herzindagi
famous hindu temples in nepal

ये हैं नेपाल के प्रसिद्ध हिंदू मंदिर, जहां लाखों की संख्या में दर्शन करने जाते हैं लोग

आइए जानें देवी-देवताओं की भूमि नेपाल में स्थित प्रसिद्ध हिंदू मंदिरों को बारे में, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु इन मंदिरों के दर्शन करने आते हैं। 
Editorial
Updated:- 2022-04-21, 16:07 IST

नेपाल भारत का पड़ोसी देश है, जो अपनी संस्कृति और आध्यात्म के मामले में भारत से लगभग मिलता जुलता है। इस देश में हिंदू धर्म के कई देवी देवताओं के बहुत पुराने मंदिर हैं, जिन्हें देखने के लिए हर साल लाखों की संख्या में भारतीय पर्यटक नेपाल पहुंचते हैं। आपको बता दें कि कुछ समय पहले तक नेपाल विश्व का एकमात्र हिंदू देश हुआ करता था। यहां हिंदुओं के बहुत सारे मंदिर होने के कारण इस देश को देवी और देवताओं की भूमि भी कहा जाता है। हालांकि यहां बौद्ध धर्म के फैलाव भी नजर आते हैं। पर्यटन की दृष्टि से देखा जाए तो नेपाल काफी समृद्ध और सुशोभित देश है, जो भारत के बिल्कुल करीब है। यहां आप बिना वीजा के जा सकते हैं। ट्रेन या फ्लाइट किसी से भी नेपाल जाने का प्लान कर सकते हैं।

आज हम आपको यहां के कुछ प्रसिद्ध हिंदू मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं। अगर कभी नेपाल जाने का प्लान हो तो इन मंदिरों के दर्शन जरूर करें-

पशुपतिनाथ मंदिर-

pashupatinath temple

नेपाल की राजधानी काठमांडू में बागमती नदी के किनारे स्थित यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। इस मंदिर में नेपाल के राष्ट्रीय देवता का निवास स्थान भी माना जाता है। ऐतिहासिक महत्व के कारण इसे यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स की सूची में शामिल किया गया है। इस मंदिर में सिर्फ हिंदुओं के प्रवेश की अनुमति है, बाकि अन्य धर्म के लोग इसे इसे बाहर से यानि कि बागमती नदी के दूसरे किनारे से देख सकते हैं। इसे नेपाल के सबसे बड़े और पुराने पवित्र मंदिरों में गिना जाता है। पूरे विश्व में स्थित शिव मंदिरों में यह खास स्थान भी रखता है। अगर कभी नेपाल जाएं तो इस ऐतिहासिक भव्य मंदिर का दर्शन जरूर करें।

इसे भी पढ़ें-जानें भारत के प्राचीन मंदिरों के बारे में, जिसका वर्षों पुराना है इतिहास

मुक्तिनाथ मंदिर-

muktidham mandir

मुक्तिनाथ मंदिर नेपाल के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में से एक है। इस मंदिर के आसपास के क्षेत्र को मुक्तिक्षेत्र’ के नाम से जाना जाता हैं। हिंदू धार्मिक मान्‍यताओं के अनुसार यह वह क्षेत्र है, जहां लोगों को मोक्ष की प्राप्‍ति होती है। इस मंदिर की यात्रा काफी मुश्किलों से भरी हुई हैं। यहां की यात्रा के दौरान हिमालय पर्वत के एक बड़े से हिस्‍से को लांघना पड़ता है। यह मंदिर बौद्ध और हिंदू दोनों धर्म के अनुयायिओं के लिए खास महत्व रखता है। शालिग्राम भगवान को समर्पित यह मंदिर वैष्‍णव संप्रदाय के प्रमुख मंदिरों में से एक है। हिंदू धर्म में शालिग्राम दरअसल एक पवित्र पत्‍थर होता है, जो पूजनीय माना जाता है।

इसे भी पढ़ें-ऐसा मंदिर जहां घर से ठुकराए प्रेमियों को मिलती है शरण, आप भी जानें

मनकामना मंदिर-

mankamana mata mandir

मनकामना माता मंदिर नेपाल की राजधानी काठमांडू से लगभग 105 किमी दूर स्थित है। इस मंदिर के पीछे एक कहानी है कि सालों पहले एक किसान ने गलती से एक पत्थर को चोट मार दी थी और अचानक उस पत्थर से खून और दूध एक साथ निकलने लगे थे। इसलिए यहां लोगों ने माता का मंदिर बनावाया। यहां के लोग पत्थर को देवी का अवतार मानते हैं। लोग कहते हैं कि यहां सच्ची श्रद्धा से मांगी गई मन्नत पूरी हो जाती है। दशहरा पूजा के दौरान इस मंदिर में श्रद्धालुओं की बहुत भीड़ होती है। अष्टमी पूजा के दौरान यहां बली चढ़ाने की भी परंपरा है।

इसे भी पढ़ें-शिव भक्तों के लिए भारत में सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिर

चांगुनारायण मन्दिर-

changunarayan temple

नेपाल की राजधानी काठमांडू के चंगु गांव में स्थित इस मंदिर को 325 ईसवी में बनवाया गया था। चौथी शताब्दी के दौरान निर्मित इस मंदिर को भगवान विष्णु के सबसे प्राचीन मंदिरों के रूप में जाना जाता है। इस मंदिर की वास्तुकला नेपाली शैली पर आधारित है। ऐतिहासिक महत्व और भव्य शैली के कारण यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स में इस मंदिर को शामिल किया गया है। इस मंदिर के अंदर रुद्राक्ष के पेड़ भी लगे हैं।

अगर कभी नेपाल जाने का मौका मिले, तो बताए गए इन मंदिरों को देखने एक बार जरूर जाएं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे अन्य लेख पढ़ने के लिए क्लिक करें herzindagi.com

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।