Ramadan Mubarak 2025: रमजान और रमदान हैं अलग-अलग? जानें दोनों शब्दों का मतलब और इनसे जुड़ा सबकुछ

रमजान का पाक महीना शुरू हो गया है और इसी के साथ लोगों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को मुबारक देनी शुरू कर दी है। कुछ लोग रमजान मुबारक कह रहे हैं, तो कुछ रमदान। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि क्या रमजान और रमदान अलग-अलग होते हैं? आइए, इस बारे में यहां डिटेल से जानते हैं।
Ramzan or Ramadan which is correct

इस्लाम धर्म मानने वालों के लिए सबसे पाक महीना रमजान का होता है। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, साल का 9वां महीना रमजान का होता है। इस पूरे महीने यानी 30 दिन मुस्लिम रोजा रखते और अल्लाह की इबादत करते हैं। रोजा में वह रात के आखिरी पहर से खाना-पीना छोड़ देते हैं और फिर सूरज डूबने के बाद इबादत के बाद ही कुछ खाते हैं। रमजान का महीना पूरा होने के साथ ही ईद मनाई जाती है। यही वजह है कि मुस्लिम समुदाय में रमजान को लेकर खूब उत्साह देखने को मिलता है।

रमजान की शुरुआत के साथ ही सोशल मीडिया पर बधाईयों और मुबारकबाद का दौर शुरू हो जाता है। लोग अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को माह-ए-पाक की मुबारक के मैसेज और संदेश भेजते हैं। अगर आपने कभी इन संदेशों पर गौर किया है तो देखा होगा कि कुछ लोग रमजान मुबारक कहते हैं, तो कुछ रमदान। ऐसे में मन में सवाल उठना लाज्मी है कि आखिर रमजान सही है या रमदान। अगर दोनों ही सही हैं, तो रमजान और रमदान में क्या अंतर है। अगर आपके भी मन में रमजान और रमदान को लेकर किसी तरह का कंफ्यूजन है, तो यह आर्टिकल आपके लिए ही है।

क्या रमजान और रमदान हैं अलग-अलग?

are ramadan and ramazan same

रमजान और रमदान, दोनों ही शब्द सही हैं। इन दोनों का ही इस्तेमाल पाक महीने के लिए किया जाता है। अब सवाल आता है कि आखिर रमजान और रमदान में अंतर क्या है और क्यों कुछ लोग रमजान मुबारक कहते हैं और कुछ रमदान मुबारक। तो इस सवाल का सीधा-सीधा जवाब है भूगोल का अंतर। जी हां, रमजान और रमदान के अंतर में कोई बड़ा लॉजिक नहीं है, बल्कि भाषा का अंतर है।

इसे भी पढ़ें: रमजान में इस तरह मांगे दुआएं, पूरी होगी हर ख्वाहिश

दरअसल, रमजान उर्दू का शब्द है और रमदान पूरी तरह से अरबी भाषा का है। अरबी भाषा की वर्णमाला में ज्वाद अक्षर का स्वर अंग्रेजी में जेड (Z) की जगह डी (D) होता है। यही वजह है कि अरबी में रमजान की जगह रमदान कहा जाता है। हालांकि, बहुत से लोग इस तर्क को नहीं मानते हैं लेकिन, भाषा और भूगोल में अंतर होने की वजह से रमजान और रमदान अलग-अलग बोला जाता है।

भारत में किस शब्द का है ज्यादा प्रचलन?

significance of ramadan and ramazan

भारत में ऊर्दू का प्रचलन ज्यादा देखने को मिलता है, यही वजह है कि यहां रमजान शब्द का ज्यादा इस्तेमाल किया जाता रहा है। लेकिन, पिछले कुछ सालों से लोगों की जुबां पर रमदान भी आने लगा है। इसके पीछे की वजह डिजिटल युग और लोगों का अरब या खाड़ी देशों में आना-जाना बढ़ना भी है। यही वजह है कि लोग रमजान के साथ-साथ रमदान शब्द का भी इस्तेमाल करने लगे हैं।

इसे भी पढ़ें: शब-ए-बारात क्यों मनाया जाता है? जानें इसका इतिहास और महत्व

रमजान और रमदान के अंतर को आप ब्रिटेन की अंग्रेजी और अमेरिकी अंग्रेजी से भी समझ सकते हैं। जैसे की ब्रिटेन की अंग्रेजी और अमेरिकन अंग्रेजी में भी कई शब्दों का उच्चारण और स्पेलिंग अलग-अलग होती है, उसी तरह से रमजान और रमदान भी हैं।

क्या है रमजान शब्द का मतलब?

रमजान शब्द को रम्ज शब्द से लिया गया है। जिसका मतलब माना जाता है, छोटे पत्थरों पर सूरज की पड़ने वाली तेज या तपती गर्मी। इस्लाम धर्म में माना जाता है कि इस महीने में कुरआन नाजिल हुई थी, इसलिए इसे पाक-ए-माह यानी पाक महीना कहा जाता है। रमजान के महीने में इस्लाम धर्म को मानने वाले सूर्योदय से सूर्यास्त तक कुछ नहीं खाते-पीते हैं। कहा जाता है कि यह महीना आत्मचिंतन और गरीबों का दर्द समझने का होता है।

हमारी स्टोरी से रिलेटेड अगर कोई सवाल है, तो आप हमें कमेंट बॉक्स में बता सकते हैं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।

अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP