
सर्दियों के मौसम में केवल गालों या होंठों के फटने की समस्या नहीं होती है। जिनकी त्वचा ड्राई होती है, उनके नाखूनों के आस-पास की खाल भी उखड़ने लगती है। यह हाथों की खूबसूरती को तो प्रभावित करती ही है, साथ ही इस स्थिति में कई बार नाखूनों में इंफेक्शन भी हो जाता है।
आज हम आपको कुछ बेहद आसान घरेलू नुस्खे बताएंगे, जो आपकी इस समस्या को कम करने में मदद करेंगे।
इसे जरूर पढ़ें- 2 मिनट में ऐसे लगाएं नेल एक्सटेंशन, जानें तरीका

नाखून के इर्द-गिर्द महीन सी जो खाल होती है उसी को क्यूटिकल कहा जाता है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी द्वारा की गई एक स्टडी के मुताबिक, अगर आपके नाखूनों के क्यूटिकल को नुकसान पहुंचता है, उसमें घाव हो जाता है या फिर खाल उखड़ने लगती है तो इससे आपके नाखूनों की सेहत भी प्रभावित होती है। दरअसल, ये क्यूटिकल ही नाखूनों को किसी भी प्रकार की गंदगी के अंदर घुसने और संक्रमण से बचाते हैं।
किसी भी कारण से यदि क्यूटिकल जख्मी या फिर कट-फट जाते हैं , तो नाखूनों में तरह-तरह का संक्रमण हो सकता है, जो न केवल नाखूनों की खूबसूरती को बिगड़ता है बल्कि यह स्थिति बेहद दर्दनाक भी होती है।
नारियल का तेल
नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन द्वारा किए गए एक शोध के मुताबिक नारियल का तेल एंटी इंफ्लेमेटरी होता है। सर्दियों में कई बार हाथों की उंगलियों में सूजन की समस्या हो जाती है, जिससे त्वचा फटने लगती है। इसका प्रभाव क्यूटिकल पर भी पड़ता है। नारियल का तेल अगर आप नाखूनों पर लगाती हैं, तो इससे आपके नाखून चमकदार हो जाएंगे और क्यूटिकल्स को भी लाभ पहुंचेगा।
इसे जरूर पढ़ें- चाहती हैं लंबे और चमकदार नाखून, तो इस्तेमाल करें बादाम का तेल
Hz Tip: दिनभर में केवल एक बार ही नहीं बल्कि कई बार आपको अपने नाखूनों पर नारियल का तेल लगाना चाहिए। इससे आपको बहुत अच्छे रिजल्ट्स देखने को मिलेंगे।
ओट्स का पेस्ट
कई बार डेड स्किन जमा होने की वजह से भी क्यूटिकल प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में आप ओट्स का प्रयोग कर सकती हैं। ओट्स की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें डैमेज त्वचा को रिपेयर करने का क्षमता होती है। इतना ही नहीं, यह बहुत अच्छा एक्सफोलिएटर होता है। आप ओट्स को भिगोकर उसका पेस्ट बना लें और फिर उसे नाखूनों पर लगा लें। ऐसा करने से त्वचा में चमक आ जाती है और वह मुलायम भी हो जाती है।
Hz Tip: ओट्स त्वचा को नमी प्रदान करता है। आप ओट्स का पेस्ट नाखूनों पर नियमित रूप से लगा सकती हैं।

एलोवेरा जेल
एलोवेरा जेल में एंटी बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, यही कारण है कि यह त्वचा के लिए सुरक्षा कवच के समान होता है। इसमें एक ऐसा कंपाउंड होता है, जो त्वचा में नमी बनाए रखता है। आप इसे डायरेक्ट नाखूनों पर लगा सकती हैं। इससे नाखूनों में चमक आती है और क्यूटिकल के लिए भी यह बहुत लाभकारी होता है।
Hz Tip: अगर एलोवेरा जेल आपकी त्वचा पर सूट नहीं करता है, तो इसे डायरेक्ट लगाने के स्थान पर आप गुलाब जल मिक्स करके भी लगा सकती हैं।
दूध में नाखूनों को डिप करें
दूध में मौजूद फैट त्वचा को डीप मॉइस्चराइज करता है। आपकी त्वचा यदि ड्राई है, तो नाखूनों के आस-पास आपको भी स्किन पीलिंग की समस्या रहती होगी। 1 कटोरी कच्चे दूध में 10 मिनट के लिए अपने नाखूनों को डिप कर लें। इससे आपको इस समस्या से बहुत राहत मिलेगी।
Hz Tip:नाखूनों डिप करने के लिए ठंडे दूध की जगह आपको नॉर्मल तापमान में ही दूध का इस्तेमाल करना चाहिए। ठंडे दूध में नाखून डिप करने पर क्यूटिकल और भी ज्यादा ड्राई हो सकते हैं।
नोट- अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो एक बार पैच टेस्ट जरूर करें और फिर ऊपर बताए गए नुस्खों का प्रयोग करें।
उम्मीद है कि आपको यह आर्टिकल पसंद आया होगा। इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह के और आर्टिकल पढ़ने के लिए हमें कमेंट करके बताएं और हरजिंदगी के साथ जुड़े रहें।
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।