herzindagi
fungus cleaning tips

मिट्टी के बर्तनों में लगी फंगस को हटाने के आसान तरीके

अगर ज्यादा नमी की वजह से आपके घर में इस्तेमाल होने वाले मिट्टी के बर्तनों में फंगस लग गयी है तो यहां बताई कुछ युक्तियों को आजमाएं।   
Editorial
Updated:- 2022-05-10, 12:11 IST

गर्मी के दिनों में लोग मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल बहुतायत में करते हैं और इन बर्तनों का लगातार इस्तेमाल करने से उसमें फंगस लगने लगती है। इस तरह के बर्तनों में जब फंगस लग जाती है तब उसमें भोजन या पानी पीना सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकता है। दरअसल इस तरह के बर्तनों में इसे बढ़ने के लिए सही वातावरण मिल जाता है। मिट्टी के बर्तन में नमी आसानी से अवशोषित हो जाती है। इसके छिद्र लगभग हर समय नम रहते हैं इसलिए वे फंगस को बढ़ाते हैं।

खासतौर पर यह फंगस पानी के घड़े के ऊपरी हिस्से में आसानी से लग जाती है और इसे नुकसान पहुंचा सकती हैं। यहां तक कि घर में रखे गमलों में भी पौधों को बार-बार पानी देने से जल्द ही फंगस लग जाती है क्योंकि मिट्टी और गमला लंबे समय तक नम रहते हैं। अगर आप भी मिट्टी के बर्तनों में लगने वाली फंगस को मिनटों में साफ़ करना चाहते हैं तो हम यहां कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं।

क्या मिट्टी के बर्तनों में लगी फंगस नुकसानदेह है

मिट्टी के गमलों के बाहर की तरफ फंगस आपके पौधों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा, लेकिनफंगस मानव स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक हो सकता है। दरअसल यह कुछ ऐसे बैक्टीरिया पैदा कर सकती है जो शरीर को कई तरह से नुकसान पहुंचा सकते हैं। कुछ लोग फंगस के प्रति अति संवेदनशील होते हैं और उन्हें इससे आंखों में खुजली, त्वचा में लालिमा का अनुभव होने लगता है। इसके अलावा एलर्जी, अस्थमा या कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों को फंगस से अधिक तीव्र प्रतिक्रिया का अनुभव हो सकता है। इसलिए आपको जैसे ही मिट्टी के किसी भी बर्तन में फंगस दिखे इसे तुरंत हटाएं।

मिट्टी के बर्तनों को फंगस से कैसे बचाएं

clay pot mold removing tips

मिट्टी के बर्तनों को धोना और सुखाना फंगस के विकास को रोकने का सबसे अच्छा तरीका है। अपने मिट्टी के बर्तनों में फंगस को रोकने के लिए अधिक पानी देने से बचना, दूसरा सबसे अच्छा तरीका है। यहां तक कि अगर आप मिट्टी के गमलों में इंडोर प्लांट्स रखते हैं, तो हो सकता है कि फंगस इनसे आपके घर के भीतर भी प्रवेश कर जाए। हालांकि मिट्टी के बर्तनों से फंगस निकालना मुश्किल नहीं है। कई ऐसे गैर विषैले तत्व हैं जिनका उपयोग आप अपने बर्तनों से फंगस को हटाने के लिए कर सकते हैं।

इसे जरूर पढ़ें:बाथरूम की दीवारों पर लगी फफूंदी के दाग को हटाने के आसान उपाय

मिट्टी के बर्तनों को सीधी धूप में छोड़ दें

तेज, सीधी धूप फंगस को आसानी से और जल्दी से मार देती है, इसलिए जब भी आपको धूप दिखे अपने बर्तनों को सीधे सूरज की रोशनी में रखें। यदि आप बालकनी वाले अपार्टमेंट में रहते हैं, तो बालकनी पर अपने मिट्टी के बर्तनों को सुखा सकते हैं और सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनके पास पर्याप्त धूप हो। लेकिन अगर आपके अपार्टमेंट में बालकनी नहीं है, तो आप हमेशा अपने मिट्टी के बर्तनों को खिड़की के बगल में रख सकते हैं, जहां से धूप आसानी से निकल सके। सूरज की रोशनी फंगस को तुरंत हटा देगी।

सिरके का करें इस्तेमाल

use vinegar to get rid of mold

आप सिरके, हाइड्रोजन पेरोक्साइड, नीम के तेल के घोल का उपयोग करके मिट्टी के बर्तनों से फंगस को आसानी से हटा सकती हैं। सिरका एक अच्छा मोल्ड-किलर और डिसइन्फेक्टेंट है, इसलिए फंगस लगे बर्तनों की सफाई में इसका उपयोग करना प्रभावी होता है। सिरके का घोल बनाने के लिए पानी से भरा एक बड़ा टब तैयार कर लें, फिर लगभग तीन कप सफेद सिरका इसमें डालें। अपने मिट्टी के बर्तनों को एक टब में सिरके के पतले घोल के साथ भिगोएं। लगभग 40 मिनट बाद इसे पानी से धोकर थोड़ी देर तक धूप में रखें। इसके अलावा सिरका या सिरका के घोल को सीधे बर्तन पर स्प्रे करें, लगभग एक घंटे के लिए इसे छोड़ दें फिर इसे गीले कपड़े सेपोंछ लें। सिरका जैसे ही मिट्टी में प्रवेश करेगा, फंगस को जड़ से मार देगा और आगे भी इसके विकास को रोकने में मदद करेगा।

हाइड्रोजन पेरोक्साइड का इस्तेमाल

एक 3% हाइड्रोजन पेरोक्साइड समाधान आमतौर पर इस्तेमाल किया जाने वाला कीटाणुनाशक है। यदि आपके मिट्टी के किसी भी बर्तन में फंगस लगी है तो हाइड्रोजन पेरोक्साइड के घोल को फंगस पर लगाया जाना चाहिए और कुछ समय के लिए छोड़ देना चाहिए। फिर लगभग 1 घंटे बाद इसे कपड़े से साफ़ कर दें। आपको साफ़ मिट्टी का बर्तन मिलेगा और काफी समय तक दोबारा इसमें फंगस नहीं लगेगी।

नीम के तेल का इस्तेमाल

neem oil for fungus

नीम का तेल फंगस हटाने का एक अच्छा तरीका है। यह मिट्टी के बर्तनों से फंगस हटाने के साथ गमलों में किसी तरह के कीड़े होने से भी रोकता है। बर्तन से फंगस हटाने के लिए डिश सोप डिटर्जेंट के घोल में नीम के तेल की कुछ बूंदे मिलाएं और घोल का उपयोग फंगस को पोंछने के लिए करें। कुछ ही देर में फंगस बर्तनों से निकल जाती है और ये तेल किसी तरह से नुकसानदेह भी नहीं होता है।

इसे जरूर पढ़ें:Easy Tips: मिट्टी की बोतल को मिनटों में साफ़ करने के लिए ये आसान टिप्स अपनाएं

यहां बताए गए कुछ आसान तरीकों से आप मिट्टी के बर्तनों में लगी फंगस को हटा सकती हैं और बर्तनों को नए जैसी चमक भी दे सकती हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit: unsplash and shutterstock

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।