लड़कियों के फटी जींस पर बयान देकर फंसे उत्तराखंड के CM, इन सेलेब्स ने ट्विटर पर पोस्ट शेयर कर निकाला अपना गुस्सा

हाल ही में उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने लड़कियों की (रिप्ड) फटी जींस को लेकर बयान दिया है। सीएम के इस बयान से लोग काफी हैरान हैं।

uttarakhand c m name

भारत में यह पहली बार नहीं है जब किसी नेता ने महिलाओं की पैंट और स्कर्ट पर बयान दिया हो। इससे पहले भी कई नेता अपनी चुनावी रैली या फिर आम भाषणों में महिलाओं के पहनावे को लेकर भद्दे कमेंट कर चुके हैं। हालांकि अन्य देशों की तुलना में भारत में नेताओं का इस तरह बयान देना काफी आम है। समय के साथ नेताओं के इस तरह के बयानों में भले ही कोई बदलाव न आया हो लेकिन महिलाओं ने इसका सामना करना जरूर सीख लिया है। अब वह एकजुट होकर इस तरह की मानसिकता से लड़ने के लिए तैयार रहती हैं। बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने एक कार्यक्रम में शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ''महिलाएं आज फटी जींस पहन रही हैं, ऐसे में बच्चे क्या संस्कार सीखेंगे।''

सीएम तीरथ सिंह यहीं नहीं रूके, उन्होंने इसके साथ ही एक किस्सा भी सुनाया। वह कहते हैं कि ''मैं एक हवाई जहाज से जयपुर जा रहा था और मेरे बगल में एक बहनजी बैठी हुईं थीं। मैंने उनकी तरफ देखा नीचे बूट थे और जब ऊपर देखा तो उनकी जींस घुटने से फटी हुई थी। उनके साथ दो बच्चे भी थे और वह महिला एक एनजीओ चलाती हैं। समाज के बीच में जाती हैं, ऐसे में वह क्या संस्कार देंगी।''मुख्यमंत्री के इस बयान के सामने आने के बाद कई सेलेब्स ने ट्विटर पर पोस्ट शेयर किए हैं। यही नहीं #RippedJeansTwitter ट्विटर पर काफी ट्रेंड कर रही है।

नवेली नंदा ने शेयर किया पोस्ट

navya naveli nanda

एक्टर अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा ने भी सीएम रावत के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी फटी जींस के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा-''हमारे कपड़े बदलने से पहले अपनी मानसिकता को बदलो। मैं रिप्ड जींस पहनूंगी, थैंक्यू। मैं गर्व से रिप्ड जींस पहनूंगी''। इसके अलावा उन्होंने एक और स्टोरी शेयर करते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया कि -''क्या वह सही माहौल उपलब्ध करा सकते हैं?'' बता दें कि यह पहली बार नहीं जब नव्या ने किसी मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी हो, इससे पहले भी वह अपनी बातें खुलकर रखती आईं हैं।

इसे भी पढ़ें:See Pics: नव्‍या नवेली नंदा की 10 खूबसूरत तस्‍वीरें देखें

एक्ट्रेस गुल पनाग का पोस्ट

एक्ट्रेस गुल पनाग महिलाओं के मुद्दे पर हमेशा बोलती नजर आईं है। ऐसे में उन्होंने इस मामले में ट्विटर पर अपनी एक तस्वीर शेयर की है। जिसमें वह रिप्ड जींस पहने नजर आ रही हैं। इस तस्वीर में उनके बेटे भी साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा- 'टेक आउट रिप्ड जींस'। गुल पनाग के अलावा एक्ट्रेस स्वारा भास्कर ने भी इस मामले पर रिएक्ट किया है। दरअसल मुख्यमंत्री के इस बयान पर महिलाएं लगातार #RippedJeansTwitter को लेकर पोस्ट शेयर कर रही हैं। ऐसे में स्वरा ने कुछ लोगों के पोस्ट पर कमेंट किया है, जिसमें उन्होंने हंसने वाली ईमोजी बनाई है।

इसे भी पढ़ें:पैराग्लाइडिंग करती हुई लड़की की डर से चिल्लाते हुए वीडियो हुई वायरल, जानें पूरी खबर

महिलाओं पर भारतीय नेताओं के बिगड़े बोल

mulayam singh yadav

मुलायम सिंह यादव: कई नेताओं ने इससे पहले महिलाओं पर विवादित बयान दिए हैं। जिसमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेता मुलायम सिंह यादव का भी नाम शामिल है। उन्होंने एक चुनावी रैली में कहा था कि ''जब किसी लड़के और लड़की में कोई विवाद होता है तो लड़की बयान देती है कि लड़के ने मेरा बलात्कार किया। जिसके बाद बेचारे लड़के को फांसी की सजा सुना दी जाती है। बलात्कार के लिए फांसी की सजा अनुचित है। लड़कों से गलती हो जाती है।''

digvijaya singh

दिग्विजय सिंह: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने पार्टी के एक कार्यक्रम में जयंती नटराजन को 'टंच माल' कह दिया था। यही नहीं उन्होंने राखी सावंत पर भी कमेंट किया था। उन्होंने कहा कि ''अरविंद केजरीवाल और राखी सावंत दोनों ही एक्सपोज करने का जितना वादा करते हैं उतना करते नहीं।'' इस पर राखी ने भी पलटवार करते हुए 'सठिया गए हैं' कहा था।

मनोहर पर्रीकर: गोवा के मुख्यमंत्री और भारत के पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर ने भी लड़कियों को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने ''लड़कियों के शराब पीने को लेकर चिंता जाहिर की थी। ''उन्होंने आगे कहा कि मैं डरने लगा हूं क्योंकि अब तो लड़कियां भी शराब पीने लगी हैं और सहने की क्षमता खत्म हो रही है।''

Recommended Video

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP