क्या खरमास में भी कर सकते हैं शादी से जुड़ी चीजों की खरीदारी? जानें इसके नियम

जब भी शादी की खरीदारी की बात आती है तब इसे शुभ मुहूर्त में करना ही शुभ माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि खरमास में शादी की शॉपिंग नहीं करनी चाहिए क्योंकि इस दौरान शुभ काम की मनाही होती है। आइए जानें इसके बारे में।
kharmas shopping

सूर्य एक ऐसा ग्रह है जिसके चारों तरफ सारे ग्रह चक्कर लगाते हैं और उन्हें ग्रहों का राजा कहा जाता है। सूर्य हर महीने अपनी राशि बदलते हैं। इस साल के आखिरी महीने में सूर्य देव 16 दिसंबर को धनु राशि में प्रवेश करने वाले हैं। यह राशि परिवर्तन इस दिन प्रातः 7:40 बजे से होगा और सूर्य 30 दिनों तक धनु राशि में ही रहेंगे।

इसके बाद, 15 जनवरी 2025 को मकर संक्रांति के साथ सूर्य का गोचर मकर राशि में हो जाएगा। जैसे ही सूर्य धनु राशि में गोचर करेंगे खरमास की शुरुआत हो जाएगी और ये अवधि लगभग एक महीने तक चलती है। ज्योतिष की मानें तो इस पूरी अवधि के दौरान कोई भी शुभ काम करने की मनाही होती है।

खरमास की शुरुआत पौष महीने के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है। यह तिथि इस साल 16 दिसंबर को पड़ रही है। इस प्रकार 16 दिसंबर से 14 जनवरी तक पूरे एक महीने तक खरमास का समय माना जाएगा। ऐसे में कायो लोगों का एक सवाल यह भी होता है कि खरमास में यदि कोई भी शुभ काम करने की मनाही होती है तो क्या इस दौरान शादी से जुड़ी चीजों की खरीदारी भी नहीं करनी चाहिए? आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें कि खरमास के दौरान शादी से जुड़ी कोई भी खरीदारी की जा सकती है या नहीं?

खरमास का महत्व और कारण

खरमास वह समय होता है जब सूर्य देव की ऊर्जा उनकी तुलना में कम हो जाती है और वह अपनी सामान्य स्थिति से कमजोर माने जाते हैं। यह अवधि तब आती है जब सूर्य अपने गुरु ग्रह के राशियों, धनु या मीन राशि में गोचर करते हैं। इस समय सूर्य की स्थिति ऐसा प्रभाव डालती है कि उसे शुभ कार्यों के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरमास में विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश और नए व्यवसाय की शुरुआत जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को रोक दिया जाता है। इसे शुभ कार्यों में विघ्न उत्पन्न करने वाला समय माना जाता है।

इस अवधि में ऊर्जा की कमी के कारण लोग इन कार्यों को टालने की सलाह देते हैं, जिससे किसी भी प्रकार की नकारात्मकता से बचा जा सके। खरमास का समय साल में एक या दो बार आता है और यह सूर्य के गोचर पर निर्भर करता है। इसे एक प्रकार के विश्राम काल के रूप में देखा जाता है, जब व्यक्ति को नए कार्यों की शुरुआत से बचने और पुरानी चीजों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी जाती है।

क्या खरमास में कर सकते हैं शादी से जुड़ी चीजों की खरीदारी

wedding shopping in kharmas

हालांकि खरमास के दौरान शादी जैसे मांगलिक कार्यों की मनाही होती है, लेकिन इस दौरान आप शादी से जुड़ी कुछ चीजों की खरीदारी कर सकते हैं।

ज्योतिष के अनुसार, कुछ नियमों और सावधानियों का पालन करते हुए आप इस अवधि में शादी से जुड़ी आवश्यक वस्तुएं खरीद सकते हैं। इस दौरान खरीदारी करते समय आपके लिए यह ध्यान रखना जरूरी है कि इस समय कोई नई शुरुआत न करें जैसे कि शादी की तारीख तय करना या विवाह समारोह की योजना बनाना। वहीं अगर आपकी शादी पहले से तय है तो इस दौरान आप शादी के लिए खरीदारी कर सकते हैं।

इसे जरूर पढ़ें: Kharmas 2024: खरमास के दौरान क्या करना चाहिए और क्या करने से बचना चाहिए?

खरमास के दौरान शादी से जुड़ी चीजों की खरीदारी करना ठीक है?

