आप रोजाना ऐसी चीजों का सेवन करते हैं, जो आपके स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हों। पौष्टिक आहार आपके समग्र स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है और इसलिए आपको तरह-तरह की दालें, ड्राई फ्रूट्स, फल और सब्जियों को अपने आहार में शामिल करने की सलाह दी जाती है। एक बेहतर सेहत के लिए सबसे ज्यादा जरूरी जो चीज है, तो वो सब्जियां हैं! सेहतमंद रहना है, तो तरह-तरह की सब्जियों को जरूर खाना चाहिए।
ऐसे ही कुछ सब्जियां आपके बालों के लिए बहुत महत्वपूर्ण होती हैं। ये विटामिन, प्रोटीन और मिनरल से भरपूर होती हैं, जो आपके बालों के विकास में मदद करते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर के साथ-साथ आपको काले, लंबे और घने बालों प्रदान करते हैं। ऐसी ही कुछ सब्जियों की बात हम इस लेख में करने जा रहे हैं, जिनसे आपके बालों का विकास होगा और आपको हेल्दी और चमकदार बाल मिलेंगे।
पालक में पर्याप्त मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं। पालक खाने से शरीर में संक्रमण का खतरा कम हो जाता है और आप बीमार नहीं पड़ते हैं। पालक खाने से हड्डियां मजबूत होती है, आंखों की रोशनी भी बढ़ती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह बालों को लिए भी फायदेमंद है। आपके बालों के लिए पौष्टिक मानी जाने वाली सब्जियों में पालक इस सूची में सबसे ऊपर है। खाद्य फाइबर से भरपूर, पालक अन्य आवश्यक विटामिन और खनिजों के अलावा आयरन और जिंक का एक समृद्ध स्रोत है। बालों के लिए ये दो विशेष खनिज अत्यधिक आवश्यक हैं, क्योंकि जिंक और आयरन की कमी से अक्सर कई लोगों के बाल झड़ने लगते हैं।
गाजर विटामिन-ए, विटामिन-सी, विटामिन-के, पोटेशियम व आयरन जैसे कई जरूरी पोषक तत्वों से समृद्ध होती है। बालों के विकास के लिए गाजर दूसरी सबसे अच्छी सब्जी है। गाजर विटामिन बी7 या बायोटिन का एक समृद्ध भंडार है जिसे बालों के लिए एक स्वस्थ टॉनिक माना जाता है। बालों को दोबारा उगाने के लिए बायोटिन जरूरी है। साथ ही यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद करता है जिससे बाल आसानी से नहीं झड़ते। गाजर खाने से न सिर्फ शरीर को पोषक तत्व मिलते हैं, बल्कि कई शारीरिक बीमारियों से भी बचाव हो सकता है।
शकरकंद खाने में जितना स्वादिष्ट होता है, स्वास्थ्य के लिए भी उतना ही फायदेमंद होता है। अंग्रेजी में इसे स्वीट पोटैटो कहते हैं। शकरकंद बीटा-कैरोटीन का बहुत अच्छा स्रोत है। हमारा शरीर बीटा-कैरोटीन को विटामिन ए में बदल देता है। शरीर के भीतर कोशिका की मरम्मत के लिए बीटा-कैरोटीन की आवश्यकता होती है। शकरकंद विटामिन-ए की कमी को काफी हद तक पूरा करता है। शकरकंद बालों की कई समस्याओं को दूर करने के साथ ही उनकी ग्रोथ में मददगार हो सकता है।
टमाटर कई असामान्य गुणों से भरपूर होता है। यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि इसके अंदर पाए जाने वाले विटामिन-ए और विटामिन-सी जैसे कई गुणकारी तत्व स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होते हैं। टमाटर एंटीऑक्सीडेंट के समृद्ध स्रोत हैं। एंटीऑक्सीडेंट भी प्रभावी सेल-रिपेयरिंग एजेंट हैं। टमाटर स्कैल्प की सतह से अशुद्धियों और विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करता है। बेहतर परिणाम के लिए आप या तो सीधे टमाटर का सेवन कर सकते हैं या फिर टमाटर के गूदे को स्कैल्प पर लगा सकते हैं। टमाटर बालों की चमक और चमक बढ़ाने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें :बालों की सेहत के लिए आहार में शामिल करें Biotin-Rich Foods
लहसुन औषधीय गुणों से भरपूर है, जो आपको स्वस्थ रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कई लोग इसके गुणों से वाकिफ ही नहीं हैं। सुबह खाली पेट लहसुन का सेवन हमारे शरीर को कई लाभ देता है। लहसुन बालों के लिए एक आदर्श टॉनिक है। इसे अपने नियमित आहार चार्ट में शामिल करना अच्छा है, क्योंकि इसमें बहुत कम कैलोरी होती है। इसके अलावा, लहसुन में सल्फर की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो बालों को दोबारा उगाने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।
इसे भी पढ़ें :Hair Care Tips: 40 की उम्र के बाद भी आपके बालों को हेल्दी रखते हैं ये 5 फल
लाल रंग की सब्जी खाने से आपका लाइकोपीन बढ़ता है, जो बालों की ग्रोथ रेट को बढ़ाने के लिए जाना जाता है। चुकंदर में लाइकोपीन होता है जो बालों के विकास को प्रोत्साहित करने में मदद करता है। चुकंदर के अलावा, ज्यादातर लाल रंग की सब्जियां बालों के लिए अच्छी होती हैं, क्योंकि उनमें एक ही पोषक तत्व हो सकता है। चुकंदर लोहे, इलेक्ट्रोलाइट्स और पोटेशियम से भरपूर होता है,जो बालों को बेजान और कमजोर होने से बचाते हैं। खाने के अलावा इसे स्कैल्प पर लगाने से यह स्कैल्प को गहराई से मॉइश्चराइज करता है और जड़ों को प्राकृतिक रूप से पोषण देता है।
अगली बार अपने बालों के लिए परेशान होने से पहले यह भी सोचें कि क्या आप इन सब्जियों को अपने आहार में शामिल कर भी रहे हैं? अगर नहीं, तो इन्हें खाना शुरू कर दें। आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।