आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को संभालने की कोशिश में मानसिक तनाव, चिंता और बेचैनी होना आम बात हो गई है। आज के डिजिटल जमाने में लोगों के पास खुद के लिए समय ही नहीं है, जिसकी वजह से लोग मन को शांत रखने के लिए थेरेपी लेते हैं।
लेकिन, अगर आपके पास थेरेपी के लिए पैसे नहीं हैं और आपको मानसिक शांति चाहिए, तो आपको प्राचीन हिंदू ग्रंथों की तरफ देखना चाहिए। हिंदू धर्म दुनिया के सबसे पुराने धर्मों में से एक है और यहां हजारों वेद-पुराण और ग्रंथ मौजूद हैं, जिनमें लिखे हुए मंत्र आपके शरीर ही नहीं बल्कि मन और आत्मा को भी शांति दे सकते हैं। आज हम आपको इस आर्टिकल में 5 ऐसे हिंदू मंत्रों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
ओम (ॐ) शब्द सबसे पवित्र है जिसे ब्रह्मांड की पहली और मूल ध्वनि माना जाता है। हिंदू धर्म में हर मंत्र की शुरुआत ओम से होती है। कहा जाता है कि ओम में पूरी सृष्टि की ऊर्जा और शक्ति समाई हुई है। जब आप ओम बोलते हैं, तो एक वाइब्रेशन पैदा होता है, जो शरीर और दिमाग़ को छूता है। रोजाना ओम मंत्र का जाप करने से मन शांत रहता है और तनाव कम होता है। मन के अंदर सकारात्मक ऊर्जा पैदा होती है और एकाग्रता बढ़ती है।
आपको रोजाना आराम से बैठकर आंखें बंद करके धीरे-धीरे गहरी सांस लेते हुए ओम का उच्चारण करना चाहिए। मंत्र बोलते समय आवाज पेट से शुरू हो और सिर पर कंपन महसूस होना चाहिए। आप चाहें तो इसे दिन में करीब 5 से 10 बार दोहरा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- Mantra Significance: इन मंत्रों को लिखकर जपने से मिलते हैं कई लाभ, जानें नियम
ॐ भूर्भुवः स्वः
तत्सवितुर्वरेण्यम्
भर्गो देवस्य धीमहि
धियो यो नः प्रचोदयात्
इस मंत्र का मतलब है कि हम उस दिव्य शक्ति का ध्यान करते हैं, जो सृष्टि को बनाती है। वह शक्ति हमारी बुद्धि को सही रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करें।
यह मंत्र ऋग्वेद से लिया गया है और इसे हिंदू धर्म में सबसे पवित्र मंत्र माना जाता है। यह मंत्र हमें अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाता है। गायत्री मंत्र को रोजाना करने से बुद्धि तेज होती है और रचनात्मक सोच बढ़ती है। मन की उलझन, डर और निराशा खत्म हो जाती है। यह मंत्र हमें खुद को समझने में मदद करता है। अगर आपका मन अशांत रहता है और बहुत सारे विचार आते हैं, तो यह मंत्र मन में ठहराव लाने में मदद करता है।
सुबह नहाने के बाद, सूर्योदय के समय गायत्री मंत्र का जाप करना बढ़िया रहता है। आपको एक शांत और साफ-सुथरी जगह पर बैठकर मंत्र का जाप करना चाहिए। पहले धीरे-धीरे गहरी सांस लें और फिर आंखें बंद करके पूरे ध्यान से मंत्र का जाप करें। आप शुरुआत में 3 बार जाप करें और धीरे-धीरे इसकी गिनती बढ़ा सकते हैं।
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे
सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्
उर्वारुकमिव बन्धनान्
मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्
इस मंत्र का मतलब है कि जिनकी तीन आंखें हैं, जो जीवन को बढ़ाते हैं और सभी जीवों की रक्षा करते हैं। हम उनसे प्रार्थना करते हैं कि वे हमें मृत्यु और दुख के बंधन से आजाद करें।
यह मंत्र ऋग्वेद से लिया गया है और इसे मृत्यु पर विजय पाने वाला माना जाता है। यह मंत्र भगवान शिव को समर्पित है और इसका जाप तब किया जाता है, जब जीवन में किसी तरह का कष्ट, संकट, बीमारी, दुर्घटना या डर का सामना हो रहा हो। महामृत्युंजय मंत्र केवल शारीरिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि भावनात्मक, मानसिक और आध्यात्मिक शक्ति भी देता है।
आप सुबह या शाम को कभी भी इस मंत्र का जाप कर सकते हैं। इसके लिए शांत जगह पर बैठकर, आंखें बंद करके, गहरी सांस लेते हुए धीरे-धीरे महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए। शुरुआत में आप 9 बार इसे बोल सकते हैं। फिर धीरे-धीरे 21, 51 और 108 बार कर सकते हैं।
ॐ सर्वे भवन्तु सुखिनः
सर्वे सन्तु निरामयाः
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु
मा कश्चिद् दुख भाग भवेत्
ॐ शांति शांति शांति
इस मंत्र का मतलब है कि सभी लोग सुखी रहें, स्वस्थ रहें, सभी को जीवन में अच्छाई देखने को मिले। कोई भी इंसान दुखी न हो। आखिर में हम तीन बार शांति कहते हैं, जो शरीर, मन और आत्मा तीनों में संतुलन की कामना है।
इसे भी पढ़ें- घर से निकलने से पहले किन मंत्रों का जाप करने से कार्यों में मिल सकती है सफलता
एक शांत जगह पर आराम से बैठ जाएं और आंखें बंद करके गहरी सांस लें। मंत्र को आप सुबह या शाम के समय धीरे-धीरे बोलें। जब 'ॐ शांति शांति शांति' कहें, तो ध्यान रखें कि आप शांति पहले अपने अंदर, फिर आस-पास और फिर पूरे संसार में भेज रहे हैं।
हरे कृष्ण हरे कृष्ण
कृष्ण कृष्ण हरे हरे
हरे राम हरे राम
राम राम हरे हरे
इस मंत्र का मतलब है कि हम भगवान कृष्ण और भगवान राम को पुकारते हैं। उनसे प्रार्थना करते हैं कि हे प्रभु, मुझे अपने प्रेम और चेतना से जोड़ लें।
आप चाहें तो जप माला (108 मनकों वाली) लेकर 108 बार जाप कर सकते हैं। आप इस मंत्र का जाप सुबह उठने के बाद और रात में सोने से पहले कर सकते हैं।
हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit - freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।