Tue Mar 10, 2026 | Updated 07:22 PM IST
herzindagi
image

Marigold Plant Care Tips: क्या आपके गेंदे के पौधे और फूलों में लग रहे हैं कीड़े? माली के बताए ये 4 देसी उपाय दिला सकते हैं छुटकारा

अगर आपके गेंदे के पौधे में भी कीड़े लगने की समस्या हो रही है तो आप कुछ आसान तरीकों से इसे दूर कर सकती हैं। यही नहीं इन उपायों से आपका पौधा ज्यादा हरा-भरा तो नजर आएगा ही साथ ही इसमें ज्यादा संख्या में फूल भी खिलेंगे।
Editorial
Updated:- 2026-03-05, 16:31 IST

गेंदे का पौधा लगभग हर घर के गार्डन में देखने को मिल जाता है। यही नहीं इसे आप घर में गमले में भी लगा सकती हैं। यह पौधा अपने खूबसूरत पीले और नारंगी रंग के फूलों के कारण बगीचे की रौनक बढ़ा देता है। मुख्य रूप से स्प्रिंग सीजन में इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है क्योंकि इसमें ढेर सारे फूल आते हैं जो आपके गार्डन की शोभा बढ़ा सकते हैं। वहीं जैसे-जैसे पौधा पुराना होने लगता है, उसमें कई तरह की समस्याएं भी आने लगती हैं। कई बार आपके पौधे में फूल कम आने लगते हैं और जो फूल आते भी हैं उनमें काले कीड़े नजर आने लगते हैं। यही नहीं पौधे की पत्तियों का रंग बदलने लगता है या फिर पूरे पौधे में ही कीड़े और फंगस लग जाते हैं। अगर समय रहते इन समस्याओं का समाधान न किया जाए तो गेंदे का पूरा पौधा खराब हो सकता है। अगर आप कुछ आसान घरेलू उपाय आजमाएंगी तो आपके पौधे में कीड़ों की समस्या तो खत्म हो जाएगी और ढेर सारे फूल भी खिलने लगेंगे। मेरे घर के गेंदे के पौधे में भी कुछ दिनों से कीड़े लग रहे थे और पत्तियां भी झड़ने लगी थीं। मैंने माली के बताए कुछ नुस्खे आजमाए जिससे पौधा फिर से हरा-भरा हो गया और कीड़ों से भी छुटकारा मिल गया। आप भी ये ट्रिक्स जरूर आजमाएं।

सूखे और खराब फूलों को तुरंत हटाएं

marigold insects tips

गेंदे के पौधे में अगर पुराने या सूखे फूल लगे रहते हैं तो पौधा कमजोर होने लगता है और नए फूल कम आते हैं। इसलिए समय-समय पर सूखे फूलों और पीली पत्तियों को काटते रहें। इससे पौधे में नई ग्रोथ आती है और कीड़े-फंगस फैलने का खतरा भी कम हो जाता है। अगर पौधे में फूल छोटे आ रहे हैं या पौधा कमजोर हो गया है तो ऊपर का हिस्सा हल्का सा काट दें। इस प्रक्रिया को पिंचिंग कहा जाता है। इससे पौधे में नई शाखाएं निकलती हैं और फूल भी अच्छे आते हैं।

गेंदे के पौधे के स्पाइडर माइट्स कैसे दूर करें?

marigold insects remedy and tips

कई बार गेंदे के पौधे में स्पाइडर माइट्स का अटैक हो जाता है, जिससे पौधे की पत्तियां और फूल खराब होने लगते हैं। इससे पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधे की ग्रोथ भी कम होने लगती है। ऐसे में आप एक स्प्रे घर पर तैयार करके इन कीड़ों को दूर कर सकती हैं। स्प्रे तैयार करने के लिए आप 1 लीटर पानी में एक चम्मच नीम का तेल मिलाएं और इसमें एक चम्मच लिक्विड सोप मिलाकर एक बोतल में भरें। इसे अच्छी तरह से मिक्स करके स्प्रे तैयार करें। इस मिश्रण को हफ्ते में एक बार पौधे में स्प्रे करें। धीरे-धीरे गेंदे के पौधे से कीड़े दूर होने लगेंगे।

यह भी पढ़ें- Marigold Gardening Tips: गेंदे के पौधे में ज्यादा फूल पाने के लिए अपनाएं ये आसान तरीके, कलियों से भर जाएगी हर एक डाल

बेकिंग सोडा स्प्रे से दूर करें गेंदे के कीड़े

baking soda spray

गेंदे के पौधे पर लगने वाले कीड़े और फंगस को दूर करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके लिए आप एक लीटर पानी में लगभग एक चौथाई चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं और इसे अच्छी तरह से मिलाकर लिक्विड तैयार कर लें। इसके बाद इस मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भरें। इस मिश्रण को पौधे की पत्तियों में स्प्रे करें। लगातार दो से तीन दिन तक पौधे में इस लिक्विड का स्प्रे करने से कीड़े और फंगस खत्म होने लगते हैं। ध्यान रखें कि स्प्रे केवल पत्तियों पर ही करें, फूलों पर नहीं। साथ ही जिन पत्तियों और फूलों पर ज्यादा कीड़े लगे हों, उन्हें काटकर अलग कर दें। जब पौधे की पत्तियों से कीड़े हट जाएंगे तो अपने आप भी जो नए फूल खिलेंगे और उसमें कीड़े नहीं होंगे।

यह भी पढ़ें- गेंदे के पौधे में करें ये 3 काम, फरवरी में फूलों से भर जाएगी हर डाल

पौधे को साफ और हवादार जगह पर रखें

ज्यादा नमी और गंदगी से गेंदे के पौधे में कीड़े और फंगस जल्दी लग जाते हैं। अगर आपके पौधे में भी बार-बार कीड़े लग जाते हैं तो आप गमले को ऐसी जगह पर रखें जहां पौधे को अच्छी धूप और हवा मिले। पौधे में जब सीधी धूप लगती है तो इसमें कीड़े लगने की समस्या काफी हद तक कम हो जाती है। सुबह की हल्की धूप गेंदे के पौधे के लिए खासतौर पर फायदेमंद मानी जाती है। जब पौधे को नियमित रूप से धूप मिलती है तो उसकी पत्तियां स्वस्थ रहती हैं और कीड़े-मकोड़ों के पनपने की संभावना काफी कम हो जाती है।

अगर आपके गेंदे के पौधे में भी कीड़े लगने की समस्या हो रही है तो आपको यहां बताई टिप्स आजमानी चाहिए। इससे पौधे में फूल भी ज्यादा आएंगे और पौधा हरा-भरा बना रहेगा।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: Shutterstock.com

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।