आमतौर पर भारत में घर या प्रॉपर्टी खरीदने के लिए आप होम लोन लेते हैं और यह लोन बैंक से आसानी से मिल भी जाता है। होम लोन लेने के बाद, आपको हर महीने EMI चुकानी पड़ती है, जिसकी वजह से आप पर वित्तीय बोझ ज्यादा नहीं पड़ता है। लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि हमारे देश की सीमा पर तैनात सैनिकों के परिवार को अगर घर या प्रॉपर्टी खरीदनी होती है, तो उन्हें होम लोन कैसे मिलता है? आपको बता दें कि भारतीय सेना के सैनिकों के लिए एक अलग और खास होम लोन की सुविधा सरकार उपलब्ध कराती है, जिसे AGIF (आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड) होम लोन कहते हैं।
यह होम लोन स्कीम भारतीय सेना के जवानों, जूनियर कमीशन अधिकारियों (JCO) और ऑफिसर्स के लिए खास तौर पर डिजायन की गई है। इसका उद्देश्य सैनिकों को कम ब्याज दरों और आसान शर्तों पर घर खरीदने, बनवाने और रेनोवेशन करवाने में मदद प्रदान करना है। AGIF असल में भारतीय सेना द्वारा संचालित एक बीमा कंपनी है, जो न केवल जीवन बीमा जैसी सुविधाएं देती है, बल्कि सैनिकों को घर खरीदने के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान करती है। इस स्कीम के लिए जवानों को कम से कम 5 साल तक सेना में काम करना जरूरी होता है।
आज हम इस आर्टिकल में बताने वाले हैं कि AGIF होम लोन कैसे लिया जा सकता है, इसके लिए कौन पात्र है, कितनी राशि मिलती है और ब्याज दर क्या है।
AGIF होम लोन क्या होता है?
भारतीय सैनिकों के लिए घर या प्रॉपर्टी खरीदने के लिए AGIF होम लोन की सुविधा दी गई है। यह लोन Army Group Insurance Fund (AGIF) के जरिए दिया जाता है। इस लोन की मदद से सेना के जवान अपना घर खरीद सकते हैं, बनवा सकते हैं और पुराने घर की मरम्मत भी करवा सकते हैं। आपको बता दें कि इस योजना के तहत लोन सैनिक के कार्यकाल, पोस्टिंग की जगह और पारिवारिक जिम्मेदारियों को देखकर और समझकर मिलता है।
AGIF होम लोन के लिए कौन-कौन लोग अप्लाई कर सकते हैं?
- अगर कोई सैनिक या अफसर होम लोन लेना चाहता है, तो कम से कम सेना में 5 साल तक कार्यरत होना जरूरी है।
- AGIF होम लोन अफसर, JCO और सिपाही सभी के लिए योग्य होता है।
- हालांकि, रिटोरियल आर्मी (TA) और आर्मी पोस्टल सर्विस (APS) के लोग इसके लिए पात्र नहीं हैं।
- यह लोन केवल उन्हें ही मिलता है, जो भारतीय सेना में अभी भी सेवा प्रदान कर रहे हैं।
- अगर आप कोई घर या प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं, तो उस घर की उम्र 10 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आपकी रैंक के हिसाब से कितना लोन मिलेगा?
AGIF होम लोन में हर रैंक के जवान को अलग-अलग राशि तक लोन मिलने की सुविधा है। आपकी पोस्ट और जरूरत के हिसाब से रकम तय होती है।
- भारतीय सेना में कार्यरत ऑफिसर्स को 80 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है।
- जूनियर कमीशन्ड ऑफिसर को 35 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है।
- सिपाही जैसी पोस्ट वालों को 30 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है।
AGIF होम लोन के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स लगते हैं?
- प्रॉपर्टी की तस्वीरें
- नगर निगम या पंचायत द्वारा पास हो चुकी बिल्डिंग प्लान की कॉपी
- रजिस्ट्री या सेल डीड की कॉपी
- अगर आप घर की मरम्मत करवा रहे हैं, तो लोकल अथॉरिटी से NOC बनवाना जरूरी है।
- कितना खर्च करेंगे इसके लिए आपको एक बजट बनाकर देना होगा।
- अगर आपको AGIF होम लोन से कम रकम मिली है और आपने खुद से पैसे भी लगाएं हैं, तो उसका सबूत देना होगा।
इसे भी पढ़ें- भारतीय सेना में कैसे बनते हैं अफसर? जानें एनडीए में कितनी रैंक, कौन सा कोर्स... यहां समझें पूरा गणित
AGIF होम लोन के लिए कैसे करें आवेदन?
- अगर सैनिकों को AGIF होम लोन लेना है, तो सबसे पहले आपको AGIF का होम लोन एप्लिकेशन फॉर्म लेकर भरना होगा। यह फॉर्म दिल्ली में मौजूद AGIF के मुख्य ऑफिस से मिल जाएगा।
- फॉर्म के साथ आपको सभी जरूर डॉक्यूमेंट्स को लगाना होगा।
- अब, एप्लीकेशन फॉर्म को भरकर और डॉक्यूमेंट्स को लगाकर AGIF ऑफिस में जमा करना होगा।
- अगर आपका लोन पास हो जाता है, तो आपको पूरी रकम एक साथ नहीं मिलेगी। यह रकम 3 किश्तों में मिलेगी।
हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों