
PCOS/PCOD सिर्फ एक बीमारी नहीं, बल्कि महिला के लिए शारीरिक, मानसिक और इमोशनल संघर्ष जैसा है। हार्मोनल उतार-चढ़ाव, अनियमित पीरियड्स, वजन बढ़ना, थकान, मूड स्विंग्स और भविष्य को लेकर डर,ये सभी मिलकर महिलाओं और लड़कियों को अंदर से तोड़ भी सकते हैं। कई बार वह बाहर से मजबूत दिखती है, लेकिन अंदर ही अंदर अकेले यह लड़ाई लड़ रही होती है।
ऐसे समय में एक पार्टनर का समझना, धैर्य रखना और बिना जज किए साथ खड़े रहना किसी दवा से कम नहीं होता। आपका एक भरोसेमंद हाथ, एक सुकून भरी बात और यह एहसास कि 'तुम अकेली नहीं हो', उनकी आधी लड़ाई वहीं जीत लेता है। PCOS/PCOD से जूझती महिला के लिए प्यार, सहानुभूति और सपोर्ट ही सबसे बड़ी हीलिंग बन जाता है। PCOS/PCOD से परेशान पार्टनर हो तो हर बॉयफ्रेंड-हस्बैंड को कुछ बातों की जानकारी जरूरी होनी चाहिए। इनके बारे में हमें क्लिनिकल डाइटिशियन और पीसीओडी एक्सपर्ट डाइटिशियन काजल अग्रवाल बता रही हैं।
1. यह सिर्फ पीरियड्स की बात नहीं है, यह पूरे शरीर को प्रभावित करता है- PCOS सिर्फ अनियमित पीरियड्स तक सीमित नहीं है। यह लड़कियों और महिलाओं के मेटाबॉलिज्म, दिल और मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डालता है। भले ही आपको बाहर से कोई लक्षण न दिखें, लेकिन जब वह कहें कि तकलीफ है, तो उनकी बात पर पूरा विश्वास करें। उनका दर्द काल्पनिक नहीं, वास्तविक है।

2. मूड स्विंग्स हार्मोनल हैं, पर्सनल नहीं- हार्मोन के लेवल में अचानक बदलाव महिलाओं को बिना वजह उदास या चिड़चिड़ा बना सकता है। जब वह गुस्से में हों या रो रही हों, तब इसे तर्क या बहस से न सुलझाएं। इस समय उन्हें आपकी दलीलों की नहीं, बल्कि आपके धैर्य और शांत झप्पी की जरूरत होती है।
3. थकान परमानेंट है, आलस नहीं- PCOS के कारण होने वाली थकान नॉर्मल थकान से अलग होती है। यह शरीर को अंदर से निचोड़ देती है। महिला पार्टनर को आलसी कहकर शर्मिंदा न करें, बल्कि उन्हें बिना किसी गिल्ट के आराम करने में मदद करें। घर के कामों में हाथ बटाएं ताकि उन्हें चैन मिल सके।
4. वजन का बढ़ना हार्मोनल खेल है, कोशिश की कमी नहीं- PCOS में वजन कम करना पहाड़ चढ़ने जैसा मुश्किल होता है। पार्टनर के खाने-पीने या शरीर की बनावट पर कोई भी कमेंट न करें। उन्हें आश्वासन दें कि वह हर हाल में सुंदर हैं। उन्हें सिर्फ कार्डियो करने के बजाय अपने साथ वेट लिफ्टिंग के लिए प्रोत्साहित करें, जो उनके हार्मोन्स के लिए बेहतर है।
5. एक्ने और बालों का झड़ना तोड़ देता है आत्मविश्वास-चेहरे पर मुहांसे या बालों का पतला होना किसी भी महिला के आत्म-सम्मान को चोट पहुंचा सकता है। उन्हें उनकी बाहरी सुंदरता से परे जाकर सराहें। बार-बार याद दिलाएं कि आपका प्यार उनके लुक्स पर निर्भर नहीं है।

6. तनाव लक्षणों को देता है बिगाड़-तनाव और PCOS का गहरा संबंध है। जितना ज्यादा वह तनाव लेंगी, उनके हार्मोन्स उतने ही असंतुलित होंगे। उनके लिए शांत और खुशहाल माहौल बनाने की कोशिश करें। अपनी पार्टनर के लिए एक ऐसा सेफ स्पेस बनें जहां वह अपना सारा बोझ उतार सकें।
7. कभी-कभी उन्हें प्लान कैंसिल करने पड़ेंगे- हो सकता है किसी दिन वह बहुत उत्साहित हों और ऐन वक्त पर उनकी तबीयत बिगड़ जाए या एनर्जी खत्म हो जाए। ऐसे में उन पर सवाल उठाने या उन पर प्रेशर डालने के बजाय, आराम करने के फैसले का पूरा समर्थन करें।
8. ठीक होने में समय लगता है, सब्र रखें- PCOS का कोई रातों-रात इलाज नहीं है। यह जीवनशैली में बदलाव का लंबा सफर है। जब सुधार की स्पीड धीमी हो, तब भी अपना साथ कम न होने दें। आपकी निरंतरता उन्हें हार मानने से रोकेगी।
यह भी पढ़ें- महिलाओं में Fatty Liver और PCOS की वजह से बढ़ सकता है Diabetes का खतरा, जानें कैसे करें बचाव
9. डॉक्टर के चक्कर और रूटीन मानसिक रूप से देते हैं थका- बार-बार टेस्ट करवाना, अल्ट्रासाउंड और दवाइयों का नियम, यह सब काफी थकाऊ होता है। ऐसे में उनकी सेहत का हाल पूछते रहें, छोटी-छोटी जीत (जैसे वजन कम होना या समय पर पीरियड आना) का जश्न मनाएं और पार्टनर को इंस्पायर करते रहें।

10. उन्हें समाधान की नहीं, समझ की जरूरत है- हर समय उन्हें सलाह न दें। वह पहले से ही बहुत कुछ झेल रही हैं। जब वह अपनी बात कहें, तब बस उन्हें ध्यान से सुनें। सलाह सिर्फ तब दें, जब आपको लगे कि सही समय और सही माहौल है। सुनने की कला किसी भी सलाह से बड़ी होती है।
11. खाने की पसंद नखरे नहीं, मेडिकल जरूरत है- प्रोसेस्ड फूड और चीनी पीसीओएस से परेशान महिलाओं के लिए जहर के समान हैं। जब वह कुछ खास खाने से मना करें, तब उन्हें पिकी ईटर न कहें। पार्टनर के साथ मिलकर हेल्दी भोजन खाएं। अपनी पार्टनर को तली-भुनी चीजों से दूर रखें और घर पर ही हेल्दी डेजर्ट (जैसे खजूर या फल) तैयार करें।
यह भी पढ़ें- क्या आप जानती हैं PCOS और PCOD में पीरियड्स अनियमित क्यों हो जाते हैं?
12. PCOS उनकी पहचान नहीं है- उन्हें बार-बार याद दिलाएं कि वह इस बीमारी से कहीं ज्यादा बड़ी और ताकतवर हैं। इस संघर्ष के साथ रोज मुस्कुराते हुए उठना उनके साहस का प्रमाण है। महिलाओं को उनकी ताकत का एहसास कराएं।
अगर आप भी PCOS/PCOD से परेशान हैं, तो पति को ये बातें जरूर बताएं। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shutterstock
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।