Sun Feb 15, 2026 | Updated 10:12 AM IST
surya gochar sun transit

Makar Sankranti 2026 Surya Gochar: सूर्य के मकर राशि में गोचर से इन 3 राशियों को रहना होगा सतर्क, जीवन में मच सकती है उथल-पुथल

सूर्य का गोचर सभीराशि के जातकों के जीवन में अलग-अलग संकेत लेकर आ रहा है। कुछ राशियों के लिए यह परिवर्तन शुभ और लाभकारी सिद्ध होगा, वहीं कुछ राशियों को इसके नकारात्मक प्रभावों का सामना भी करना पड़ सकता है। आइए यहां विस्तार से जानते हैं, सूर्य गोचर का सभी राशियों पर क्या असर पड़ेगा?
Editorial
Updated:- 2026-01-14, 17:49 IST

किसी भी ग्रह का गोचर जब 12 में से किसी भी राशि में होता है तब जीवन में कुछ न कुछ बदलाव जरूर आते हैं। ऐसे ही सूर्य हर महीने में एक बार किसी न किसी राशि में प्रवेश करते हैं और उसका प्रभाव अन्य राशियों पर पड़ता है। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, सूर्य एक राशि से निकलकर दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं, तो उस घटना को संक्रांति कहा जाता है। सूर्य हर महीने अपनी राशि बदलते हैं और इसी कारण एक वर्ष में कुल 12 संक्रांतियां होती हैं। उदाहरण के लिए जब सूर्य का गोचर मेष राशि में होता है तब इसे मेष संक्रांति, वृषभ में गोचर को वृषभ संक्रांति और क्रमशः मकर राशि में प्रवेश करने को मकर संक्रांति कहा जाता है। इन 12 संक्रांतियों में मकर संक्रांति और कर्क संक्रांति को सबसे अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण हो जाते हैं और कर्क संक्रांति होती है जब सूर्य मध्य जनवरी में मकर राशि में प्रवेश करते हैं, जबकि कर्क संक्रांति मध्य जुलाई में आती है और इस दिन सूर्य देव दक्षिणायन हो जाते हैं। ऐसे में मकर संक्रांति के दिन से अग्नि तत्व और कर्क संक्रांति से जल तत्व का प्रभाव बढ़ता है। इस साल सूर्य का गोचर मकर राशि में 14 जनवरी को दोपहर के बाद होने जा रहा है। इस गोचर का कुछ राशियों पर नकारात्मक प्रभाव भी हो सकता है और उन्हें ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें उन राशियों के बारे में।

सूर्य का गोचर मकर राशि में कब हो रहा है?

इस साल यानि 2026 में सूर्य का गोचर धनु राशि से मकर राशि में 14 जनवरी को हो रहा है। इसी समय से सूर्य उत्तरायण हो जाएंगे।
सूर्य देव 14 जनवरी को दोपहर लगभग 3:13 बजे मकर राशि में प्रवेश करेंगे। चूंकि सूर्यास्त से पहले सूर्य का गोचर हो रहा है, इसलिए शास्त्रों के अनुसार,कई स्थानों पर मकर संक्रांति भी इसी दिन मनाई जाएगी। हालांकि, इसी दिन षटतिला एकादशी का संयोग भी है और एकादशी के दिन चावल का दान और भोग वर्जित होने के कारण मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को मनाना ही शुभ होगा। सूर्य के इस गोचर से कई राशियों पर प्रभाव पड़ने वाला है।

यह भी पढ़ें- Makar Sankranti 2026: कब मनाई जाएगी मकर संक्रांति? जानें सही तिथि, खिचड़ी खाने का महत्व और सूर्य देव के उत्तरायण होने का रहस्य

surya gochar ka prabhav

सूर्य गोचर का राशियों पर प्रभाव

सूर्य का गोचर राशियों पर मिले-जुले संकेत दे रहा है। जहां कुछ राशियों पर इसका सकारात्मक प्रभाव होगा, वहीं कुछ राशियों पर नकारात्मक प्रभाव भी हो सकता है।

वृषभ, कर्क, कन्या, धनु और मकर राशि

ये 5 राशियां ऐसी हैं जिनके ऊपर सूर्य के मकर राशि में गोचर का मिला-जुला असर दिखाई देगा। इस अवधि में आपको अपने करियर और आर्थिक मामलों में संतुलन बनाए रखने की जरूरत होगी। आपकी नौकरी सामान्य रहेगी, लेकिन जल्दबाजी में कोई भी बड़ा निर्णय लेने से बचें। अगर आपने कोई निर्णय बिना सोचे-समझे लिया तो इसका आपके जीवन पर नकारात्मक प्रभाव हो सकता है। सूर्य का मकर राशि में गोचर आपके जीवन में औसत रूप से प्रभाव डालेगा, क्योंकि इस दौरान आपको कोई बड़े लाभ नहीं होंगे, लेकिन किसी तरह के बड़े नुकसान के संकेत भी नहीं हैं।

मेष, सिंह, वृश्चिक और मीन राशि

ये ऐसी राशियां हैं जिनके लिए सूर्य का मकर राशि पर गोचर ज्यादा लाभदायक हो सकता है। इन राशियों के लिए सूर्य का गोचर अनुकूल रहेगा और आपके रुके हुए काम पूरे होंगे। इस गोचर के प्रभाव से आपके करियर में प्रगति होगी और अगर आप किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं तो आपको उसमें भी सुधार के संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान आपके पुराने विवाद सुलझ सकते हैं और आपको पुराने कर्जों से मुक्ति मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- Surya Uttarayan 2026: मकर संक्रांति से हो रहे हैं सूर्यदेव उत्तरायण, इन 4 राशियों के जीवन में आ सकता है बड़ा बदलाव

surya gochar effects on zodiac signs

इन 3 राशियों को रहना होगा सतर्क

मिथुन, तुला और कुंभ ऐसी राशियां हैं जिनके लिए सूर्य का मकर राशि में गोचर चुनौतीभरा हो सकता है। इस दौरान आपकी सेहत में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। आपको करियर से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इस गोचर के प्रभाव से आपको नौकरी में भी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और यदि आप व्यापार में हैं तो आपको घाटे हो सकते हैं, इसलिए कोई भी निर्णय बहुत ज्यादा सोच समझकर लेने की आवश्यकता है। इनमें से कुंभ राशि में शनि की साढ़े साती का आखिरी चरण भी चल रहा है और सूर्य के गोचर का इनके ऊपर नकारात्मक प्रभाव हो सकता है। इन तीन राशियों के जीवन में मानसिक तनाव बढ़ सकता है, इसलिए सोच-समझकर ही फैसले लें।
उपाय- किसी भी समस्या के समाधान के रूप में आप नियमित रूप से सूर्य को जल दें। चूंकि यह साल भी सूर्य का है, इसलिए इस दौरान सूर्य को अर्घ्य देना आपके लिए लाभकारी हो सकता है।

आप भी अपनी राशि के अनुसार सूर्य गोचर के प्रभाव के बारे में जान सकती हैं और आने वाले समय को उत्तम बनाने के लिए सही उपायों को आजमा सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Shutterstock.com 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।

;