दिवाली आने वाली है और इन दिनों सभी अपने घरों में नवरात्र और दिवाली की तैयारी में व्यस्त हैं। जैसे ही त्योहार नजदीक आते हैं वैसे ही एक अहम समस्या सामने आ जाती है और वो ये कि पूरे घर की सफाई के साथ दिवाली के पकवानों को बनाने वाले बर्तनों की सफाई कैसे की जाए। एल्यूमीनियम और स्टील के कई बर्तन तो बहुत बुरी तरह से जल भी जाते हैं जिन्हें ठीक तरह से साफ करना बहुत मुश्किल हो जाता है। जरा सोचिए कि अगर आपका 5 लीटर वाला कुकर जल जाए तो उसे साफ करने में कितनी समस्या होगी।
ऐसा ही कुछ बड़ी लोहे की कढ़ाई, एल्यूमीनियम के बर्तन और स्टील के बर्तन धोने में हमें बहुत परेशानी होती है। ऐसे में अगर कुछ खास टिप्स का इस्तेमाल किया जाए जिनकी मदद से आपके बड़े बर्तन भी आसानी से साफ हो जाएं तो? जले हुए कुकर, कढ़ाई और अन्य बर्तनों को साफ करने के लिए कुछ खास टिप्स आपके काम आ सकती है। तो चलिए हम आपको उनके बारे में बताते हैं।
1. एल्यूमीनियम के बर्तन-
सबसे ज्यादा मुश्किल आती है एल्यूमीनियम के बर्तनों को साफ करने में एक बार इसकी कढ़ाई में अगर पूड़ियां ही तल लीं तो इनका रंग भूरा सा हो जाता है। ऐसे में दोबारा इसे घिस-घिस के साफ करना मुश्किल हो सकता है। अगर आपको एल्यूमीनियम के बर्तनों की सफाई करनी है और खासतौर पर कुकर और कढ़ाई को साफ करना है तो कुछ टिप्स आपके काम आ सकती हैं।
सिरका आएगा काम-
सबसे पहले इसकी सिरके से सफाई की जा सकती है। अगर एल्यूमीनियम का बर्तन बुरी तरह से जल गया है तो उसकी सफाई के लिए उसमें पानी डालें और उसके साथ आधा कप सफेद सिरका डालकर उस पानी को उसी बर्तन में उबालें। 10 मिनट तक इसे उबलने दें और उसके बाद इसे ठंडा कर इसमें लिक्विड साबुन डालें। अब जब आप इसे बर्तन मांजने वाले स्क्रब से घिसेंगी तो ये आराम से साफ हो जाएगा।
सेब के छिलकों से होगा काम-
एल्यूमीनियम को साफ करने के एक और अच्छा तरीका है और वो ये कि आप सेब के छिलकों को उसके अंदर पानी भरकर उबालें। 20-30 मिनट तक इसे धीमी आंच पर उबलने दें। अब इसे गुनगुने साबुन के पानी से धोएं।
एल्यूमीनियम के बर्तन को बाहर से ऐसे साफ करें-
बर्तन को बाहर से साफ करने के लिए सिरका, गुनगुना पानी और डिशवॉश साबुन का मिक्सचर मिलाएं और बर्तनों को साफ करने वाले स्क्रब से इस मिक्सचर के जरिए एल्यूमीनियम के बर्तन की सफाई करें। अगर बर्तन बाहर से बहुत ज्यादा जला हुआ है तो ब्रायो या सिल्वर पॉलिश का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें:तांबे के बर्तन साफ करने के 8 तरीके
2. लोहे के बर्तन का इस्तेमाल-
लोहे के बर्तनों को साफ करना भी एक मुश्किल काम है। इन्हें घिसने में बहुत मेहनत लगती है और लगातार काम करने से इनमें जंग का खतरा भी होता है। इसलिए इन्हें साफ करने के लिए भी कुछ ट्रिक्स अपनानी चाहिए।
1. कोल्डड्रिंक करेगी मदद-
ब्लैक कोल्डड्रिंक लोहे के बर्तनों की सफाई में मदद कर सकती है। इसके लिए आप कोल्डड्रिंक को बर्तन में डालकर धीमी आंच पर उबालें और उसके बाद जब इसमें से बुलबुले आने लगें तो इसे गैस पर से हटाकर प्लास्टिक के ब्रश और साबुन की मदद से धोएं। जमी हुई कालिख बहुत ही आसानी से पिघल जाएगी।
2. नमक करेगा काम-
नमक की मदद से सफाई बहुत आसानी से की जा सकती है। इसके लिए आप बहुत ज्यादा नमक एक स्क्रब पैड में लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड सोप डालकर उसे सफाई के लिए इस्तेमाल करें। ऐसा करने पर आपके लोहे के बर्तन आसानी से साफ हो जाएंगे।
3. बेकिंग सोडा करेगा मदद-
बेकिंग सोडा भी बर्तनों की सफाई के लिए बहुत ही उपयोगी साबित हो सकता है। आपको करना सिर्फ ये है कि बेकिंग सोडा पानी और नींबू के रस का पेस्ट बनाकर गर्म पानी के साथ बर्तनों की सफाई करनी है। अगर बर्तन बहुत जला हुआ है तो बेकिंग सोडा वाले पेस्ट को थोड़ी देर बर्तन में ही रहने दें।
इसे जरूर पढ़ें:कांच के बर्तनों को नए जैसा बनाए रखने के लिए आजमाएं ये 8 उपाय
3. स्टील के बर्तनों की सफाई-
हम सभी को स्टील के चमकदार बर्तनों को देखकर बहुत ही अच्छा लगता है, लेकिन अगर ये गंदे हो जाएं तो यकीनन बुरा लगेगा। ऐसे में स्टील के बर्तनों की सफाई के लिए भी कुछ हैक्स काम आ सकते हैं।
1. टोमेटो केचअप करेगा मदद-
भले ही आप सोच रहे हों कि ये कैसे होगा, लेकिन टोमेटो सॉस बहुत काम आ सकती है। आप जले हुए स्टील के बर्तन में बहुत सारी टोमेटो सॉस डालकर रात भर के लिए रख दें। आप सुबह देखेंगे कि सॉस के कारण जमी हुई कालिख हट गई है।
2. नींबू का रस-
नींबू का रस भी इसी तरह से बर्तनों की सफाई करेगा। आपको थोड़े टाइम के लिए स्टील के बर्तन में नींबू का रस डालकर रखना है। अगर बर्तन बहुत गंदा है तो उसमें थोड़ा सा लिक्विड सोप डाल दें। इसके बाद आसानी से ये स्क्रब हो जाएगा।
3. वाइन भी आ सकती है काम-
स्टील के बर्तनों में वाइन भी वैसा ही काम करेगी जैसा सिरका करता है। इसके लिए आप जले हुए बर्तन में रात भर के लिए वाइन डालकर छोड़ दें। आपका बर्तन सुबह तक आराम से साफ करने लायक हो जाएगा।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Recommended Video
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों