वास्तु शास्त्र में कई ऐसी वस्तुओं का उल्लेख किया गया है, जिनकी उपस्थिति वातावरण में सकारात्मकता घोल देती है। इतना ही नहीं कुछ वस्तुएं ऐसी भी होती हैं, जिन्हें देखने भर से व्यक्ति का जीवन प्रभावित होने लगता है। वास्तु विज्ञान में कुछ ऐसे ही चित्रों का जिक्र किया गया है, जो जीवन में सुख-समृद्धि लाने के साथ-साथ आर्थिक समस्याओं और गृह क्लेश को भी दूर करते हैं ।
उज्जैन के पंडित कैलाश नारायण ऐसी ही कुछ पेंटिंग्स-फोटो और उनके प्रभाव के बारे में बताते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: Vastu Tips: चांदी के हाथी से मिलेगा घन लाभ और करियर में सफलता, पंडित जी से जानें रखने का सही तरीका
मछली
हिंदू धर्म और वास्तु दोनों में ही मछली को बहुत महत्व दिया गया है। ऐसी मान्यता है कि घर में रंग-बिरंगी मछलियों को पालने से परिवार के सदस्यों पर आने वाली मुसीबतें टल जाती हैं। इतना ही नहीं, मछली के होने से घर के सदस्यों की सेहत भी अच्छी बनी रहती है। ऐसा भी कहा जाता है कि शुभ अवसरों पर अगर मछली के दर्शन कर लिए जाएं तो किसी भी कार्य में बाधा नहीं आती है। कई लोग इसलिए अपने घर पर एक्वेरियम भी रखते हैं, मगर एक्वेरियम की देखभाल में समय देना पड़ता है। यदि आप ऐसा करने में असमर्थ हैं तो आप घर पर रंगीन मछलियों की पेंटिंग लगा सकती हैं। आपको बता दें कि मछलियां धन को आकर्षित करती हैं, ऐसे में मछलियों की पेंटिंग घर की पूर्व दिशा, उत्तर दिशा या फिर उत्तर-पूर्व दिशा में लगाने से आर्थिक समस्याएं भी दूर होती हैं। आप मछली की पेंटिंग को मुख्य द्वार के लेफ्ट साइड भी लगा सकती हैं, इससे परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
इसे जरूर पढ़ें: Vastu Tips: घर में फिटकरी रखने के 5 टिप्स, दूर होगा वास्तुदोष होगी धन की बारिश
राधा-कृष्ण
राधा-कृष्ण को प्रेम का स्वरूप माना गया है। वैवाहिक लोगों को जीवनसाथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ाने के लिए अपने बेडरूम में राधा-कृष्ण का चित्र जरूर लगाना चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि अगर महिला प्रेग्नेंट है तो भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप का चित्र देखने से उसका मन शांत रहता है और होने वाले बच्चे पर भी इसका प्रभाव पड़ता है। पंडित जी कहते हैं, 'जिस दीवार पर आप राधा-कृष्ण की तस्वीर लगा रहे हैं उसके सामने वाली दीवार पर पति-पत्नी को अपनी तस्वीर लगानी चाहिए।' इतना ही नहीं, पंडित जी कहते हैं कि राधा-कृष्ण की तस्वीर ऐसी जगह लगाएं जहां आपकी सीधी नजर उन पर पड़े।
घोड़े
वस्तु के अनुसार अगर आप अपने घर या दफ्तर में दौड़ते हुए घोड़े की तस्वीर लगाते हैं, तो यह आपके कार्य में गति प्रदान करता है। यह तस्वीर आपकी कार्यक्षमता को तो बढ़ाती ही है साथ ही आपको हर कार्य में सफलता भी प्रदान करती है। पंडित जी कहते हैं, 'दौड़ते हुए घोड़े को ताकत का प्रतीक माना जाता है। खासतौर पर अगर आप 7 दौड़ते हुए घोड़ों की तस्वीर घर पर लगाती हैं तो आपको शुभ फल मिलते हैं। आपको पूर्व दिशा में इस पेंटिंग को लगाना चाहिए। आप चाहें तो दक्षिण दिशा में भी इस पेंटिंग को लगा सकती हैं।' आपको बता दें कि धार्मिक शास्त्रों में 7 अंक को शुभ माना गया है।
फैमिली फोटो
अगर आपके घर में अकसर सदस्यों के बीच लड़ाई-झगड़े हो जाते हैं या फिर आपस में सदस्यों की नहीं बनती है तो आपको घर में फैमिली फोटो जरूर लगानी चाहिए। कोशिश करें कि आप घर पर एक वॉल को केवल फैमिली फोटो के लिए समर्पित कर दें। इस वॉल पर परिवार के सदस्यों की तस्वीरें लगाएं। परिवार के साथ बिताए अच्छे पलों की तस्वीरें देख कर आपके मन में सदस्यों के प्रति प्रेम जागेगा। इससे लड़ाई-झगड़े भी कम हो जाएंगे।
वास्तु विज्ञान की माने तो घर के स्वर्गीय सदस्यों की तस्वीर उत्तर दिशा में लगाएं, इससे पितृ दोष शांत होता है। वहीं परिवार के जीवित सदस्यों की तस्वीर लगाने के लिए घर की उत्तर दिशा, पूर्व दिशा और उत्तर-पूर्व दिशा का प्रयोग किया जाना चाहिए।
देवी लक्ष्मी
आर्थिक परेशानियों को कम करने और घर में सुख-शांति बनाए रखने के लिए घर पर देवी लक्ष्मी की तस्वीर जरूर लगाएं। पंडित जी कहते हैं, 'घर में एक से अधिक देवी लक्ष्मी की तस्वीर नहीं होनी चाहिए और तस्वीर को हमेशा उत्तर दिशा में ही लगाना चाहिए।' इस बात का भी ध्यान रखें कि देवी लक्ष्मी की कभी भी ऐसी तस्वीर घर पर न लगाएं जिसमें वह खड़ी हुई अवस्था में हों।
वास्तु , हिंदू तीज-त्योहार, व्रत-पूजा और धर्म से जुड़ी रोचक बातें जानने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों