अभी जो सबसे बड़ा त्योहार देशभर में मनाया जा रहा है वो नवरात्रि है। आज नवरात्रि के तीसरे दिन में मां दुर्गा के तीसरे रूप चंद्रघंटा देवी की पूजा होगी। इन नौ दिनों में ज्यादातर लोग व्रत रखते हैं। इसके बाद दशहरा, करवा चौथ, आदि में भी व्रत रखा जाता है। आप भी अगर व्रत रखती हैं तो हेल्दी फास्टिंग के लिए क्या करती हैं? हेल्दी फास्टिंग के लिए आपको ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जो व्रत उपवास में सात्विक भी माने जाते हैं और आपकी हेल्थ को भी पूरी तरह से ठीक रखें।
अगर आप हेल्दी फास्ट रखना चाहें तो आपको किन चीजों का सेवन करना चाहिए और किन चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए, चलिए आपको इस आर्टिकल में बताएं।
किन चीजों का करें सेवन
हेल्दी फास्टिंग का नियम है कि अपने आहार में ऐसे पोषक तत्व शामिल करें जो उपवास के लिहाज से तामसिक न हो और आपकी हेल्थ का भी पूरा ख्याल रखे।
1. किस तरह का आटा खाएं
व्रत के दौरान नियमित रूप से लोग मैदे से परहेज करते हैं। आपको भी मैदा या गेहूं का आटा खाने से बचना चाहिए। इसकी बजाय आप पूरी, चीला, पराठा, रोटी आदि बनाने के लिए कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, राजगिरा आटा इस्तेमाल कर सकती हैं। यह आटा व्रत के हिसाब भी अच्छा है और आपकी हेल्थ को भी तंदुरुस्त रखते हैं। ये ग्लूटेन फ्री होते हैं और इसलिए व्रत में आपके पेट को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। इनमें फाइबर की भी अच्छी मात्रा होती है जो पचने में आसान होते हैं।
2. फलों का सेवन
हर तरह के फास्ट में फलों का सेवन किया जा सकता है। जब आप व्रत रखें तो आप साबुत फलों का सेवन कर सकते हैं। यदि दूध पी रहे हैं तो उसमें कुछ फल मिलाकर पिए जा सकते हैं। फल आवश्यक विटामिन और खनिजों का एक उत्कृष्ट स्रोत होते हैं और उनमें फाइबर की भी अच्छी मात्रा होती है। इनमें अच्छे एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जो आपकी सेहत को बेहतर बनाने के लिए जरूरी होते हैं।
3. अनाज का सेवन
अब व्रत में अनाज खाना निषेध होता है। इसकी जगह लोग अन्य विकल्पों को चुनते हैं। आटे की तरह ही आप व्रत के दौरान भी छद्म अनाज (Pseudo-Grains) का सेवन कर सकती हैं। अपने अपने आहार में नियमित चावल की बजाय समक के चावल या अमरनाथ के बीजों का उपयोग कर सकती हैं। इन्हें व्रत विशेष भोजन जैसे खिचड़ी, टिक्की और लड्डू बनाने के लिए उपयोग किया जाता है। यह कोलेस्ट्रोल लेवल और ब्लड शुगर लेवल को काफी हद तक कम करने में मदद करते हैं।
इसे भी पढ़ें:Expert Tips: व्रत करने का सही तरीका जानें
4. नमक का सेवन
व्रत में टेबल साल्ट यानि सफेद नमक नहीं खाया जाता है। इसकी जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल किया जाता है जो जो प्राकृतिक है और इसकी प्रोसेसिंग नहीं की जाती है। सेंधा नमक सेहत के लिहाज से बहुत अच्छा माना जाता है। यह सामान्य सर्दी, खांसी को ठीक करता है और साइनस, नाक और गले के मार्ग में ब्लॉकेज को भी साफ करता है।
5. किन सब्जियों को करें शामिल
उपवास के दौरान, शरीर में गर्मी पैदा नहीं करने वाली सात्विक सब्जियों को प्राथमिकता दी जाती है। आलू, कद्दू, टमाटर, लौकी, गाजर, नींबू, रतालू, अरबी और पालक कुछ ऐसी सब्जियां हैं जो आमतौर पर खाई जाती हैं। इनमें से कई सब्जियां डाइजेशन में मदद करती हैं और फाइबर से भरपूर सब्जियां आपके पेट को भरा रखती हैं।
6. डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन
दूध की बनी हुई कई सारी चीजें व्रत में खाई जा सकती हैं। आप घी, पनीर, खोया, मलाई आदि चीजों का सेवन कर सकती हैं। यह हेल्दी फास्टिंग में आपकी मदद करेंगी। इनमें मौजूद पोषक तत्व आपके शरीर को मजबूती प्रदान करते हैं।
किन चीजों का न करें सेवन
अब यह तो बात थी कि कौन-सी चीजें आपको खानी चाहिए। जरूरी है कि आप यह भी जान लें कि क्या आपको बिल्कुल नहीं खाना चाहिए।
1. प्रोसेस्ड फूड आइटम्स न करें
प्रोसेस्ड फूड आइटम्स का सेवन व्रत के दौरान बिल्कुल नहीं खाए जाने चाहिए। इसका कारण है कि इसमें शुगर, सोडियम और फैट का अनहेल्दी लेवल होता है। ये इंग्रीडिएंट्स स्वादिष्ट तो लगते हैं लेकिन गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकते हैं। इसी कारण ऐसे फूड्स से दूरी बनाएं रखें।
इसे भी पढ़ें: एक्सपर्ट्स के अनुसार स्वस्थ रहने के लिए हफ्ते में एक व्रत है जरूरी
2. प्याज और लहसुन से बनाएं दूरी
राजसिक और तामसिक खाद्य पदार्थों का सेवन व्रत में नहीं किया जाना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि वे शारीरिक इच्छाओं को और मानसिक सुस्ती को बढ़ाते हैं। प्याज और लहसुन भी शरीर में गर्मी पैदा करने के लिए जाने जाते हैं, इसलिए व्रत के दौरान प्याज और लहसुन से परहेज करें। वहीं उपवास के दौरान इन्हें खाने से गैस्ट्रोइंटेस्टिनल स्ट्रेस बढ़ सकता है।
3. फली और दालों का सेवन न करें
उपवास के दौरान आपको फली और दालों का सेवन भी बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इन फूड आइटम्स को फलाहारी नहीं माना जाता है, इसलिए इसे सही नहीं मानते हैं। ये दालें आपके पेट पर भी भारी होती हैं और गलत प्रभाव डाल सकती हैं। इन्हें पचाने में आपको ज्यादा वक्त लगता है इसलिए इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
इसके अलावा नॉन-वेज फूड और शराब, अंडे आदि का सेवन भी इस समय नहीं किया जाना चाहिए। इसका कारण भी यही कि ये चीजें तामसिक होती हैं और आपके शरीर पर गलत प्रभाव डालती हैं।
इन टिप्स को भी रखें ध्यान-
- अगर आपने उपवास रखा है तो पर्याप्त रूप से पानी पिएं।
- उपवास के समय में ऐसी एक्टिविटी करने से बचें जो आपको थका सकती है।
- सुबह या शाम मेडिटेशन जरूर करें।
- व्रत तोड़ने के बाद एकदम से खूब सारा खाना न खाएं।
- अगर ठीक न लगे तो उपवास न रखें।
अब आप भी हेल्दी फास्टिंग के इन टिप्स को ध्यान रखें और अपने आहार में ये चीजें शामिल करें। हमें उम्मीद है यह आर्टिकल आपको पसंद आएगा। इस लेख को लाइक और शेयर करें और ऐसे लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों