
मिडिल ईस्ट में पिछले काफी हफ्तों से चल रहे तनाव का असर अब हमारी रसोई पर होता दिख रहा है। LPG Cylinder Crisis से जुड़ी खबरें आपने भी देखी, पढ़ी और सुनी होंगी। कई जगह रेस्टोरेंट और चाय की दुकानों पर ताला लग गया है, तो वहीं कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी का असर हमारी जेब पर भी हो रहा है। इतना ही नहीं, गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतार है और सिलेंडर की कालाबाजारी भी जोरों से हो रही है। गैस सिलेंडर की किल्लत होने से 900 रुपए का घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक में 1700 से 1800 तक बेचा जा रहा है और लोग इसे खरीदने को मजबूर हैं। कहा जा रहा है कि गैस बुक करवाने के बाद भी लोगों के घर पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। ऐसे में इंडक्शन की मांग भी बढ़ गई है और कई शॉपिंग वेबसाइट्स पर इंडक्शन आउट ऑफ स्टॉक हो चुके हैं। ये सब खबरें पढ़ने के बाद मेरे मन में ये सवाल उठने लगा कि क्या वाकई सिलेंडर मिलने में दिक्कत आ रही है, क्या इस दिक्कत को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है या क्या ये महज अफवाहें हैं? ये जानने के लिए मैंने 5 महिलाओं से बात की है और उनसे जानने की कोशिश की कि जमीनी हकीकत क्या है, चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या बताया?

मेरी एक साथी जर्नलिस्ट नैना, जो एक मीडिया हाउस के लिए काम करती हैं और नोएडा में रहती हैं, उनसे जब मैंने इस बारे में बात की, तो उन्होंने बताया कि उनके घर की गैस 2 दिन पहले खत्म हो गई थी, जब उन्होंने गैस एजेंसी में सिलेंडर बुक करने की कोशिश की, तो सिलेंडर को डिलीवरी के लिए मना कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने ब्लैक में सिलेंडर लेना चाहा, तो एक्स्ट्रा पैसे देने के लिए राजी होने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। ऐसे में उन्हें 2 दिन से इंडक्शन पर खाना बनाना पड़ रहा है।
मेरी कलीग प्रिया का भी कहना है कि गैस मिलने में मुश्किल आ रही है। वो पिछले 3 दिन से गैस भरवाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन सभी दुकान वाले उन्हें मना कर रहे हैं, कहीं बहुत ज्यादा पैसे मांगे जा रहे हैं, तो कोई सीधे ही शब्दों में कह रहा है कि गैस है ही नहीं। प्रिया यहां परिवार से दूर रहती हैं। ऐसे में वो 3 दिन से बाहर का खाना खाने के लिए मजबूर हैं।
रोहिणी, सेक्टर 7 दिल्ली में रहने वाली अदिति से जब मैंने इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा की तरह सिलेंडर बुक किया था, लेकिन इस बार डिलीवरी लेट हुई। ऐसा नहीं है कि उन्हें गैस नहीं मिल पाई या बहुत ज्यादा मुश्किल हुई, लेकिन इतना जरूर है कि जैसे पहले सिलेंडर 2-3 दिन में डिलीवर हो जाता था, वो अब एक हफ्ते में डिलीवर हुआ।
यह भी पढ़ें- LPG Price Today: आपके शहर में क्या है गैस सिलेंडर का रेट और डिलीवरी में देरी होने पर कहां करें शिकायत?

दिल्ली की एक गृहिणी मंजू ने बताया कि गैस एजेंसी ने उन्हें सिलेंडर देने से मना कर दिया और कहा कि गैस की बहुत शॉर्टेज है। बाद में उन्हें घुमा-फिराकर एक्स्ट्रा पैसे देने के लिए कहा गया।
इस मामले में मैं आपसे अपना अनुभव भी शेयर करना चाहूंगी। मुझे हाल-फिलहाल इस मामले में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। मैंने हमेशा की तरह ही गैस बुक की और 2-3 दिन में सिलेंडर डिलीवर हो गया।
इस मामले में सबके अलग-अलग अनुभव हैं। जहां कुछ महिलाओं को गैस की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, तो वहीं कुछ महिलाओं का कहना है कि उन्हें बिना किसी परेशानी के सिलेंडर डिलीवर हो गया है। जहां तक बात करेंं सरकार की, तो सरकार लगातार यही कह रही है कि इस मामले में पैनिक करने की जरूरत नहीं है, एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है और अफवाह फैलाने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाही की जाएगी, लेकिन इतना जरूर है कि आम जनता के मन में इसे लेकर डर जरूर है।
अपनी स्टोरीज के जरिए हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। साथ ही आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।