शादी एक महत्वपूर्ण और शुभ कार्य माना जाता है, इसलिए खरमास के दौरान शादी से जुड़ी कोई रस्म नहीं की जाती है। हालांकि जब शादी की खरीदारी की बात आती है तो आप खरमास के दौरान कुछ सावधानियों के साथ शादी से जुड़ी चीजों की खरीदारी कर सकते हैं। इस समय आप शादी के कपड़े, गहने, सजावट का सामान और उपहारों की खरीदारी भी कर सकते हैं।

हालांकि आपको इस बात का ध्यान भी रखना चाहिए कि आप इन चीजों का इस्तेमाल शुभ मुहूर्त में ही करें। आइए जानें किन चीजों की खरीदारी की जा सकती है।

क्या खरमास में कर सकते हैं शादी के कपड़ों की खरीदारी?

शादी के कपड़े शादी का अभिन्न हिस्सा होते हैं और इनकी खरीदारी का समय अक्सर दुल्हन और दूल्हे के लिए खास होता है। अगर आपकी शादी की खरीदारी के लिए ज्यादा समय नहीं है तो आप खरमास के दौरान शादी के कपड़े जैसे साड़ी, लहंगा, शेरवानी आदि की खरीदारी कर सकते हैं।

हालांकि, इन कपड़ों को पहनने का समय और इनका उपयोग आपको शुभ मुहूर्त में ही करना चाहिए। आपको इस दौरान शादी की कोई रस्म नहीं निभानी चाहिए और शादी का रिश्ता भी तय नहीं करना चाहिए। ज्योतिष के अनुसार यदि आप इस अवधि में नए कपड़े खरीद भी रहे हैं तो आपको इस दौरान नए कपड़े पहनने नहीं चाहिए।
यदि आप शादी के लिए कपड़े खरीद रहे हैं, तो ध्यान रखें कि उन्हें अच्छी तरह से सुरक्षित स्थान पर रखें और खरमास समाप्त होने के बाद ही उनका इस्तेमाल करें।

क्या खरमास में की जा सकती है गहनों की खरीदारी?

kharmas shopping

शादी के गहने जैसे मंगलसूत्र, चूड़ियां, कान की बालियां, नथ, हार, बिचुए, चंद्रहार आदि बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। ये गहने न केवल सौंदर्य को बढ़ाते हैं, बल्कि भारतीय विवाह परंपराओं में इनका अत्यधिक धार्मिक महत्व भी होता है।

अगर हम गहनों की खरीदारी की बात करें तो इस दौरान आप दूल्हे दुल्हन के अन्य गहने खरीद सकते हैं, लेकिन कोशिश करें कि सगाई की अंगूठी इस अवधि में न खरीदें। यदि आप किसी वजह से खरमास में गहनों की शॉपिंग कर भी रहे हैं तो आप उन्हें इस्तेमाल न करें। हालांकि यदि सगाई की अंगूठी की बात करें तो इसकी खरीदारी किसी शुभ मुहूर्त में ही करनी चाहिए और खरमास में इसे खरीदने से बचना चाहिए।

इसे जरूर पढ़ें: Kharmas 2024 start and end date: कब से शुरू हो रहा है खरमास, जानें मंत्र और पूजा का महत्व

क्या खरमास में शादी की सजावट से जुड़ा सामान खरीद सकते हैं?

शादी की सजावट एक ऐसा पहलू है जो विवाह समारोह की सुंदरता और भव्यता को बढ़ाता है। शादी के लिए आवश्यक सजावट के सामान जैसे फूल, झूमर, दीपक, कैंडल्स, रंग-बिरंगे कपड़े और अन्य सजावट के सामान खरमास के दौरान खरीदे जा सकते हैं। ध्यान दें कि इन सजावट के सामान को खरमास के दौरान खरीदा जा सकता है, लेकिन उनका उपयोग शादी के दिन या किसी शुभ मुहूर्त में ही किया जाए।

शादी से जुड़े झूमर का चयन, दीपक और कैंडल्स की खरीदारी इस समय बिना किसी चिंता के की जा सकती है। इन चीजों को घर में सुरक्षित रूप से रखा जा सकता है और शादी के दिन इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।

क्या खरमास में शादी के उपहार खरीद सकते हैं?

can we purchase gifts in kharmas

शादी के उपहार भी विवाह की एक महत्वपूर्ण परंपरा होते हैं। दुल्हन और दूल्हे के लिए उपहारों का आदान-प्रदान शादी समारोह का अहम हिस्सा माना जाता है। खरमास के दौरान शादी के उपहारों की खरीदारी करने की कोई मनाही नहीं होती है।

आप शादी के उपहारों जैसे साड़ी, गहनों के सेट, किचन के सामान, बर्तन आदि की खरीदारी इस अवधि में कर सकते हैं। यह उपहार बाद में शुभ समय में दुल्हन और दूल्हे को दिए जा सकते हैं।

यदि आप शादी की खरीदारी खरमास के दौरान करना चाहते हैं तो यहां बताई बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर भेजें।

Images: Freepik.com

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP