भारत में मुगल साम्राज्य की स्थापना के साथ ही देश की वास्तुकला में एक नया अध्याय भी जुड़ गया था। मुगल अपने साथ इस्लामिक और फारसी वास्तुकला लेकर आए थे, जो बेहद रॉयल और एलिगेंट थी। कुछ हद तक यह वास्तुकला राजपुताना शिल्पकला से मिलती-जुलती थी। आज भी आपको देश में एक नहीं अनेक नमूने मिल जाएंगे, जो मुगलों ने भारत पर अपनी छाप की तरह छोड़ रखे हैं।
इतना ही नहीं, भारतीय परिधानों, पेंटिंग्स और आर्किटेक्चर में भी आपको मुगलई वास्तुकला की झलक दिख जाएगा। यहां तक कि हाथों पर सजने वाली मेहंदी में भी मुगलई डिजाइंस को बहुत पसंद किया जाता है। आज हम आपको इस लेख के जरिए कुछ ऐसे ही मेहंदी डिजाइन के नमूने दिखाएंगे, जो मुगलई आर्ट को दर्शाते हैं।
मेहराब और मोर मेहंदी डिजाइन
इस तस्वीर में आप जो मेहंदी डिजाइन देख रहे हैं, उसमें आपकाे मेहराब और नुकीला गुंबद वाला दरवाजा नजर आ रहा होगा। अगर आप भारत में मौजूद मुगलों की किसी किले को देख लेंगे, तो डिजाइन आपको वहां भी देखने को मिलेंगी। मेहराब मुगल आर्किटेक्चर में घर-मकान, किलों के सुंदरीकरण के लिए बनाई जाती थीं। इनके अंदर कहीं झरोखे होते थे, तो कहीं पेंटिंग्स रखी जाती थीं। मेहंदी में मेहराब डिजाइन आप कई तरह से बना सकती हैं। इसके साथ ही मोर की खूबसूरत डिजाइन मेहराब के अंदर पेंटिंग जैसी प्रतीत हो रही है।
छतरी और बाग मेहंदी डिजाइन
छतरी आपको राजपूतों और मुगलों दोनों की वास्तुकला की याद दिलाती हैं। आपको राजस्थान में अनेक राजपुताना परिवारों की छतरी देखने को मिल जाएंगी। हालांकि, राजपूतों में छतरियां समशान का प्रतिनिधित्व करती हैं और मुगलों में यह किलों और महलों की छतों को खूबसूरत बनाने के लिए बनाई जाती थीं। इन्हें भी आप मेहंदी डिजाइन में शामिल कर सकती हैं। छतरी के साथ आप बाग-बगीचे का दृश्य भी हथेली पर बना सकती हैं। साथ ही हाथों की उंगलियों में खूबसूरत पच्चीकारी डिजाइन बना कर मेहंदी को कंप्लीट कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें-Jharokha Mehndi Designs Pics: हाथों की मेहंदी में बनाएं झरोखों के ये डिजाइंस, देखें तस्वीरें
हाथी की बग्गी मेहंदी डिजाइन
हाथी की बग्गी आपको राजपूतों एवं मुगलों की सवारियों में देखने को मिल जाएंगी। इन बग्गियों में हाथी की सजावट देखने ही लायक होती थी। बग्गी पर राजा बैठता था और नगर की सैर करता था। अब यह दृश्य एक ख्वाब ही है। अक्सर हम बात करते हैं कि सपनों का राजकुमार घोड़े पर आता है, मगर आप किसी शहजादे को हाथी की बग्गी में आता देखना चाहती हैं, तो वह दृश्य शायद ऐसा ही होगा जैसा ऊपर दिखाई गई मेहंदी डिजाइन में नजर आ रहा है।
झरोखे और ब्लॉक मेहंदी आर्ट
झरोखे और ब्लॉक मेहंदी आर्ट के बारे में हम आपको पहले भी बता चुके हैं। भारतीय वास्तुकला में आपको ब्लॉक आर्ट खूब देखने को मिलेगी। पहले घर-मकार और किलों में रंग-रोगन नहीं होता था, मगर अलंकृत नक्काशी और बेमिसाल पच्चीकारी की बदौलत दीवारों और छतों को सजाया जाता था। अब आपको यह सब केवल या तो ऐतिहासिक किलों और महलों में देखने को मिलेगा या फिर मेहंदी डिजाइन में।
राजा-रानी मेहंदी डिजाइन
