वैसे तो दांतों से संबंधित कोई भी समस्या आपको किसी भी मौसम में हो सकती है, लेकिन गर्मियों के मौसम में ऐसे कई कारण हैं जिनसे दांत में दर्द से लेकर संक्रमण तक कई परेशानियां होने लगती हैं। कई बार हम अपने शरीर की देखभाल करते समय दांतों को इग्नोर कर देते हैं जिससे कोई भी छोटी परेशानी बड़ा रूप तक ले लेती है। डेंटल हेल्थ पूरे साल महत्वपूर्ण होती है लेकिन गर्मियों में हमारे खान पान की आदतें, पानी कम पीना, ठीक से दांतों की सफाई न करना जैसे कई कारक दांतों में दर्द और मसूड़ों में तकलीफ पैदा करते हैं।
इस मौसम में आपको अपनी ओरल हेल्थ का विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है। अगर आप दांतों के साथ मसूड़ों को भी मजबूत बनाए रखना चाहते हैं तो स्माइल केयर डेंटल यूनिट, कोलकाता के डॉक्टर विवेक तिवारी, BDS (cal) से जानें कि गर्मियों में दांतों की समस्याओं से बचने और ओरल हाइजीन रखने के लिए कौन सी युक्तियां अपनानी चाहिए।
क्या आप जानते हैं कि हीटवेव आपके दांतों और मसूड़ों को भी नुकसान पहुंचाती है? चिकनपॉक्स, खसरा, सनबर्न और अन्य गर्मियों की बीमारियों के अलावा, गर्मियों के दौरान विभिन्न दंत समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। दरअसल इस मौसम मेंशरीर के तापमान में वृद्धि के कारण डिहाइड्रेशन होता है। शरीर में कम नमी लार ग्रंथियों को प्रभावित करती है जो बदले में लार के प्रवाह को कम करती है। कम लार का स्तर आपके दांतों, मसूड़ों को सुखा देता है, जिससे मुंह के ऊतकों में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं और विभिन्न दंत रोग हो जाते हैं।
गर्म मौसम में हाइड्रेटेड रहना कठिन हो सकता है, इसलिए आपके दांतों की स्वच्छता और आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भरपूर पानी पीना आवश्यक है। जब आप हाइड्रेटेड नहींहोते हैं, तो आपका मुंह लार का उतना कुशलता से उत्पादन नहीं करता है। लार बैक्टीरिया और खाद्य कणों को धो देती है, जो प्लाक के निर्माण को रोककर आपके दांतों और जीभ को साफ रखती है।
अपने दांतों को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने के लिए आप दिन में दो बार ब्रश करें और दिन में एक बार फ्लॉस करें। जैसे-जैसे मौसम गर्म होता है, बहुत से लोग अधिक मीठे खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों का सेवन करते हैं, इसलिए गर्मियों के दौरान अच्छी ओरल हाइजीन विशेष रूप से महत्वपूर्ण होती है। यदि आपने कुछ समय से अपना टूथब्रश नहीं बदला है, तो आपको एक नरम-ब्रिसल वाला ब्रश खरीदना चाहिए। आपको फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट करना चाहिए, जो आपके दांतों की सुरक्षा में मदद करेगा।
गर्मियों के मौसम में बहुत से लोग हाइड्रेशन के लिए सोडा, फलों के रस, सॉफ्ट ड्रिंक पीना पसंद करते हैं। शरीर की गर्मी को कम करने और खुद को मॉइस्चराइज करने में मदद करने के बावजूद, इन तरल पदार्थों में अत्यधिक शर्करा और एसिडिक तत्व मौजूद होते हैं जो दांतों के लिए हानिकारक होते हैं। इसका कारण यह है कि खाद्य पदार्थों में मौजूद एसिड और शर्करा दांतों को खराब करने के लिए बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं। इसलिए आपको दांतों को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के सॉफ्ट ड्रिंक्स से बचना चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें:Expert Tips: अक्ल दाढ़ में दर्द से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये घरेलू नुस्खे
गर्मियों के मौसम में स्वस्थ भोजन करना आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। साथ ही, ऐसा भोजन आपके दांतों के लिए भी फायदेमंद होता है। खाने में ज्यादा मीठे पदार्थों के सेवन से बचें। दरअसल मीठे खाद्य पदार्थ दांतों में प्लाक बिल्डअप का कारण बनते हैं, जिससे कैविटी और दांतों की सड़न हो सकती है। इसके बजाय अपनी रसोई में मौसमी फलों और सब्जियों को स्टॉक करें, ताकि आपके पास हमेशा स्वस्थ भोजन उपलब्ध रहे। वे आपके दांतों और आपके शरीर के बाकी हिस्सों के लिए बेहतर होंगे।
गर्मियों के मौसम में लोग शरीर को जल्दी ठंडक देने के लिए बर्फ चबाते हैं। हालांकि, यह आदत आपके दांतों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। बर्फ पर क्रंच करने से दांत टूट सकते हैं और मसूड़े भी क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। इस मौसम में आप दांतों से बर्फ चबाने की बजाय ठंडा पानी या जूस पी सकते हैं।
गर्मियों के मौसम में समय-समय पर डेंटिस्ट से मिलना आपके दांतों को साफ रखने में मदद कर सकता है और दांतों की समस्याओं का जल्द पता लगाने में भी आपकी मदद कर सकता है। समय -समय पर डेंटिस्ट की सलाह लें और दांतों की उचित देखभाल करें।
इसे जरूर पढ़ें:एक्सपर्ट टिप्स: स्केलिंग के बाद दांतों की देखभाल के लिए अपनाएं ये टिप्स
गर्मियों के मौसम में दांतों की सही देखभाल करके और उपर्युक्त युक्तियों को अपनाकर आप कई समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik and pixabay
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।