
नए साल की शुरुआत केवल कैलेंडर बदलने का काम नहीं है बल्कि यह अपने जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, नई उम्मीदों और संकल्पों को आमंत्रित करने का एक पावन अवसर है। हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य या नए समय की शुरुआत देवी-देवताओं के स्मरण और मंत्रोच्चार के साथ करने की परंपरा रही है। माना जाता है कि मंत्रों में वह शक्ति होती है जो हमारे आसपास के वातावरण और मन की नकारात्मकता को दूर कर उसे ब्रह्मांड की दिव्य ऊर्जा से जोड़ देती है। साल के पहले दिन श्रद्धापूर्वक किए गए मंत्र जाप से न केवल मानसिक शांति मिलती है बल्कि पूरे वर्ष सुख, समृद्धि और सौभाग्य का मार्ग भी प्रशस्त होता है। ऐसे में वृंदावन के ज्योतिषाचार्य राधाकांत वत्स से आइये जानते हैं साल 2026 के पहले दिन किन मंत्रों का जाप करें?
किसी भी नए कार्य या नए साल की शुरुआत विघ्नहर्ता भगवान गणेश की आराधना के बिना अधूरी मानी जाती है। साल के पहले दिन 'ॐ गं गणपतये नमः' या 'वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ। निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा॥' मंत्र का जाप करना चाहिए। यह मंत्र जीवन से सभी बाधाओं को हटाकर कार्यों में सफलता और बुद्धि प्रदान करता है। इससे साल भर आने वाली रुकावटें दूर होती हैं।

आर्थिक संपन्नता और घर में बरकत के लिए माता लक्ष्मी और जगत के पालनहार भगवान विष्णु का ध्यान करना अत्यंत फलदायी है। नए साल पर 'ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्म्यै नमः' अथवा सरल मंत्र 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' का जाप करें। यह मंत्र घर में अन्न और धन के भंडार भरे रखता है और परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और तालमेल बनाए रखता है।
यह भी पढ़ें: Surya Mangal Yuti 2026: सूर्य और मंगल की युति से शुरू हो रहा है नया साल, इन राशियों को होगा जबरदस्त फायदा
उत्तम स्वास्थ्य और अकाल मृत्यु के भय से मुक्ति के लिए भगवान शिव का महामृत्युंजय मंत्र सबसे शक्तिशाली माना जाता है। 'ॐ त्रयम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥' का जाप करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनता है। नए साल के पहले दिन इस मंत्र के जाप से पुराने रोगों में सुधार होता है और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है।

अगर आप चाहते हैं कि पूरे वर्ष आपकी बुद्धि सही दिशा में कार्य करे और आप सही निर्णय ले सकें तो गायत्री मंत्र का जाप अनिवार्य है। 'ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्॥' यह मंत्र एकाग्रता बढ़ाता है और विद्यार्थियों व कामकाजी लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है। सूर्योदय के समय इस मंत्र का जाप करने से आत्मविश्वास में अपार वृद्धि होती है।
यह भी पढ़ें: Amavasya List 2026: जनवरी से दिसंबर तक कब-कब है अमावस्या? पंडित जी से जानें सभी तिथियों के शुभ मुहूर्त
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image credit: herzindagi
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।