
होली न सिर्फ रंगों का त्योहार है बल्कि खुशियों के साथ-साथ धन-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने के लिए भी अच्छा अवसर माना जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग लगाने के साथ कुछ आसान वास्तु और ज्योतिष उपाय भी आजमाते हैं जिससे उनके घर में समृद्धि बनी रहती है। होली का त्योहार रंगों और खुशियों का प्रतीक माना जाता है, इस दिन किए गए कुछ विशेष वास्तु उपाय आपकी तिजोरी भर सकते हैं और आपके घर में धन का आगमन सुचारू रूप से हो सकता है। हिंदू धर्म और वास्तु शास्त्र के अनुसार, होली के दिन सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करने और आर्थिक समस्याओं को दूर करने के लिए कुछ खास उपाय बताए जाते हैं। इस शुभ अवसर पर धन, समृद्धि और सौभाग्य को बढ़ाने के लिए पूजा-पाठ, दान और कुछ आसान वास्तु उपाय करना आपके घर के लिए लाभकारी हो सकता है। इस दिन सही दिशा में बैठकर लक्ष्मी पूजन-पुण्य करना, हवन करना, घर की साफ-सफाई करना और मुख्य द्वार को सजाना आपके लिए शुभ हो सकता है। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें होली के कुछ वास्तु उपायों के बारे में।

स्वास्तिक को सुख-समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है। होली के दिन यदि आप घर के मुख्य द्वार को अच्छी तरह से साफ़ करने के बाद उस स्थान पर हल्दी से स्वास्तिक बनाते हैं तो इसका सीधा असर आपकी आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। घर के मुख्य द्वार के साथ आप तिजोरी और पूजा स्थल पर भी केसर या हल्दी से स्वास्तिक का चिह्न बनाएं। ऐसा करने से न केवल घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि आपके व्यापार और नौकरी में भी उन्नति के योग बनते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: Holi 2025 Toran At Home Main Door: होली के दिन घर के मुख्य द्वार पर किस पत्ते का तोरण लगाना चाहिए?
होली के दिन सुबह उठकर घर की साफ-सफाई करना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। विशेष रूप से यदि आप घर की तिजोरी या धन रखने के स्थान को साफ करें तो आपके घर में खुशहाली बनी रहती है। ऐसी मान्यता है कि यदि तिजोरी गंदी होती है तो माता लक्ष्मी का वास आपके घर पर नहीं होता है और धन की हानि भी होती रहती है। होली पर गंगाजल छिड़ककर धन के स्थान को शुद्ध करें और तिजोरी को साफ़ करने के बाद उसमें लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाएं। इस वास्तु उपाय से धन का आगमन बना रहता है।

होली के दिन विशेष रूप से माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा करने का महत्व होता है। इस दिन आप स्नान करने के बाद सबसे पहले मां लक्ष्मी को गुलाल और कुमकुम अर्पित करें। साथ ही, शुद्ध घी का दीपक जलाकर ‘ॐ श्री महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र का जाप करें। यह उपाय आपके घर में धन की बरकत बनाए रखेगा और नए अवसर लेकर आएगा। यदि आप माता लक्ष्मी के साथ विष्णु जी का पूजन भी इस दिन करते हैं तो आपको इसके दोगुने फायदे हो सकते हैं।
होलिका की अग्नि को बहुत पवित्र माना जाता है। जब होलिका दहन होता है, तब उसकी राख को घर में लाने और उचित स्थान पर रखने से नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है। यदि आप होलिका दहन की राख को घर ले आएं और इसे घर की तिजोरी में रखें तो इससे आपके घर पर धन का आगमन बना रहता है और धन की वृद्धि होती है। इस उपाय से कभी घर में दरिद्रता नहीं आती है। इस उपाय के लिए आप होलिका की राख को किसी लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी, दुकान या अपने व्यापार स्थल पर रखें, इससे आपके व्यापार और घर में बरकत बनी रहती है।
होली के दिन हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाने का विशेष महत्व होता है। इस दिन यदि आप किसी भी हनुमान मंदिर में जाकर चमेली के तेल में नारंगी सिंदूर मिलाकर बजरंगबली को अर्पित करें और ‘ॐ हनुमते नमः’ मंत्र का जाप करें, तो यह आपके लिए बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से आपको हर तरह की आर्थिक समस्याओं से मुक्ति मिलती है और लंबे समय से चले आ रहे किसी भी कर्ज से छुटकारा मिल सकता है।

होली पर दान करने का बहुत महत्व होता है। यदि आप इस दिन जरूरतमंद को अनाज, मिठाई, वस्त्र, फल और धन का दान करें तो आपको इसके शुभ फल प्राप्त हो सकते हैं। यदि आपके घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है तो आप होली के दिन विशेष रूप से गेहूं, चना, गुड़ और नारियल का दान करें, इस उपाय से आपको आर्थिक लाभ प्राप्त होता है। यह उपाय न केवल पितृ दोष को दूर करता है, बल्कि आपके परिवार में सुख-शांति और समृद्धि भी बनाए रखता है।
होली के दिन घर में लाल गुलाल और गोमती चक्र रखने से धन की कमी दूर होती है। इस दिन लाल गुलाल को तिजोरी में रखने से लक्ष्मी जी की कृपा प्राप्त होती है और आर्थिक समस्याओं से मुक्ति मिल सकती है। यदि आप गोमती चक्र को लाल कपड़े में बांधकर पूजा स्थान पर रखते हैं तो आपके धन में वृद्धि होती है। यही नहीं इस उपाय से आपको व्यापार में सफलता मिलती है।
आप होली के दिन यहां बताए आसान वास्तु उपाय आजमाएंगी तो आपके जीवन में सदैव खुशहाली बनी रह सकती है और आर्थिक स्थिति भी अच्छी रहती है। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
Images: Meta AI
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।