भाद्र मास में भगवान विष्णु ने कृष्ण के रूप में जन्म लिया था। इसी कारण इस दिन को कृष्ण जन्माष्टमी कहा जाता है और उनके जन्म स्थान में भगवान कृष्ण का यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देश भर में कार्यक्रम होते हैं। लड्डू गोपाल को सजाया जाता और झाकियां निकलती हैं। ढेर सारे पकवान बनते हैं और पूजा के कमरे को सजाया जाता है। श्रीकृष्ण के दिन को उन्हीं की पसंद की चीजों से सजाया जाए, तो कैसा रहेगा? हम आपको ऐसे आइडियाज देने जा रहे हैं, जिससे आप अपने पूजा के कमरे को खास तरह से सजा सकते हैं और इस अवसर को और भी खास बना सकते हैं।
फूलों से सजाएं कमरा
श्री कृष्ण को कुमुद, करवरी, चणक, मालती, पलाश और वनमाला जैसे फूल बहुत पसंद हैं। इस बार अपने पूजा के कमरे को इन्हीं फूलों से सजाएं। आपको इनमें से जो भी फूल मिले उसकी बेल बनाकर उसे कमरे में लगाएं। या आपके गार्डन में जो भी फूल हो उससे भी पूजा के कमरे को सजाया जा सकता है। इतना ही नहीं आप उनसे लड्डू गोपाल के झूले को भी सजा सकते हैं। उसके बाद श्री कृष्ण को सुंदर-सुंदर कपड़े पहनाएं और उन्हें फूलों से सजे झूले में बैठाएं।
वृंदावन बनाएं
भगवान श्री कृष्ण का वृंदावन से बहुत बड़ा नाता है।यह कृष्ण की लीलास्थली है। हरिवंश पुराण, श्रीमद्भागवत, विष्णु पुराण आदि में इ जगह की महिमा का वर्णन किया गया है। उन्होंने अपने बचपन को यहीं बुना था, इसलिए आप इस बार पूजा के कमरे में क्यों न वृंदावन बनाकर उनका स्वागत करें। बाजार से छोटे-छोटे खिलौने आपको मिल जाएंगे। एक जगह पर थोड़ी-सी रेत डालें और उसके आसपास नकली घास लगाएं। फूल और पौधे लगाएं और गाय, मोर, छोटे-छोटे घर, ग्रामीणों की मूर्ति लगाएं। कमरे को फेयरी लाइट से सजाएं और श्री कृष्ण के भजन लगाएं।
इसे भी पढ़ें :श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर अपने प्रियजनों को भेजें ये कोट्स और संदेश
दही हांडी से कमरा सजाएं
श्री कृष्ण का दही और मक्खन के लिए प्यार तो सबने देखा और सुना है। मक्खन चुराते हुए उनकी कितनी कहानियां हमने सुनी होंगी और इसलिए यही दो चीजें जन्माष्टमी के अवसर पर उन्हें भोग भी लगाई जाती हैं। इस अवसर पर कई शहरों में दही हांडी का आयोजन भी होता है। आप छोटी-छोटी मिट्टी की मटकी खरीदें और उन्हें सुनहरे रंग के धागों और शीशों से सजाकर अलग-अलग रंग लगाकर अपने पूजा के कमरे की दीवारों या एंट्रेंस पर लगा सकते हैं। एक मटकी में थोड़ा-सा दही और सफेद मक्खन श्री कृष्ण के पास भी रखा जा सकता है। दही और मक्खन न हो, तो आप सफेद रूई से उसे सजाकर भी काम चला सकते हैं।
इसे भी पढ़ें :जानें कब मनाया जाएगा जन्माष्टमी का त्योहार,पूजा का शुभ मुहूर्त और राशियों के अनुसार कैसे करें पूजन
बांसुरी सजाएं
श्री कृष्ण की मूर्ति बिना बांसुरी के आपने कहीं भी नहीं देखी होगी। भगवान कृष्ण को बांसुरी बजाना बहुत पसंद था और उनके संगीत सभी मंत्रमुग्ध हो जाया करते थे। कुछ बांसुरी लाकर आप उन्हें खूबसूरत तरीके से सजा सकते हैं। आप या तो उन्हें सजावट के रूप में अपने कमरे में लटका सकते हैं या उन्हें श्री कृष्ण के पास रख दें। इसके साथ ही अपने पूजा के कमरे में रंगोली बनाना न भूलें। भगवान कृष्ण के आगमन का स्वागत करने के लिए अपने घर के मंदिर के सामने एक रंगीन रंगोली बनाएं।
आप इन बेहतरीन तरीकों से लड्डू गोपाल का स्वागत कर सकते हैं। ऐसी तैयारी देख भगवान कृष्ण भी बहुत खुश होंगे। अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: ipinimg
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों