
हर दिन मेरा मन ये सोचता है या यूं कहूं कि ये चाहता है कि ऐसी कोई घटना मुझे सुनने या पढ़ने को न मिले, जिसमें किसी महिला के दरिंदरगी की कहानी या किसी बेटी को अपने ही आंगन में खुद को बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ा हो या वो अपने घर तक का सफर डर और दहशत के साये में पूरा करे, लेकिन अफसोस लगभग हर दिन ही ऐसी खबरों से दो-चार होना अब कहीं न कहीं आदत बन गया है और देश के अलग-अलग हिस्सों में कोई न कोई ऐसी खबर सामने आ ही जाती है। इस बार मध्यप्रदेश के इंदौर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने महिला सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में एक रैपिडो बाइक चालक ने नाबालिग लड़की के साथ रेप किया। चलिए आपको बताते हैं कि क्या है पूरा मामला?

इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक रैपिडो बाइक चालक ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। लड़की के राजवाड़ा जाने के लिए बाइक बुक की थी और उसे कुछ खरीदारी करनी थी, लेकिन इसी बीच आरोपी ने पीड़िता को झांसा किया कि वो ऐसा बाजार जानता है, जहां सस्ते दामों में अच्छे कपड़े मिल जाएंगे। नाबालिग ने उसकी बात मान ली और फिर आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। घटना के बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने और उसकी जानकारी खंगालने में लगी है।

जिंदगी में सुरक्षा यानी महफूज रहने का हक हर इंसान को मिलना चाहिए, लेकिन क्या महिलाओं के पास ये हक है? मेरे ख्याल से बिल्कुल नहीं है। अगर होता, तो घर से लेकर ऑफिस तक महिलाएं डर के साये में नहीं जीतीं। पिछले कुछ दिनों में तो कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां पिता पर बेटी के संग रेप का इल्जाम है और कुछ मामलों में पिता लंबे समय से अपनी बेटी संग दरिंदगी कर रहे थे। वहीं कई मामलों में आरोपी कोई अन्य रिश्तेदार निकलते हैं। कई बार साथ काम करने वाले लोग तो कई बार कोई अजनबी बेटियों को अपनी गंदी नजर का शिकार बनाता है। घर से लेकर सड़क तक, सफर से लेकर मंजिल तक, बचपन से लेकर बुढ़ापे तक और अपनों से लेकर परायों के बीच तक, अगर बेटियां कहीं सुरक्षित ही नहीं हैं, तो क्या वाकई हम नए भारत में जी रहे हैं?
कभी घर...कभी रास्ते तो कभी वर्कप्लेस पर, महिलाओं के साथ हो रही इस तरह की घटनाएं आए दिन सुर्खियों में आ जाती हैं। ऐसे में मन में बस यही सवाल उठता है कि क्या महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं? क्या घर से लेकर रास्ते तक हर जगह बेटियां डर के साये में ही हैं? आखिर ये कैसा भारता है, जिसमें महिलाओं के लिए हर कदम पर खतरा है।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।