
हिंदू धर्म में मासिक शिवरात्रि महादेव की कृपा पाने का एक बहुत ही पवित्र दिन माना जाता है। वैसे तो यह हर महीने आती है, लेकिन नए साल की पहली मासिक शिवरात्रि खास होती है क्योंकि यह साल की शुरुआत में ही भगवान शिव का आशीर्वाद लेने का सबसे अच्छा मौका है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन पूरी श्रद्धा से व्रत रखने और भोलेनाथ की पूजा करने से जीवन की सभी मुश्किलें और बाधाएं दूर हो जाती हैं।
अगर आप भी चाहते हैं कि आपका पूरा साल खुशियों से भरा रहे और आपकी हर मनोकामना पूरी हो, तो इस शुभ दिन पर भगवान शिव की शरण में जरूर जाएं। वृंदावन के ज्योतिषाचार्य राधाकांत वत्स के अनुसार, इस दिन कुछ आसान और विशेष उपाय करने से महादेव जल्दी प्रसन्न होते हैं और भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं।
भगवान शिव को अभिषेक अत्यंत प्रिय है। मासिक शिवरात्रि के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और मंदिर जाकर शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करें। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से बना पंचामृत चढ़ाएं। ऐसा माना जाता है कि जो व्यक्ति प्रेमपूर्वक शिव का अभिषेक करता है उसके जीवन से दरिद्रता दूर होती है और सुख-समृद्धि का आगमन होता है। अभिषेक करते समय 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का निरंतर मानसिक जाप करते रहें।

शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाना सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। ध्यान रहे कि बेलपत्र कहीं से कटा-फटा न हो और उस पर चंदन से 'राम' या 'ॐ' लिखकर अर्पित करें। इसके साथ ही, अगर आप शमी के पत्ते महादेव को चढ़ाते हैं तो शनि दोषों से मुक्ति मिलती है और करियर में सफलता प्राप्त होती है। सफेद रंग के फूल जैसे आंकड़े या कनेर के फूल चढ़ाना भी इस दिन बहुत शुभ माना गया है।
यह भी पढ़ें- Shiv Ji Ke Upay: शनिवार के दिन शिव जी से जुड़े करें ये उपाय, बनी रहेगी सुख-समृद्धि
शाम के समय शिव मंदिर में जाकर गाय के घी का दीपक जलाएं। इसके साथ ही अखंडित अक्षत भगवान शिव को अर्पित करें। शास्त्रों के अनुसार, अखंडित चावल चढ़ाने से अटके हुए धन की प्राप्ति होती है और आर्थिक तंगी दूर होती है। दीपक जलाते समय महादेव से अपने परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करें, इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है।

इस विशेष दिन पर केवल पूजा ही नहीं बल्कि वाणी से महादेव की स्तुति करना भी फलदायी है। शिव मंदिर या घर के पूजा स्थान पर बैठकर शिव चालीसा या रुद्राष्टकम का पाठ करें। यदि आपके पास समय कम है तो महामृत्युंजय मंत्र का 108 बार जाप करें। यह उपाय न केवल मानसिक शांति देता है बल्कि अज्ञात भय और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी दूर करता है।
यह भी पढ़ें- भगवान शिव और हनुमान जी के बीच क्यों हुआ था युद्ध?
मासिक शिवरात्रि पर दान-पुण्य का विशेष महत्व है। पूजा संपन्न करने के बाद किसी जरूरतमंद व्यक्ति को सफेद वस्तुएं जैसे दूध, चावल या सफेद वस्त्र दान करें। महादेव को भोलेनाथ कहा जाता है क्योंकि वे बहुत जल्द प्रसन्न होते हैं। निस्वार्थ भाव से किया गया दान आपकी पूजा को पूर्ण बनाता है और पितरों का आशीर्वाद भी दिलाता है।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image credit: herzindagi
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।