शादी हो या त्योहार मेहंदी के बिना महिलाओं का श्रृंगार पूरा नहीं होता है। साल 2024 खत्म होने को है, मगर इस साल भी ढेरों त्योहार और ऐसे अवसर आए जब महिलाओं ने मेहंदी डिजाइंस तलाशने के लिए इंटरनेट खंगाल डाला। हमने भी उन्हें निराश नहीं किया और ऐसे मेहंदी डिजाइंस पेश किए, जिन्होंने उनका मन मोह लिया। मेहंदी डिजाइंस को लेकर महिलाओं में जो क्रेज है, वो कभी न खत्म होने वाला है और इसकी दीवानगी बढ़ती ही जा रही है। इसकी बड़ी वजह है कि अब मेहंदी डिजाइंस में ट्रेडिशनल के साथ-साथ मॉडर्न और अलग तरह की आर्ट्स को भी देखा जा रहा है। ऐसे में हम आपको इस आर्टिकल में बताएंगे कि इस वर्ष सबसे ज्यादा कौन सी मेहंदी डिजाइंस का क्रेज रहा है। इस लेख में हम आपको वर्ष 2024 के सबसे लोकप्रिय और आकर्षक मेहंदी डिजाइंस की तस्वीरें दिखाएंगे, जो आप आगे भी किसी अवसर पर हाथों में लगा सकती हैं।
कैरी का डिजाइन हमेशा से ही महिलाओं का पसंदीदा रहा है। कैरी की इकहरी और दोहरी बेलों का पैटर्न हाथों और बाजुओं पर बेहद खूबसूरत लगता है। यह डिजाइंस न केवल दिखने में क्लासिक लगता है बल्कि इसे बनाना भी आसान है। अगर आप सिंपल और एलिगेंट मेहंदी डिजाइन चाहती हैं, तो यह आपके लिए परफेक्ट रहेगा।
मोर की खूबसूरती से तो हम सभी वाकिफ हैं और अगर यह मेहंदी डिजाइन में उकेर दी जाए, तो मेहंदी खास बन जाती है। इस साल "बाग में बैठे मोर" की थीम पर आधारित मेहंदी डिजाइंस ने काफी धूम मचाई है। यह डिजाइंस ना सिर्फ आपके हाथों को भरा हुआ दिखाता है बल्कि इसमें कला और सौंदर्य का अद्भुत संगम नजर आता है। शादी या सगाई जैसे मौकों के लिए इस तरह की डिजाइंस एकदम परफेक्ट रहती हैं।
इसे जरूर पढ़ें- Ghani Mehndi Design: महफिल में होंगे आपके ही चर्चे, हाथों पर लगाएं घनी और महीन मेहंदी की ये डिजाइंस
जाल वाले पैटर्न इस साल भी काफी ट्रेंड में रहे। यह डिजाइन बनाने में आसान होती है और दिखने में भी बहुत अच्छी लगती है। जाल और उसके अंदर बने छोटे-छोटे डिजाइन हाथों को भरा हुआ दिखाते हैं। यह डिजाइंस मॉडर्न और पारंपरिक दोनों तरह की ड्रेस के साथ जंचता है। अगर आप कुछ क्लासिक और डिटेल्ड डिजाइंस चाहती हैं, तो इसे जरूर ट्राई करें। इससे आपके हाथ भी भरे-भरे दिखेंगे।
झूमर डिजाइंस इस साल काफी ट्रेंड में रही। ट्रेडिशनल और मॉडर्न दोनों का मिक्स पसंद करती हैं, तो मेहंदी में झूमर डिजाइन को शामिल कर सकती हैं। यह डिजाइन खासतौर पर दुल्हन के हाथ पर बहुत ही जंचती है। हाथों पर झूमर के साथ-साथ आप अन्य डिजाइंस को भी मिक्स करके हाथों को खूबसूरत अंदाज दिया जा सकता है। इस तरह की डिजाइन बनवाने में बहुत अधिक समय भी नहीं लगता है।
सबसे आसान, खूबसूरत और ट्रेडिशनल दिखने वाली गोल टिक्की मेहंदी डिजाइन को इस वर्ष कैरी डिजाइंस के बाद सबसे ज्यादा पसंद किया गया। गोल टिक्की डिजाइन मेहंदी हो या फैब्रिक हमेशा से पारंपरिक डिजाइंस का हिस्सा रहा है। 2024 में इसे एक मॉडर्न ट्विस्ट के साथ पेश किया गया। अब गोल टिक्की के चारों ओर फ्लोरल और जियोमेट्रिक पैटर्न बनाए जाते हैं, जिससे यह और भी सुंदर दिखती है। यह डिजाइन खासतौर पर त्योहारों के लिए परफेक्ट है।
इसे जरूर पढ़ें- मेहंदी के ऊपर फेविकोल लगाने से क्या होता है? इस जबरदस्त हैक से सुर्ख लाल रचेगी आपकी डिजाइन
मंडला आर्ट ने मेहंदी की दुनिया में एक नया ट्रेंड सेट किया है। गोल आकार के भीतर बने जटिल और सुंदर पैटर्न हाथों पर बेहद आकर्षक लगते हैं। यह डिजाइन ध्यान और शांति का प्रतीक होता है, जो इसे और भी खास बनाता है।
कमल का फूल शुद्धता और सुंदरता का प्रतीक माना जाता है। 2024 में कमल के डिजाइन वाली मेहंदी काफी पसंद की गई। यह डिजाइन हाथों और पैरों दोनों पर बनाया जा सकता है। इसे फूलों और पत्तियों के साथ मिलाकर एक अनूठा पैटर्न बनाया जाता है। आप कमल का जाल, मोटिफ बनाने के साथ ही मंडला आर्ट में भी इसे जोड़ सकती हैं।
यह बहुत ही सिंपल लेकिन प्रभावशाली दिखती है। बॉर्डर मेहंदी डिजाइंस इस साल काफी लोकप्रिय रहे। हाथों के किनारों पर बनी यह डिजाइंस न केवल अलग दिखती हैं बल्कि इसे बनाना भी आसान है। आप इसे किसी भी मौके के लिए चुन सकती हैं। इसे बनाना तो आसान होता ही है, साथ ही यह दिखने में बहुत खूबसूरत लगती है और हाथों को भरा-भरा दिखाती है।
साल 2024 में इन मेहंदी डिजाइंस ने महिलाओं के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। ये डिजाइंस न केवल खूबसूरत हैं बल्कि हर मौके पर आपकी खूबसूरती को और निखारते हैं। तो इस साल के खत्म होने से पहले इन शानदार डिजाइंस को जरूर आजमाएं और अपने हाथों की खूबसूरती में चार चांद लगाएं।
Image Credit- Mehendi Artist Pranali Nagpur / Instagram
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।