herzindagi
Delhi Police SWAT commando murder

दिल्ली पुलिस की SWAT कमांडो काजल कौन थीं? दहेज के लिए पति ने ले ली जान और फिर साले से फोन पर कहा...

Delhi Kajal Dowry Case News: दिल्ली पुलिस में SWAT कमांडो के पद पर तैनात 27 वर्षीय काजल की उनके पति ने ही बेरहमी से हत्या कर दी। काजल पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही थीं, लेकिन आखिर में वो ये लड़ाई हार गईं। हत्या के वक्त काजल 4 महीने की गर्भवती थी। दहेज का दानव एक बार फिर से एक बेटी की जिंदगी लील गया, हर बार की तरह सवाल-जवाब होंगे, शायद आरोपी को सजा भी मिल जाए, लेकिन क्या कभी दहेज की ये भूख खत्म हो पाएगी, इसका जवाब शायद नहीं मिल पाएगा।
Editorial
Updated:- 2026-01-30, 12:42 IST

देश की राजधानी दिल्ली से एक झकझोर कर रख देने वाला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली पुलिस में SWAT कमांडो काजल की उनके पति ने दहेज के लिए हत्या कर दी। काजल के लालची पति अंकुर ने लोहे के डंबल से वार करके काजल की जान ले ली। काजल 4 महीने की गर्भवती थीं और 22 जनवरी की रात काजल के पति ने उस पर जानलेवा हमला किया। पिछले कुछ दिनों से जाबांज कमांडो अस्पताल में जिंदगी की लड़ाई लड़ रही थी, लेकिन आखिरकार वो ये जंग हार गईं। काजल की मौत ने एक बार फिर वही सवाल खड़े कर दिए हैं, जो गाहे-बगाहे तब उठते हैं, जब कोई बेटी दहेज की आग में जल जाती है। अफसोस की बात ये है कि इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, सिर्फ जगह, पीड़िता और आरोपी बदल रहे हैं, लेकिन दहेज का दानव आज भी न जाने कितनी ही लड़कियों की जिंदगी को खत्म कर रहा है। चलिए आपको बताते हैं क्या है ये पूरा मामला और कौन थीं SWAT कमांडो काजल?

SWAT कमांडो काजल कौन थीं?

who was delhi swat commando kajal killed by husband over dowry demand
काजल, सोनीपत के गनौर के एक गांव की रहने वाली थीं। साल 2022 में कड़ी मेहनत, जोश और जज्बे के दम पर वो दिल्ली पुलिस में भर्ती हुईं और अपने हौंसले के दम पर स्पेशल सेल की SWAT यूनिट की कमांडो बनीं। काजल ने एक गांव से दिल्ली पुलिस में SWAT कमांडो के पद तक का सफर काफी संघर्ष और मेहनत से तय किया। अफसोस की बात है कि जाबांज काजल खुद को ही नहीं बचा पाईं और अपने ही घर में हिंसा का शिकार हो गईं। काजल और अंकुर की मुलाकात 2022 में हुई थी। इसके बाद दोनों में प्यार बढ़ा और इन्होंने शादी कर ली। शादी के वक्त दोनों ही सरकारी महकमे में अच्छे पदों पर थे। काजल दिल्ली पुलिस की कमांडो और अंकुर, रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के तौर पर काम कर रहे थे।

काजल के साथ क्या हुआ?

दिल्ली पुलिस में 'SWAT कमांडो' के पद पर तैनात 27 वर्षीय कमांडो काजल पर उसके पति ने हमला किया और उसकी जान ले ली। दोनों ने साल 2023 में शादी की थी। काजल के परिजन बताते हैं कि शादी के 15 दिन बाद से ही काजल के पति अंकुर और ससुरालवालों ने इसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। काजल से गाड़ी और पैसों की मांग की जा रही थी और इसके लिए उसे शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। काजल चुपचाप सब कुछ सह रही थी और फिर 22 जनवरी की रात को अंकुर ने पहले काजल का सिर घर के दरवाजे की चौखट पर मारा और फिर लोहे के डंबल से उसके सिर पर वार किया। इसी रात काजल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया और 27 जनवरी 2026 को काजल जिंदगी की जंग हार गईं। परिजनों का आरोप है कि अंकुर ने काजल के पति को फोन करके कहा था- "मैंने काजल को मार दिया है, आकर उसकी लाश ले जाओ।" फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें- मंगल पर बस्ती बसाने के सपने...लेकिन रात को अकेले घर लौटने वाली लड़की के लिए आज भी सुरक्षा एक सवाल? खैर, आजादी मुबारक!

आखिर कब खत्म होगा दहेज का लालच?

who was delhi swat commando kajal
ये सब सुनकर और पढ़कर दिमाग चकरा जाता है...यकीन मानिए ऐसी खबरें लिखते वक्त मेरे हाथ कभी-कभी सुन्न हो जाते हैं। मैं समझ नहीं पाती हूं कि आखिर कैसे कोई ऐसा कर सकता है...जिस पत्नी का जिंदगी भर साथ देने की कसमें खाई थीं, जिसके हर सुख-दुख में साथ देने का वादा किया था, उसी की जान ले लेना वो भी दहेज के लिए, अपने अजन्मे बच्चे को मार देना.... क्या वाकई ऐसे लोगों को इंसान कहलाने का हक है? अगर मुझसे पूछा जाए, तो बिल्कुल नहीं।

 

यह भी पढ़ें- 'जब बेटी को मारा जा रहा था, तब क्यों नहीं गए पुलिस के पास?', पूर्व आईपीएस किरण बेदी ने उठाए निक्की मर्डर केस पर सवाल...कहा दहेज की भूख का नहीं है कोई अंत

 

काजल, निक्की और इससे पहले भी न जाने कितने ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां बेटियां दहेज की बलि चढ़ी हैं और मुझे ये लिखते हुए बेहद शर्म और अफसोस हो रहा है कि आगे भी इस तरह के मामले सामने आते रहेंगे, क्योंकि बेशक हम पढ़े-लिखे समाज का हिस्सा होने का दावा करते हैं, लेकिन आज भी महिलाओं को पुरुषों के बराबर न समझना, दहेज के लिए प्रताड़ित करना और घरेलू हिंसा समेत न जाने कितने ऐसे कलंक हैं, जो हमारा पीछा नहीं छोड़ रहे हैं या शायद जिन्हें हम खुद ही अपने आप से अलग नहीं करना चाहते हैं।

 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।