राजा-रानी के आपने अनेकों कहानियां सुनी होंगी, मगर कुछ कहानियां आप मेहंदी डिजाइन में भी गढ़ सकती हैं। किसी हुनरमंद मेहंदी आर्टिस्ट आप राज-रानी की प्रेम कहानी का कोई दृश्य अपनी हथेली पर भी बनवा सकती हैं। खासतौर पर आप यदि अपने पार्टनर से प्यार जाहिर करना चाहती हैं, तो इस तरह की मेहंदी आर्ट से आप उनके दिल को जीत सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें- Keri Mehndi Designs: 5 तरीके से मेहंदी में बनाएं कैरी डिजाइन, देखते रह जाएंगे लोग
मेहराब का जाल मेहंदी डिजाइन
दरवाज़े के ऊपर बना अर्धमंडलाकार जो भाग होता है, उसे मेहराब कहा गया है। मुगलकालीन किलों और महलों में आपको यह खूब देखने को मिल जाएंगे। इन्हें आप मेहंदी डिजाइन का हिस्सा भी बना सकती हैं। ऊपर दिखाई गई मेहंदी डिजाइन में आप इसे देख सकती हैं। इसके अंदर आप खूबसूरत पतली-पतली आड़ी-तिरछी रेखाएं और डॉट्स बनाकर मेहंदी डिजाइन को पूरा कर सकती हैं।
जाल और पच्चीकारी मेहंदी डिजाइन
जाल और पच्चीकारी दोनों ही मुगलों की वास्तुकला का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। आपको मेहंदी में भी यह देखने को मिल जाएगा। जाल मेहंदी डिजाइन में आपको बहुत सारी वैरायटी देखने को मिलेगी और पच्चीकारी में मुख्यतः फूलों की डिजाइन को शामिल किया जाता है। आप इस तरह की मेहंदी का एक नमूना ऊपर दिखाई गई तस्वीर में देख सकती हैं।
नक्काशी और पच्चीकारी मेहंदी डिजाइन
नक्काशी का काम भी मुगल ही अपने साथ लेकर आए थे। आपको मुगलई नक्काशी में बारीक और महीन डिजाइन ज्यादा देखने को मिलती हैं। हालांकि, नक्काशी जिसे अंग्रेजी में कार्विंग कहा गया है, उसे आप राजपुताना महलों में भी देख सकते हैं। हिंदू मंदिरों में भी आपको ब्लॉक आर्ट में महीन नक्काशी देखने को मिल जाएगी। आप जाल और पच्चीकारी डिजाइंस को मेहंदी में भी शामिल करके उन्हें यूनिक लुक दे सकती हैं।
नक्काशीदार मेहंदी डिजाइन
मुगल वास्तुकला में नक्काशी का क्या महत्व है यह तो हम आपको पहले ही बता चुके हैं। आप इसे हू-ब-हू तो नहीं, मगर इसकी मिलती-जुलती डिजाइन की झलक मेंहदी से अपनी हथेलियों पर उकेर सकती हैं। ऊपर दिखाई गई तस्वीर से आप इस तरह की मेहंदी लगाने का आइडिया ले सकती हैं।
नुकीले गुंबद वाली मेहंदी डिजाइन
इस्लामिक घर मकानों में आपने नुकीले गुंबद देखे होंगे। इन्हें इस्लाम धर्म में पवित्र माना गया है। दिखने में भी यह बेहद कलात्मक लगते हैं। आप मेहंदी में भी इस तरह के गुंबद बना सकती हैं और फिर उन्हें अन्य डिजाइन से सजा संवार सकती हैं।
मुगलई जालीदार मेहंदी डिजाइन
मुगलाई जाल महीन और चौड़े दोनों ही तरह के बनावट वाले होते हैं। आप इन्हें मेहंदी में भी तरह-तरह की डिजाइन के साथ जोड़कर बना सकती हैं। ऊपर तस्वीर में दिखाई गई डिजाइंस इसका एक अच्छा उदाहरण है।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें
Image Credit Main- Ayeshaa Henna/Instagram,Rang-e-Henna by Bismah/Instagram, Rahul mehandi artist/Instagram
Image Credit Inside- 1-4 inside image sonamistry_mehandi/Instagram, 5-6 inside image Tulsi mehandi/Instagram, 7-9 inside images Kp Mehandi Art ( Kamal Prajapati)/Instagram, 10-11 inside image mehreenshenna/Mehreen Ghulam Ali/Instagram
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों