
बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर इन दिनों चर्चा में हैं और सबसे कमाल की बात ये है कि अपनी किसी फिल्म, ड्रेसिंग सेंस या स्टेटमेंट को लेकर सुर्खियों में नहीं हैं, बल्कि इस बार चर्चा का विषय है-एक्ट्रेस का बेबी बंप। अब आप सोच रही होंगी कि इसमें चर्चा का विषय क्या है...सोनम प्रेग्नेंट हैं, जल्द ही दूसरी बार मां बनने वाली हैं, तो बेबी बंप तो बड़ी नेचुरल सी बात है! बात बेशक नेचुरल है, लेकिन सोनम कपूर के बेबी बंप दिखाने पर हंगामा हो गया है। ट्रोलर्स गैंग सुपरएक्टिव हो गई, समाज ने वो महिलाओं को जज करने वाला चश्मा पहन लिया और ऑनलाइन मौजूद ज्ञानचंद और टीका-टिप्पणी करने वाले अंकल-आंटी अपनी ज्ञान की दुकान खोलकर एक्ट्रेस को 'शर्म का पाठ' पढ़ाने में लग गए हालांकि, बॉलीवुड दीवा सोनम को बेशक इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता और वो अपने कॉन्फिडेंट अंदाज में बेबाकी के साथ अक्सर लोगों का मुंह बंद करती नजर आती हैं, लेकिन इस वाकये से मेरे दिमाग में सवालों की उथल-पुथल शुरू हो गई और मैं सोचने लगी कि आखिर इसमें गलत क्या है...आखिर ये इतना हंगामा क्यों बरपा है?
View this post on Instagram
सोनम कपूर हाल ही में मुंबई में स्पॉट हुईं। व्हाइट ड्रेस में एक्ट्रेस बहुत खूबसूरत लग रही थीं, लेकिन इसी बीच सभी का ध्यान उनके बेबी बंप पर ठहर गया। एक्ट्रेस जल्द ही मां बनने वाली हैं और इन दिनों प्रेग्नेंसी पीरियड को एज्वॉय कर रही हैं। सोनम ने कुछ दिन पहले बेबी बंप के साथ कुछ खूबसूरत फोटोज भी पोस्ट की थीं। बता दें कि एक्ट्रेस दूसरी बार मां बनने वाली हैं। इससे पहले वो और आनंद आहूजा एक बेटे वायु के पेरेंट्स हैं।

सोनम कपूर की बेबी बंप के साथ ये वीडियो खूब वायरल हुई और कुछ लोगों ने एक्ट्रेस के कॉन्फिडेंस के लिए उनकी तारीफ की और कुछ फैंस ने कमेंट्स में उन्हें आने वाली खूबसूरत जिंदगी के लिए बधाई भी दी, लेकिन वहीं दूसरी तरफ काफी लोग ऐसे भी थे, जो एक्ट्रेस को ट्रोल करते नजर आए। किसी ने उन्हें शर्म का पाठ पठाया, तो किसी ने बेबी बंप दिखाने को बेशर्मी बता दिया। कई यूजर्स ने तो ये तक कहा कि ये वाहियत है हालांकि, सोनम ने इन बातों पर अभी तक कोई रिएक्ट नहीं किया है। खैर, हमें ये समझ नहीं आ रहा है कि बेबी बंप दिखाने में आखिर परेशानी क्या हैं, एक महिला अपने अंदर एक नन्ही जान को पालती है, उसे संभालती है और यह खूबसूरत हक महिलाओं को ही मिला है कि वो जीवन का सृजन कर सकें, तो फिर बेबी बंप दिखाना घटिया या वाहियात कैसे हुआ?
वैसे ऐसा नहीं है कि सोनम एक पब्लिक फिगर हैं, इसलिए उन्हें इस तरह की बातें या ट्रोलिंग झेलनी पड़ रही है। आम जिंदगी में भी प्रेग्नेंट महिलाओं को बेबी बंप छिपाने की ही सलाह दी जाती है। इस मुद्दे पर मैंने अपनी कुछ सहेलियों और ऑफिस कलीग्स से भी बात की और उनका भी यही कहना था कि प्रेग्नेंसी में उन्हें भी बेबी बंप ढककर रखने को कहा जाता था। कोई कहता था कि इसे दिखाने से नजर लगती है, तो कोई कहता था कि ये दिखाने वाली चीज थोड़े दी है? अब सवाल ये है कि आखिर क्यों ये दिखाने वाले चीज नहीं है और क्यों इसे छिपाना इतना जरूरी है?

वैसे बात सिर्फ बेबी बंप की नहीं है। असल में ये हमारे समाज का सच है कि शर्म का पाठ हमेशा महिलाओं के हिस्से में ही आता है। हमेशा महिलाओं को ही सिखाया जाता है कि उन्हें शर्म का गहना पहनकर रखना चाहिए और कमाल की बात ये है कि इस शर्म की परिभाषा भी हमारा समाज अलग-अलग मौकों पर बदलता रहता है और उससे भी कमाल की बात है कि इसका पुरुषों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें किसी भी विषय पर न तो इस तरह का ज्ञान मिलता है और न ही बेशर्म का टैग दिया जाता है। कपड़े पहनने से लेकर रात को बाहर निकलने तक, गलत बात का विरोध करने से लेकर अपने हक के लिए लड़ने तक...हर दूसरी बात में महिलाओं को कोई न कोई इस तरह का पाठ पढ़ाने आ ही जाता है।
यह भी पढ़ें- 'बहू चांद पर जाए, लेकिन दो पराठे सेंक कर जाए...' भला ये कैसी इक्वालिटी?
किस उम्र में शादी करना है, बच्चा कब करना है, बेबी बंप छिपाना है या दिखाना है, शादी के बाद काम करना है या नहीं, ऐसे कपड़े क्यों पहने...तलाक लिया तो क्यों लिया...ऐसे न जानें कितने ही मुद्दे हैं, जिसे लेकर लगभग हर दूसरी महिला को उम्र के अलग-अलग पड़ावों पर सीख, सलाह या टिप्पणी जरुर सुननी पड़ी होंगी। असल में हम कितना ही आगे बढ़ने का दावा क्यों न कर लें, कुछ मुद्दों को लेकर आज भी समाज की सोच पितृसत्तामक बेड़ियों में जकड़ी ही है और ये अक्सर साबित हो ही जाता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।