐसी जगह जाने का जहां सिर्फ सुकून ही सुकून हो। शांति से आप वहां अपने दिन बिता सकें। इस पैनडेमिक ने भी हमको एक छोटे से बॉक्स में सीमित कर रख दिया है। अगर आप मन की शांति के लिए ऐसी जगहों को ढूंढ रही हैं जो प्रकृति के करीब, शांतिपूर्ण और इस भीड़-भाड़ से दूर हों, तो आइए हम आपको ऐसे ही कुछ जगहों के बारे में बताते हैं।

अल्लेपी, केरल

kerala waterbacks alleppey

केरल अपनी वादियों, अपने बैकवॉटर्स और समुद्री तटों के लिए जाना जाता है। अल्लेपी केरल की ऐसी एक सुंदर और अद्भुत जगह है, जहां आप शांति से रह सकती हैं। पानी में चलती नाव और आसपास के जंगल, सरसराती हुई हवाएं और पानी की आवाज एक थेरेपी की तरह होती है। रिपोर्ट्स की मानें तो कहा जाता है कि यह केरल का बंदरगाह हुआ करता था। यहां सुर्योदय और सूर्यास्त देखने का अलग ही मजा है। अल्लेपी की चमकदार रेत और साफ पानी इस बीच प्रेमियों के लिए एक आदर्श जगह बनाता है।

शहीद द्वीप, अंडमान और निकोबार

shaheed dweep andaman

अंडमान का यह छोटा सा आइलैंड बेहद खूबसूरत है। यहां ऐसा लगता है जैसे जिंदगी बिल्कुल धीमी गति से, बड़ी खूबसूरती के साथ अपना सफर तय कर रही हो। हैवलॉक जो अंडमान का काफी भीड़-भाड़ वाला आईलैंड है, यह उससे अलग है। यहां नेटवर्क मिलने में भी थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन अगर आप सुकून की तलाश में हैं, तो आपके लिए यह एक प्लस पॉइंट ही होगा। आप यहां कई सारी स्पोर्ट एक्टिविटीज जैसे स्नॉर्कलिंग और जेट स्कीइंग कर सकती हैं। यहां के लोकप्रिय लक्ष्मणपुर और भरतपुर बीच में सन बाथ का लुत्फ उठा सकती हैं।

इसे भी पढ़ें :अगर पहली बार जा रही हैं विदेश तो गलती से भी ना भूलें ये चीजें

गैंगटॉक, सिक्किम

gangtok sikkim

भारत के सबसे खूबसूरत हिल-स्टेशनों में से एक है गैंगटॉक। मन की शांति और सुकून के लिए गैंगटॉक एक अच्छा विकल्प है। यहां के मनोरम दृश्य और प्राकृतिक सुंदरता आपका मन मोह लेगी। गर्मियों के मौसम में यहां का नजारा अद्भुत और सुहावना होता है। यहां की पहाड़ियों से आप माउंट कंचनजंगा को देख सकती हैं और यहां के टूरिस्ट प्लेसेस को एक्सप्लोर कर सकती हैं। यहां की मोनस्ट्री, बाजार, खानपान, पहनावा आपको सांस्कृतिक आइडेंटिटी और शहरीकरण से रूबरू करवाएगा। यहां घूमने के लिए त्सोमगो झील, बान झाकरी फॉल्स, ताशी व्यूपॉइंट, आदि कुछ विभिन्न प्राकृतिक आकर्षण हैं। इसके अलावा पॉपुलर तीस्ता नदी में आप राफ्टिंग कर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें :चलिए जानते हैं उत्तर प्रदेश में मौजूद कुछ बेहतरीन राष्ट्रीय उद्यानों के बारे में

रणथंभौर, राजस्थान

ranthambore national park

रणथंभौर नेशनल पार्क की अपनी अलग खूबसूरती है। यहां सुबह-सुबह सफारी पर घूमते हुए आप हिरणों के झुंड को नदी किनारे पानी पीते देख सकती हैं या फिर हो सकता है बंगाल टाइगर्स से आपकी भेंट हो जाए। इस यात्रा से निश्चित रूप से आप कुछ यादगार पलों को अपने साथ लेकर लौटेंगी। खूबसूरत जंगल, घाटियां इस जगह को एक शानदार पर्यटन स्थल बनाते हैं। इसके अलावा यहां का किला, गणेश त्रिणेत्र मंदिर, पदम झील का लुत्फ आप उठा सकती हैं। तरह-तरह के जानवरों, पक्षियों और विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों से घिरे इस नेशनल पार्क में प्रकृति के करीब खुद को पाकर आपको वाकई अच्छा लगेगा।

इस तरह ऐसे कितने राज्य और स्थान हैं, जो अपने शांति और सुखद वातावरण के लिए जाने जाते हैं। अगर आप भी कुछ समय के लिए प्रकृति के बीच जाना चाहें, तो इन जगहों को चुन सकती हैं। यह आर्टिकल आपको कैसा लगा हमें जरूर बताएं और ट्रैवल से जुड़ी ऐसी ही जानकारियों के लिए पढ़ती रहें हरजिंदगी।

Image Credit : Freepik images

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।