अच्छी नौकरी पाने का सपना हर कोई देखता है। इस सपने को पूरा करने के लिए हर कोई जितना हो सकता है उतनी मेहनत और कोशिश भी करता है। मगर प्रतिस्पर्धा के इस युग में कई बार ऐसा भी होता है, जब भरपूर मेहनत और कोशिशों के बाद भी एक ड्रीम जॉब पाना सपना ही रह जाता है।
ऐसे में जब मेहनत और कोशिशों के बाद भी आपको अपनी पसंद की नौकरी न मिले तो कुछ आसान एस्ट्रो टिप्स को आजमा कर देखें। भोपाल के ज्योतिषाचार्य एवं हस्तरेखा शास्त्री विनोद सोनी पोद्दार इस संबंध में बताते हैं, 'किसी भी काम को करने के लिए मन का शांत होना बेहद जरूरी है। अशांत मन और हड़बड़ी में किया गया काम कभी अच्छे फल नहीं देता है। इसलिए एक अच्छी जॉब पाने के लिए भी अपने मन को शांत रखें। इससे आप इंटरव्यू में फोकस कर पाएंगे।' मन को शांत रखने और अच्छी नौकरी पाने के लिए पंडित जी कुछ आसान उपाय भी बताते हैं-
भगवान शिव को भोला भंडारी कहा गया है। अगर आप उन्हें प्रसन्न कर लें तो आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी हो सकती है। अगर आप एक अच्छी नौकरी तलाश रहे हैं और इसमें आपको सफलता नहीं मिल रही है तो पंडित जी इसका एक आसान उपाय बताते हैं, 'आप प्रति दिन शिवलिंग पर मुट्ठी भर साफ चावल अर्पित करें। इसके साथ ही आपको 'ओम नमः शिवाय ' (‘ॐ नम: शिवाय’ की दिलचस्प परिभाषा जानें ) का कम से कम 108 बार जाप भी करना चहिए।' ऐसा करने पर आपको लाभ जरूर मिलेगा।
माथे पर तिलक लगाने का महत्व भी शास्त्रों में बताया गया है। यह विजय प्राप्त करने और लंबी उम्र का सूचक होता है। किसी भी अच्छे काम को करने जा रहे हों या फिर कोई अच्छा काम करके आएं हों तो हिंदू धर्म में माथे में तिलक लगा कर स्वागत किया जाता है। ऐसे में जब आप नौकरी के लिए इंटरव्यू देने जाएं तो उससे पहले आपको माथे पर पीपल के वृक्ष की मिट्टी का तिलक लगा लेना चाहिए। पंडित जी कहते हैं, 'तिलक लगाने के साथ ही आपको पीपल के वृक्ष के नीचे बैठ कर राम नाम का उच्चारण भी करना चाहिए।' इस उपाय से आपको बहुत लाभ होगा।
इसे जरूर पढ़ें: मंदिर की परिक्रमा लगाने का क्या होता है महत्व पंडित जी से जानें
ऐसा कई बार होता है जब हम किसी जॉब इंटरव्यू के लिए जाते हैं और मन में घबराहट होती है। ऐसे में इंटरव्यू में सब कुछ आते हुए भी हम प्रश्नों का सही उत्तर नहीं दे पाते हैं। अगर आपको भी डर लगता है या मन घबराता है तो हनुमान चालीसा पढ़ें। आप सुंदरकांड का पाठ भी कर सकते हैं। इसके लिए पंडित जी कहते हैं कि आपको एक ही स्थान पर नियमित रूप से बैठ कर यह पाठ करना चाहिए।
ड्रीम जॉब पाने के लिए आपको देवी दुर्गा जी की मंदिर में जा कर 'ॐ सं श: दुर्गे नम: मम कार्य पूर्ण कर कुरु कुरु फट स्वाहा' मंत्र का उच्चारण करना चाहिए। आप यदि मंदिर नहीं जा पा रहे हैं तो घर पर ही दुर्गा जी की तस्वीर के आगे इस मंत्र का 1 बार जप करें। इससे मन शांत होता है और भय दूर होता है, साथ ही ड्रीम जॉब पाने में सफलता भी मिलती है।
हनुमान जी के कई स्वरूप हैं। इन सभी की तस्वीरों के अलग-अलग वास्तु लाभ हैं। अगर आपको अच्छी जॉब चाहिए तो आपको अपने घर में उड़ते हुए हनुमान जी की तस्वीर लगानी चाहिए। इस तस्वीर के आगे रोज हाथ जोड़ने चाहिए और हनुमान जी से ड्रीम जॉब पाने कीप्रार्थना करनी चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें:Astrologer Tips: गुरुवार के दिन इस तरह करेंगी साईं बाबा की पूजा तो होंगे सारे दुख दूर
किसी अच्छे काम, यात्रा या जॉब इंटरव्यू देने के लिए जाते वक्त दही-चीनी खिलाने का रिवाज है। देखा जाए तो यह आयुर्वेदिक रूप से भी शरीर के लिए लाभदायक होता है क्योंकि इसे खाने से मन और मस्तिष्क शांत रहता है। मगर इसका धार्मिक महत्व भी है। दही-चीनी को श्री कृष्ण से जोड़ा जाता है। पंडित जी इससे जुड़ी एक कथा सुनाते हैं, ' श्री कृष्ण को वैसे तो माखन-मिश्री अति प्रिय है और वह हर शुभ काम पर जाने से पूर्व इसे जरूर खाते थे। मगर एक बार वह किसी जरूरी काम से जा रहे थे और उस काम में सफल नहीं हुए। ऐसा जब कई बार हुआ तो श्री कृष्ण ने माखन की जगह दही खाया। उस दिन उन्हें अपने कार्य में सफलता मिली। तब से दही और मिश्री का भोग श्री कृष्ण को अति प्रिय हो गया। आप यदि नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहे हैं तो श्री कृष्ण को भी दही और मिश्री का भोग लगाएं और खुद भी इसे चख कर जाएं।'
यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इस आर्टिकल को शेयर और लाइक जरूर करें। साथ ही इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: astropoddaar/Instagram, Freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।