Sat Feb 21, 2026 | Updated 06:35 AM IST
herzindagi
image

Aap Beeti: 'बहुत भीड़ थी, तभी उसने अपना हाथ मेरी स्कर्ट...', दिल्ली मेट्रो में मेरे साथ हुआ कुछ ऐसा जिसे याद करके आज भी सिहर उठती हूं मैं

मैं तब दिल्ली में नई आई थी, मेट्रो..मेट्रो की भीड़ या भीड़ की आड़ में होने वाले घटनाओं का न अंदाजा था और न इतनी समझ, लेकिन उस दिन शाम को कॉलेज से लौटते वक्त जब मैं राजीव चौक से मेट्रो में चढ़ रही थी, तो मेरे साथ कुछ ऐसा हुआ कि मेरे हाथ-पैर कांपने लगे।    
Editorial
Updated:- 2026-02-20, 13:15 IST

अगर आप दिल्ली में रहते हैं, तो समझ सकते हैं कि मेट्रो कहीं न कहीं हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुकी है। मैं उस वक्त दिल्ली में नई आई थी, आंखों में ख्वाब और नई जिंदगी, नए शहर से जुड़े ढेर सारे सपने...कॉलेज के दिन थे और 18-19 साल की उम्र, सब कुछ अच्छा ही लग रहा था। नए शहर और नए लोगों के साथ तालमेल बिठाने की कोशिश ही कर रही थी, लेकिन तभी अचानक से कुछ ऐसा हुआ जिसने मेरे कॉन्फिडेंस या यूं कहें मेरे आत्मसम्मान को ही हिलाकर रख दिया। एक शख्स की एक हरकत ने मुझे मानो तोड़कर रख दिया, आज उस घटना को लगभग 12 साल बीत चुके हैं, लेकिन जब भी मैं उस घटना के बारे में सोचती हूं या जब भी वो कड़वी याद मेरे दिल के दरवाजे पर दस्तक देती है, सब कुछ मानो कुछ देर के लिए धुंधलाह हो जाता है।

जब मेट्रो की भीड़ में उनसे मेरे हिप्स...

mn (18)
शाम के लगभग 6 बजे का वक्त था और मैं कॉलेज से ऑटो लेकर राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर पहुंची थी। रोज की तरह ही सिक्योरिटी चेकइन और कार्ड एंट्री करने के बाद मैं प्लेटफॉर्म पर पहुंची। मेरे कंधे पर बैग था, गाने सुनने के लिए हेडफोन्स लगाए हुए थे और ब्लैक कलर की स्कर्ट और टॉप पहना था। प्लेटफॉर्म पर आकर मैंने देखा कि बहुत भीड़ थी, शायद उस दिन यैलो लाइन में कुछ तकनीकी खराबी हुई थी और उसके चलते मेट्रो थोड़ा डिले आ रही थीं। ऐसे में राजीव चौक पर भीड़ बढ़ना तो लाजमी थी। अगर आप भी मेरी तरह मेट्रो में ट्रैवल करती हैं, तो आप ये समझ सकती हैं कि राजीव चौक स्टेशन पर मेट्रो बोर्ड करना कई बार किसी जंग से कम नहीं होता है। मैं प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर मेट्रो का इंतजार कर रही थी, मेरे आगे भी काफी लोग थे और मेरे पीछे भी भीड़ बढ़ती जा रही थी। तभी मेट्रो आई...एकदम हड़बड़ी मच गई...गेट खुला, अंदर से भीड़ बाहर निकल रही थी और बाहर के लोग अंदर जाने की जद्दोजेहद में थे, तभी भीड़ ने पीछे से धक्का दिया और मानो मैं और आगे के सभी लोग प्रेशर से अंदर की तरफ जाने लगे। इसी बीच किसी ने मेरी स्कर्ट के अंदर हाथ डालकर मेरे हिप्स को छूने की कोशिश की और मैं मानो कांपने लगी।

कुछ मिनट के लिए सुन्न हो थी मैं

Gemini_Generated_Image_bq1hwvbq1hwvbq1h
मैं मेट्रो के अंदर थी, भीड़ बहुत थी, गेट बंद हो गए थे और मेट्रो चलने लगी थी, लेकिन मैं मानो रूक गई थी। मेरे आस-पास उस कोच में कई लोग थे, कई चेहरे नजर आ रहे थे, लेकिन मैं समझ नहीं पा रही थी कि वो चेहरा कौन-सा था, जिसने मुझे इस तरह देखा। वो हाथ कौन-से थे, जिसने मुझे ऐसे छुआ। ऐसा लग रहा था मानो वो सब मेरी बेबसी पर हंस रहे हों या मेरा मजाक बना रहे हों। मुझे उस वक्त चीखना चाहिए था, शायद उसके हाथ को पकड़ने की कोशिश करनी चाहिए थी या उसके बाल खींचकर उसे घसीटना चाहिए था, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाई, जिसका मुझे आज भी अफसोस है।

तो लेडीज कोच में जाना चाहिए था न...

इस घटना ने मानो मुझे अंदर तक हिलाकर रख दिया था। मैंने इसके बारे में उस दिन किसी को नहीं बताया, शायद हिम्मत ही नहीं हुई। मैं उन दिनों अपने एक रिश्तेदार के यहां रहती थी और हिम्मत करके जब अगले दिन मैंने अपनी आंटी को इस घटना के बारे में बताया, तो उन्होंने बस एक जवाब दिया, तो गलती तु्म्हारी है ...लेडीज कोच में जाना चाहिए था न। उनका ये जवाब मेरे मन में कई सवाल छोड़ गया।

यह भी पढ़ें- Aap Beeti: 'मैं खड़ी थी और उसने मुझे देखकर अपनी जिप खोली और ...' खचाखच भरी मुंबई लोकल में मेरे साथ हुआ कुछ ऐसा

मेट्रो में सुरक्षा के लिए महिलाओं किन बातों का ध्यान रखें?

delhi metro safety tips

  • भीड़ वाले कोच में जाने से बचें। मेट्रो का जो कोच, लिफ्ट या एक्सीलेटर के पास रुकता है, अमूमन वहां भीड़ ज्यादा होती है।
  • मैं आपसे ऐसा नहीं कहूंगी कि हमेशा लेडीज कोच में ही ट्रैवल करें, लेकिन कभी-कभी भीड़ वाली स्थितियों में खुद को सेफ रखने के लिए ये जरूरी हो जाता है।
  • अगर आपको मेट्रो में कोई परेशान कर रहा है, तो कोच के अंदर और प्लेटफॉर्म पर इमरजेंसी बटन/कॉलिंग की सुविधा होती है।
  • स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे होते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय स्थिति में शिकायत दर्ज करने पर सुबूत के तौर पर उनकी रिकॉर्डिंग काम आ सकती है।
  • अपने पास पेपर स्प्रे जरूर रखें।

 

यह भी पढ़ें- Aap Beeti:‘वो लगातार मेरे हिप्‍स पर अपना प्राइवेट पार्ट...’,मेट्रो में महिला के साथ हुई शर्मनाक हरकत, कहानी सुन सिहर जाएंगी आप, जानें Sexual Assault होने पर क्या करना चहिए?

 

अगर कभी भी मेट्रो, ट्रेन, कैब या अन्य किसी भी ट्रांसपोर्ट में सफर करते वक्त आपके साथ ऐसा कुछ हो, तो चुप न रहें, आवाज जरूर उठाएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

 

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।