खाना खाने में क्या आपका बच्चा भी दिखाता है नखरे? इन 5 टिप्स से उनकी आदतों में ला सकते हैं सुधार

अगर आपके बच्चे भी खाने के नाम से ही अजीबोगरीब तरीके की रिएक्शन देते हैं, तो यहां बताए गए एक्सपर्ट के टिप्स से जानें बच्चों की आदतों में सुधार लाने के उपाय।

how to help a child who refuses to eat

बच्चों को खाना खिलाना हर मां के लिए सबसे बड़ी चुनौती जैसी होती है। बच्चे अक्सर कुछ भी अच्छा और पौष्टिक खाने में आनाकानी करते हैं। बहुत से बच्चे स्नैक्स और फास्ट फूड आइटम्स जितने चाव से खाते हैं, उसकी एक तिहाई रुचि भी सेहतमंद खाने में नहीं दिखाते। अगर आपका बच्चा भी ऐसा करता है, तो कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप इस समस्या से निजात पा सकते हैं। बच्चों के आदतों में बदलाव के लिए आर्टेमिस अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार विज्ञान के प्रमुख मनोचिकित्सक व प्रमुख सलाहकार डॉ. राहुल चंडोक से जानें 5 सरल टिप्स।

खुद बनें उदाहरण

what to do with a child who refuses to eat

आपने सुना होगा कि बच्चे अपने घर के बड़ों को देखकर ही सीखते हैं। खाने के मामले में भी यही सही है। अगर आप चाहते हैं कि बच्चा पौष्टिक चीजें खाए और नुकसान वाली चीजों से दूर रहे, तो आपको उसके सामने ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। अगर बच्चों को फास्ट फूड और कोल्ड ड्रिंक जैसी चीजों से दूर रखना है, तो आपको भी इनसे दूर रहना होगा। साथ ही उसे जो भी फल खिलाएं, उसके साथ स्वयं भी खाएं। इससे बच्चा किसी भोजन को ज्यादा जल्दी अपनाता है।

बच्चों को भी बनाएं कुकिंग का हिस्सा

how to get a child to eat quick

बच्चों को रोमांच पसंद आता है। छोटे बच्चों को वैसे तो रसोई गैस, चाकू आदि से दूर रखने की सलाह दी जाती है, लेकिन जहां तक संभव हो, उन्हें खाना बनाने की प्रक्रिया से जोड़ें। उदाहरण के लिए आप जो सब्जी उन्हें खिलाने के लिए बनाने जा रहे हैं, उसे टोकरी से निकालकर लाने, धोने से लेकर जितना संभव हो, उसे बनाने तक बच्चों को सक्रियता से शामिल करें। इससे बच्चों का उत्साह बढ़ता है और वे उस सब्जी या व्यंजन को खाने के लिए उत्सुक होते हैं।

खेल-खेल में बढ़ाएं स्वाद

बच्चों को खाने के ज्यादा से ज्यादा विकल्प दें। एक जैसा खाना बच्चे बार-बार नहीं खाना चाहते हैं। इसलिए मसालों और डिप्स के साथ कुछ प्रयोग करते रहें। आप बाजार में मिलने वाले फूड आइटम्स की जगह घर में हेल्दी ऑप्शंस तैयार कर सकते हैं। उदाहरण के लिए आप घर में मैदे की जगह पर आटे से मिनी पिज्जा बना सकते हैं या ऐसे ही और भी हेल्दी ऑप्शन आजमा सकते हैं। इससे बच्चों का स्वाद भी बदलता है और सेहत को भी फायदा होता है।

इसे भी पढ़ें-बच्चों पर नहीं पड़ेगी चीखने की जरूरत, इन तरीकों से उनकी आदतों में ला सकते हैं सुधार

खाने को बनाएं थोड़ा रोचक

how to feed a child that refuses to eat

फल, सलाद खिलाने के लिए आप कुछ रोचक तरीके अपना सकते हैं। सोशल मीडिया पर आपको ऐसे कई आइडिया मिलेंगे, जिनमें कटे हुए फल एवं सलाद से तरह-तरह के आकार बनाना सिखाया जाता है। आप भी बच्चों को तरह-तरह के आकार में रखे हुए फल एवं सलाद को खाने के लिए आसानी से प्रोत्साहित कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें-2 से 5 साल के बच्चों को डिसिप्लिन सिखाने का ये है बेस्ट तरीका, डांटने की नहीं पड़ेगी जरूरत

अच्छे खाने का फायदा समझाएं

बच्चों को भोजन से मिलने वाले पोषक तत्वों के बारे में रोचक तरीकों से समझाएं। साथ ही उन्हें बताएं कि इनसे शरीर को क्या फायदा होता है। शरीर के विकास से लेकर आंखों की रोशनी और दांतों की सेहत के लिए क्या खाना जरूरी है, इस बारे में बच्चों को बताना चाहिए। साथ ही उन्हें फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक और इस तरह के अन्य फूड आइटम्स से होने वाले नुकसान के बारे में भी खुलकर बताएं।

खाने-पीने के तरीके को रोचक बनाकर और बच्चों को स्पष्ट रूप से सही-गलत का फर्क समझाकर आप उनमें अच्छे भोजन के प्रति रुचि जगा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें-3 से 7 साल के बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए जरूरी हैं ये 6 बातें

इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही,अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ

आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें

Image credit- Herzindagi, Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP