मिलिए दुनिया की सबसे छोटी स्कूबा डाइवर से, 12 साल की क्याना खरे इंटरनेट पर हो रही हैं वायरल

क्या आपको पता है कि बेंगलुरु की क्याना ने अपने नाम कैसा रिकॉर्ड दर्ज करवाया है? आज मिलिए उनसे जिन्होंने खुद समुंदर को अपने वश में कर लिया है। 

Youngest squba diver kyana

फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' में आपने देखा होगा कि कैसे ऋतिक रोशन डीप सी डाइविंग करके अलग ही महसूस करते हैं। ऐसा ही कुछ होता है बेंगलुरु की क्याना के साथ जिन्होंने 12 साल की उम्र में ही समुंदर पर फतेह हासिल कर ली है। क्याना दुनिया की सबसे कम उम्र की स्कूबा डाइवर हैं। क्याना खरे जब ऑक्सीजन सिलेंडर और स्कूबा गियर पहन कर कॉन्फिडेंस के साथ समुंदर में कूदती हैं, तब कुछ अलग ही अहसास होता है। उनके लिए सब कुछ अलग है और समुंदर के नीचे की दुनिया उनकी पहचान का एक हिस्सा।

क्याना पिछले दो साल से स्कूबा डाइविंग सीख रही हैं। 10 साल की उम्र में वह अंडमान और निकोबार आइलैंड्स में डाइव कर चुकी हैं। उन्होंने पहली बार जब डाइव की तब उन्हें एक अलग तरह का रोमांच दिखा।

उसके बाद उन्होंने स्कूबा डाइविंग सीखना शुरू कर दिया और उन्होंने बाली में एडवांस स्कूबा डाइविंग कोर्स किया। इसके बाद थाईलैंड में एडवांस ओपन वॉटर कोर्स किया। इसके बाद क्याना अंडमान एंड निकोबार आईलैंड्स में मास्टर डाइवर बन गईं।

डाइविंग के क्षेत्र में किए कई कोर्स

क्याना के पास सिर्फ एडवांस ओपन वाटर डाइविंग नहीं बल्कि कई अन्य सर्टिफिकेट्स भी हैं। उन्होंने अंडरवाटर फोटोग्राफी, नाइट्रॉक्स डाइविंग, परफेक्ट बॉयंसी कंट्रोल, रेस्क्यू डाइवर ट्रेनिंग सहित कई अन्य कोर्स किए हैं जिनके कारण वह सिर्फ 12 साल की उम्र में मास्टर डाइवर बन पाई हैं।

एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में क्याना ने अपनी प्रेरणा के बारे में बताया। क्याना ने कहा, "इसमें बहुत ही मजा और रोमांच भरा हुआ है। पानी को आप मेरा दूसरा घर ही समझिए। मैं वहां बहुत मजा करती हूं। पानी के नीचे की दुनिया बिल्कुल अलग है और बहुत ही शांत है। मैं वहां रिलैक्स कर सकती हूं। पानी के अंदर मछलियां भी आपका कुछ नहीं बिगाड़तीं अगर आप उन्हें ना छेड़ें।"

इतनी मुश्किलों के साथ पूरा किया रेस्क्यू डाइवर का कोर्स

क्याना ने अपने उसी इंटरव्यू में कहा कि पानी के नीचे की दुनिया जितनी शांत है उतनी ही डराने वाली भी हो सकती है। उनका सबसे खतरनाक एक्सपीरियंस अंडमान आइलैंड्स में था जहां उन्होंने रेस्क्यू डाइवर की ट्रेनिंग की।

इसे जरूर पढ़ें- बॉलीवुड में छाई सबसे कम उम्र की ये 5 एक्ट्रेसेस, लाखों दिलों की हैं धड़कन

squba diver kyana

अंडमान एंड निकोबार आइलैंड्स में पानी उतना शांत नहीं था और मौसम भी खराब था। उन्हें तूफान के बीच में से पानी के नीचे जाना था और एक बेहोश डाइवर को नाव तक लेकर आना था। नाव उनकी जगह से 20 मीटर दूर थी और वह आसान काम नहीं था। पानी के नीचे आपकी हालत और भी ज्यादा बुरी हो जाती है।

क्याना का कहना है कि स्कूबा डाइविंग आसान नहीं है, उसमें अपने खतरे हैं। आप जिस इंसान के साथ डाइव कर रहे हैं वह पानी के नीचे ही गायब हो सकता है, पानी के नीचे मौसम खराब हो सकता है, ऐसा भी हो सकता है कि आपको पानी के अंदर कुछ भी ना दिखे। कई बार कोई मछली आपको अटैक करने की कोशिश कर सकती है।

जिस तरह की स्थिति के बारे में क्याना ने बताया वह वाकई डराने वाली हो सकती है। अगर देखा जाए, तो पानी के नीचे की दुनिया खूबसूरत भी है और खतरनाक भी। ऐसे समय में क्याना की बहादुरी की तारीफ तो करनी ही पड़ेगी। क्या कभी आपने सोचा है कि स्कूबा डाइविंग आपके लिए क्या अनुभव लेकर आ सकती है?

अपने सुझाव और जवाब हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP