herzindagi
image

'घर लौटी तो खून बह रहा था और फिर...', दिल्ली में 6 साल की बच्ची संग रेप, तीनों आरोपी भी नाबालिग; आखिर मासूम दरिंदगी कैसे सीख रहे हैं?

Delhi Minor Gang Rape News: दिल्ली के भजनपुरा में छह साल की एक बच्ची संग गैंगरेप का मामला सामने आया है और सबसे हैरान करने वाली बात है कि इस मामले में तीनों आरोपी भी नाबालिग हैं। बच्ची फिलहाल डॉक्टरों की देख-रेख में है। इस तरह की खबरें न केवल हमें झकझोर कर रख देती हैं, बल्कि मन में ये सवाल भी उठता है कि आखिर नन्हें बच्चे और मासूम दिमाग ये सब कहां से सीख रहा है?  
Editorial
Updated:- 2026-01-29, 15:07 IST

आज बड़े होने के बाद शायद हम सभी सबसे ज्यादा अपने बचपन को याद करते हैं और सोचते हैं कि कितना खूबसूरत था वो वक्त...जब न हमें दुनियादारी की समझ थी और न मन में कोई छल-कपट...न जाने कितनी बातें थीं जिनके तो मतलब तक नहीं पता थे, मासूम से मन में बस नादानियां और कुछ मासूम सवाल रहा करते थे। यही होता है न बचपन, शायद मेरे और आपके लिए तो बचपन की यही परिभाषा रही है, लेकिन आज के वक्त में शायद बचपन की वो मासूमियत कहीं गुम होती जा रही है और नन्हें बच्चे दरिंदगी सीख रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के भजनपुरा से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में तीन नाबालिग लड़कों पर छह साल की बच्ची संग हैवानियत करने का आरोप है। तीनों आरोपियों की उम्र 10,13 और 14 साल बताई जा रही है। चलिए आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला?

दिल्ली के भजनपुरा में छह साल एक की बच्ची संग गैंगरेप

delhi 6 year old girl raped
दिल्ली के भजनपुरा में 10-14 साल के तीन लड़कों ने एक 6 साल की बच्ची का रेप किया है। घटना से कुछ देर पहले बच्ची को उसके पिता कैंडी दिलवाकर घर के बाहर छोड़ गए थे और वहीं से वो तीनों उसे नूडल्स का लालच देकर पास की एक बिल्डिंग में ले गए और वहां उसके साथ दरिंदगी की। बच्ची ने अपने बयान में बताया कि उसके हाथ बांधकर और मुंह दबाकर उसके साथ हैवानियत की। बच्ची जब घर लौटी, तो खून बह रहा था और उसके बाद वो बेहोश हो गई। पहले डर के चलते उसने घरवालों से कहा कि वो गिर गई थी। बार-बार सवाल करने के बाद उसने बताया कि 13 साल के पड़ोसी और दो अन्य नाबालिगों ने उसके साथ गैंगरेप किया। मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया है कि बच्ची चल नहीं पा रही थी और खून बहुत बह रहा था। पीड़िता की मां ने बताया, "जब वो बैठती है, तो दर्द होता है और जब चलती या खेलती है, तो खून बहने लगता है।" तीन में से दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है और तीसरे की तलाश जारी है। पीड़िता की मां ने बताया कि वो तीनों उनके 14 साल के बेटे के दोस्त थे, जिसकी पिछले साल मौत हो गई है।

यह भी पढ़ें- 12 साल का बच्चा कर रहा था रेप और 8 साल का दोस्त बाहर दे रहा था पहरा; अश्लील वीडियो देखकर 6 साल की बच्ची संग की दरिंदगी... मासूम हाथों में खिलौने नहीं, हैवानियत क्यों? क्या अब भी कहेंगे विक्टिम की गलती

आखिर मासूम दरिंदगी कैसे सीख रहे हैं?

delhi child gang rape news
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब कोई मासूम बचपन इस तरह से तार-तार हुआ है और सबसे हैरानी की बात ये है कि पहले भी कई बार आरोपी भी नाबालिग रहे हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक मामला सामने आया था, जहां 12 और 8 साल के दो बच्चों ने 6 साल एक की बच्ची का रेप किया था। ऐसे और भी कई मामले सुर्खियों में रहे हैं। ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर इतने छोटे बच्चे ये सब कहां से सीख रहे हैं, जिस उम्र में हाथों में खिलौने होने चाहिए, मन में निश्छल विचार होने चाहिए, उस उम्र में कैसे मन में दरिंदगी के ख्याल पनप रहे हैं। पेरेंट्स को भी ये सोचने की जरूरत है कि बच्चे क्या देख रहे हैं, किस संगत में हैं और कहीं उनके मन में कोई गलत विचार तो नहीं पनप रहे हैं। इसके अलावा यह हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी  है कि हम ये सोचें कि नई पीढ़ी किस दिशा में जा रही है? जरा सोचिए वो मासूम बच्ची, जिसे रेप का मतलब तक नहीं पता, उसके मन पर इसका क्या असर पड़ा होगा?

More For You

 

यह भी पढ़ें- राजस्थान में 7 साल तो त्रिपुरा में 14 महीने की बच्ची संग दरिंदगी; क्या रेप की खबरों से अब हमें फर्क नहीं पड़ता क्योंकि ये 'न्यूज' नहीं रूटीन बन चुकी हैं

  

जिन नन्हे हाथों में खिलौने होने चाहिए, जिस दिमाग में मासूमियत होनी चाहिए और जिस उम्र में नादानी झलकनी चाहिए, उस उम्र में बच्चे इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आखिर हमारी आने वाली पीढ़ी किस तरह जा रही है और हम एक समाज के तौर पर क्या गलत कर रहे हैं, जो इस तरह के मामले रुकने के बजाय बढ़ते जा रहे हैं।
Image Courtesy: Shutterstock, Freepik

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

FAQ
पॉक्सो (POCSO) एक्ट क्या है
पॉक्सो एक्ट 2012, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम है। यह कानून 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन शोषण, उत्पीड़न और पोर्नोग्राफी से बचाने के लिए एक कड़ा कानून है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।