घूमने का शौकीन व्यक्ति एक दिन भी आराम से नहीं बैठ सकता है। वे घूमकर आते हैं और फिर अपनी अगली ट्रिप की प्लानिंग करने लग जाते हैं। अगर आप भी उन्हीं लोगों में से हैं, तो आपने भी अगले महीने कहां घूमने जाना है इसकी प्लानिंग करना शुरू कर दिया होगा। ऑनलाइन पैकेज देखने शुरू कर चुके होंगे। जरूरी सामान की लिस्ट, क्या पहनना है, जूते कौन-से ले जाने हैं, सब तैयार कर लिए होंगे। किस जगह जा सकते हैं, यह सोच रहे हैं, तो हमारा यह आर्टिकल जरूर पढ़ें।
हम इस आर्टिकल में आपको भारत के ऐसे कुछ खास और शानदार जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आप अपनी ट्रिप प्लान कर सकते हैं। देश के ये अलग-अलग हिस्से अपनी खूबसूरती के लिए लोकप्रिय हैं। कहीं सुंदर बगीचे हैं, तो कई स्पोर्ट एक्टिविटी करने का मजा ही अलग होता है। चलिए जानते हैं ऐसे ही कुछ 8 जगहों के बारे में।
नैनीताल
यह झीलों, तालाबों और देवताओं की भूमि है। एडवेंचर स्पोर्ट्स के दीवानों के लिए यहां वॉटर ज़ोरबिंग, पैराग्लाइडिंग और ट्रेकिंग जैसी गतिविधियां शामिल हैं। नैनी झील के पास दर्जनों कैफे हैं, जहां आप एक सुखद शाम बिता सकते हैं। आप यहां इको केव गार्डन, नैना देवी मंदिर, माल रोड, स्नोव्यू पॉइंट आदि जगहों की सैर कर सकते हैं। सितंबर क्योंकि पीक सीजन नहीं है, तो आपको यहां कुछ बेहतरीन होटलों में रियायती कीमतों पर आसानी से कमरे मिल सकते हैं। बस यहां जा रहे हैं, तो एक हल्का सा शॉल रखना न भूलें। बारिश होते ही यहां का मौसम ठंडा हो सकता है।
अमृतसर
अमृतसर, जिसे पंजाब का गहना कहा जाता है, संस्कृति और परंपरा के शानदार मिश्रण वाला शहर है। यहां कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल हैं जैसे स्वर्ण मंदिर, जलियांवाला बाग, महाराजा रणजीत सिंह म्यूजियम, खैर उद्दीन मस्जिद, पार्टिशन म्यूजियम, वाघा बॉर्डर आदि। अमृतसर में घूमने वाली जगह में शामिल हरिके वेटलैंड और पक्षी अभयारण्य उत्तर भारत का सबसे बड़ा वेटलैंड है। यहां कछुओं की 7 प्रजातियां पाई जाती हैं, इसके साथ विभिन्न पक्षियों को यहां देखा जा सकता है। अमृतसर आएं तो यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लेना न भूलें। आलू के पराठे, छोले भटूरे, शम्मी कबाब, मटन टिक्का, तंदूरी चिकन, लस्सी का मजा लेना न भूलें।
वाराणसी
वाराणसी उत्तर प्रदेश का एक पुराना शहर है, जो 11वीं शताब्दी ईसा पूर्व का है। शहर में लगभग 2,000 मंदिर हैं और इसे 'भारत की आध्यात्मिक राजधानी' के रूप में भी जाना जाता है। यहां का दशाश्वमेध घाट, तुलसी मानसा मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, मणिकर्णिका घाट, रामनगर किला और संग्रहालय, चुनार का किला, सारनाथ मंदिर, आलमगीर मस्जिद, आदि दर्शनीय स्थलों में से हैं। वाराणसी की यात्रा के लिए सितंबर और अक्टूबर वर्ष का एक महत्वपूर्ण समय है क्योंकि इन महीनों में कई धार्मिक तिथियां पड़ती हैं। पर्यटक यहां गंगा आरती सहित गंगा की रस्मों को देखने आते हैं।
श्रीनगर
अगर आप भारत में स्वर्ग तलाश रहे हैं, तो यहां आइए, ये बातें आपने लोगों को कहते सुना होगा। यह एकदम सच है। कश्मीर में घूमने के लिए कई जगहें हैं। और श्रीनगर उनमें से सबसे अच्छा है। ऐतिहासिक काल से इस शहर का महत्व रहा है। आप यहां लोकप्रिय डल झील घूम सकते हैं। यहां शिकारा हाउस बोट बहुत मशहूर हैं, जिसमें बैठकर आप झील का आनंद उठा सकते हैं। रॉयल स्प्रिंग के नाम से भी जाने जाना वाला चश्म-ए-शाही गार्डन श्रीनगर का बेहद ही सुंदर गार्डन है।
शालीमार बाग, वुलर झील, जामिया मस्जिद, परी महल, दाचीगाम नेशनल पार्क कुछ लोकप्रिय स्थलों की सैर की जा सकती है। यहां के लोकप्रिय बाजारों में लाला चौक, बादशाह चौक, पोलो व्यू मार्केट, रघुनाथ बाजार में खरीदारी की जा सकती है। यहां की वादियों की तरह यहां का खाना भी आपको खूब लुभाएगा। स्थानीय कश्मीरी व्यंजन और काहवा चाय का मजा जरूर लें।
लोनावला और खंडाला
लोनावाला और खंडाला के खूबसूरत जुड़वां शहर मुंबईकरों के लिए कोई रहस्य नहीं हैं। सुंदर नज़ारों, हरी-भरी पहाड़ियों और अच्छे मौसम के अलावा, पर्यटक यहां मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ड्राइव का आनंद लेने के लिए आते हैं। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं और शांति की तलाश में आए हैं तो यह जगह आपके लिए एकदम मुफीद है। लोनावला और खंडाला में कई सारे खूबसूरत पर्यटन स्थल हैं, जहां जाकर आप मंत्रमुग्ध हो जाएंगे। लोनावला का बुशी डैम एक प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट है। वहीं पवना झील पर आप कैंपिंग का मजा ले सकते हैं।
इसके अलावा, नारायणी धाम मंदिर, भजा गुफाएं,राजमाची पॉइंट, लोहागढ़ फोर्ट, टाइगर-लायन पॉइंट कुछ जगहों की सैर की जा सकती है। इसके अलावा लोनावाला जाने वाले सभी यात्री यहां बने वैक्स म्यूजियम जरूर जाते हैं। इस वैक्स म्यूजियम में भारत के राजनेताओं सहित कई बड़ी सेलिब्रिटीज की मूर्तियों की प्रदर्शनी लगाई गई है। ट्रेकिंग पसंद हो तो सॉसेज हिल्स जाया जा सकता है।
उदयपुर
झीलों का शहर' के रूप में विख्यात उदयपुर अपने शानदार किलों, मंदिरों, खूबसूरत झीलों, महलों, संग्रहालयों, और वन्यजीव अभयारण्यों के लिए प्रसिद्ध है। उदयपुर शानदार महलों और खूबसूरत संस्कृति से समृद्ध शहर है। यहां घूमने के लिए कई पर्यक स्थल हैं, जहां आप अपनी छुट्टियों का आनंद उठा सकते हैं। यहां स्थित पिछोला झील के किनारे बसा सिटी पैलेस राजस्थान का सबसे बड़ा महल है। यहां स्थित सज्जनगढ़ पैलेस मेवाड़ राजवंश की कहानियां सुनाता है।उदयपुर की दूसरी बड़ी झील फतेह सागर की असीम सुंदरता आपको सुकून देगी।
इसके अलावा आप यहां विंटेज कार म्यूजियम, जगदीश मंदिर,गुलाब बाग, इकलिंगजी मंदिर, बड़ा महल, अमब्रई घाट भी जा सकते हैं। खरीदारी करने के इच्छुक हों, तो हाथी पोल बाजार जाया जा सकता है। यहां आपको चर्चित ब्रैंड से लेकर स्थानीय वस्तुएं तक मिलेंगी।
इसे भी पढ़ें :अल्मोड़ा के इन प्लेसेस में घूमे बिना उत्तराखंड की ट्रिप नहीं होगी पूरी
ईटानगर
अरुणाचल प्रदेश भारत के उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित एक ऐसा खूबसूरत राज्य है जो सुरम्य पहाड़ों, झीलों और प्रसिद्ध मठों से समृद्ध है। शहर की विरासत और आदिवासी संस्कृति, जो दशकों और सदियों पुरानी है वो आज भी यहां बरकरार है। इसके अलावा, यहां का सुहाना मौसम साल भर पर्यटकों को आकर्षित करता है। ईटानगर आकर आप इंदिरा गांधी पार्क, गोम्पा मंदिर, ईटा फोर्ट, पौराणिक गंगा झील, ईटानगर वन्यजीव अभ्यारण्य, नामधापा नेशनल पार्क आदि जगहों की सैर करके अपनी यात्रा का लुत्फ उठा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें :अरुणाचल प्रदेश घूमने जाएं तो इन डेस्टिनेशन्स को विजिट करना न भूलें
अल्मोड़ा
अल्मोड़ा उत्तराखंड का एक बहुत पुराना और ऐतिहासिक शहर है। अल्मोड़ा में घूमने के लिए बहुत खूबसूरत टूरिस्ट प्लेसेस हैं। यहां नंदा देवी मंदिर, चंदवंश के समय का मल्ला महल, पटाल मार्के, पाताल देवी मंदिर, माल रोड आदि जैसी जगहों की सैर कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मेन सिटी से थोड़ी दूर, अल्मोड़ा चिड़ियाघर है, जहां कई जानवर और पक्षियों को देखा जा सकता है। चितई मंदिर अपनी लोकप्रियता का एक जीता-जागता उदाहरण है, जो पर्यटकों की आस्थाओं का प्रतिक है। यहां स्थित कटारमल देश का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण सूर्य मंदिर है। नदी किनारे पिकनिक करने का मन हो तो कौसी, बिनरस जैसी जगहों का रुख कर सकते हैं।
इन जगहों के बारे में थोड़ा बहुत जानकर आप अपनी ट्रिप प्लान कर सकते हैं। हिली एरिया में जाने से पहले कुछ गर्म कपड़े रखना न भूलें। अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे लाइक और शेयर करें। ट्रैवल से जुड़े ऐसे अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Recommended Video
Image Credit: unsplash & freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों