herzindagi
toran vastu tips by expert

Vastu Tips: घर में बंधनवार या तोरण लगाते समय वास्तु की इन बातों का रखें ध्यान, आएगी सुख समृद्धि

लोग घर के मुख्य द्वार की सज्जा के लिए बंधनवार यानी कि तोरण का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इसे लगाते समय भी वास्तु के नियमों का पालन करना जरूरी है।  
Editorial
Updated:- 2022-03-09, 17:31 IST

घर की खूबसूरती बढ़ाने और किसी भी त्योहार में घर में रौनक लाने के लिए लोग दरवाजों पर बंधनवार यानी तोरण लगाते हैं। तोरण जहां एक तरफ घर को सुसज्जित करने का काम करता है वहीं इसके वास्तु से जुड़े हुए कुछ कारण भी होते हैं। कुछ लोग घर की सुख समृद्धि के लिए घर के मुख्य द्वार पर तोरण यानी बंधनवार लगाते हैं और कुछ लोगों का मानना है कि इसे मुख्य द्वार या किसी भी प्रवेश द्वार पर लगाने से माता लक्ष्मी का घर में आगमन होता है।

लोग कई बार घर में ताजे फूलों से बना हुआ तोरण लगाते हैं, तो कई बार बाजार में मिलने वाले तरह -तरह के तोरण से घर को सजाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस प्रकार घर की हर एक चीज के लिए वास्तुशास्त्र मायने रखता है उसी तरह घर में बंधनवार लगाने का भी अपना एक अलग वास्तु होता है? आइए Life Coach और Astrologer, Sheetal Shaparia जी से जानें घर में बंधनवार या तोरण लगाने के लिए वास्तु के कुछ नियमों के बारे में।

हरे फूलों और पत्तों का तोरण है शुभ

green leaves toran

यदि आपके घर का मुख्य द्वार पूर्व दिशा की ओर है तो वहां हरे फूलों और पत्तों का तोरण या बंधनवार लगाना चाहिए। ताजे फूलों से बना तोरण आपके जीवन में खुशियां लाएगा। यदि आप मुख्य द्वार पर आम के पत्तों और पीले फूलों का तोरण लगाती हैं तो यह घर में माता लक्ष्मी के लिए प्रवेश द्वार खोल सकता है। आम के पत्ते लक्ष्मी जी को प्रिय होते हैं इसलिए ऐसा बंधनवार घर की सुख समृद्धि के लिए अच्छा होता है।

तोरण के लिए जरूरी हैं विशेष रंग

शीतल जी बताती हैं कि यदि आप घर के प्रवेश द्वार पर माता लक्ष्मी के आगमन के लिए बंधनवार लगाती हैं तो इसे खरीदते समय इसके रंगों का विशेष ध्यान देना चाहिए। यदि आपके घर का प्रवेश द्वार उत्तर दिशा की ओर है तो मुख्य द्वार के लिए नीले या आसमानी रंग के फूलों के तोरण का प्रयोग करना चाहिए। इन रंगों का तोरण घर में खुशहाली लाने के साथ आर्थिक लाभ भी देता है।

इसे जरूर पढ़ें:Vastu Tips: घर के मुख्य द्वार पर भूलकर भी न रखें ये 7 चीज़ें, हो सकती है धन हानि

दक्षिण दिशा में ऐसा बंधनवार लगाएं

red flower bandhanar south

यदि घर का प्रवेश द्वार दक्षिण दिशा (दक्षिण मुखी घर के वास्तु टिप्स) में हो तो हमेशा तोरण लाल, नारंगी या घर से मिलते जुलते रंग का होना चाहिए। दूसरी ओर पश्चिम द्वार के पास पीले फूलों का तोरण भाग्यशाली माना जाता है। इसके अलावा दक्षिण दिशा के लिए तोरण लगाते समय आम के पत्तों की टहनी का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यह सभी रंग और डिज़ाइन दक्षिण दिशा के लिए अत्यंत शुभ और अच्छे माने जाते हैं।

भूलकर भी न लगाएं ऐसा बंधनवार

  • वैसे तो घर के मुख्य द्वार पर ताजे फूलों और पत्तियों का बंधनवार लगाना शुभ माना जाता है लेकिन यदि ऐसा बंधनवार सूख जाए तो इसे प्रवेश द्वार से तुरंत हटा देना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि सूखे हुए पत्ते घर में माता लक्ष्मी के प्रवेश को रोक देते हैं और दरिद्रता का कारण बन सकते हैं। सूखे बंधनवार से घर में नकारात्मक ऊर्जा पैदा होती है और घर के सदस्यों को शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
  • घर में जहां तक हो सके आपको ताजे फूलों का इस्तेमाल ही करना चाहिए। बंधनवार के रूप में क्रत्रिम फूलों और वस्तुओं का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इसके अलावा घर में किसी कंटीली पत्तियों या फूलों से बने तोरण का इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए।

toran vastu by sheetal

क्या है एक्सपर्ट की राय

शीतल जी बताती हैं कि जब आप घर में बंधनवार या तोरण लगाती हैं तो यह घर में सकारात्मकता का कारण बनता है और घर की आर्थिक स्थिति को ठीक करने में मदद करता है। कुछ विशेष अवसरों जैसे होली, दीपावली, शादी या अन्य शुभ अवसरों पर मुख्य द्वार और घर के अन्य दरवाजों पर बंधनवार लगाना अत्यंत शुभ (दिवाली पर बंधनवार लगाने का क्‍या है महत्‍व) माना जाता है। इसके अलावा आपको इन शुभ अवसरों पर पुराना बंधनवार हटाकर उसकी जगह नया बंधनवार लगाना चाहिए।

यदि आप भी घर में बंधनवार लगाती हैं तो आपको इस बात पर विशेष ध्यान देना होगा कि वास्तु के अनुसार और सही दिशा में सही रंगों का बंधनवार लगाएं जिससे घर में खुशियों का प्रवेश हो सके।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के वास्तु से जुड़े अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit: freepik.com and shutterstock

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।