"मां के हाथ की रोटी का जादू"... यह फ्रेज अक्सर आपने लोगों के मुंह से सुना होगा। घर से बाहर रहने वाले लोग तो मां के हाथ के खाने खासतौर से रोटी के लिए तरसते हैं। ऐसा क्या होता है कि मां के हाथ की रोटी में जादू है? इस जवाब हो सकता है- मां का प्यार और रोटी बनाने का उनका तरीका है।
आपने भी नोटिस किया होगा कि आपके हाथों से बनी हुई रोटी और मां के हाथों से बनी हुई रोटी कितनी अलग होती है। उनकी रोटी सॉफ्ट होती है और बनते वक्त हमेशा फूलती है। आप उस रोटी को 4-5 घंटे के लिए रख भी दें, तो भी वह सॉफ्ट रहेगी। वहीं, आपकी बनाई हुई रोटी कभी फूल नहीं पाती। जगह-जगह से फट जाती है और 10 मिनट में ही कड़क हो जाती है। बाहर रहने वालों के लिए अच्छी रोटी बनाना एक बड़ी चुनौती है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि छोटे-छोटे ट्रिक्स और रोटी का आटा सही तरह से गूंथने से ही आपकी परेशानी हल हो सकती है। हमने इससे पहले आपको ऐसे कई ट्रिक्स बताएं जिससे आप सॉफ्ट रोटी बना सकते हैं। आज एक बार फिर से आपको बताने वाले है कि दही डालकर आप रोटी को कैसे सॉफ्ट बना सकते हैं। रोटी के आटे में दही मिलाने से इसकी कोमलता बढ़ जाती है। आइए दही से मुलायम और फूली हुई चपाती बनाने के रहस्य के बारे में जानें।
आटे में दही डालने से क्या होता है?
दही, प्रोबायोटिक्स और कैल्शियम से भरपूर एक डेयरी उत्पाद है। इसकी अम्लीय प्रकृति आटे को नरम करने और ग्लूटेन को ज्यादा विकसित करने में मदद करती है। इसके कारण नरम और फूली हुई चपाती बनती है। इसके अलावा, दही में मौजूद एंजाइम फर्मेंटेशन के प्रोसेस में सहायता करते हैं, जो आटे की बेहतर इलास्टिसिटी और बनावट में योगदान करते हैं। यही कारण है कि अगर आप आटे को गूंथते वक्त सादी दही मिला देंगे, तो रोटी सॉफ्ट बनेगी।
इसे भी पढ़ें: सॉफ्ट और फूली-फूली नहीं बनती रोटियां तो अपनाएं ये टिप्स
फूली हुई रोटी बनाने के लिए सामग्री-
- 1.5 कप गेहूं का आटा
- 2 बड़े चम्मच सादी दही
- पानी आवश्यकतानुसार
- नमक स्वादानुसार
फूली हुई रोटी बनाने का तरीका-
रोटी बनाना मुश्किल काम नहीं है, लेकिन इस आर्टिकल की मदद से हम आपको बताएंगे कि स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस क्या होना चाहिए, जिससे रोटी अच्छी और फूली हुई बने।
सही तरह से माप लें सामग्री-
मां अक्सर अंदाजे से सामग्री का इस्तेमाल करती है, क्योंकि उन्हें खाना बनाने में लंबा अनुभव है। अगर आप पहली बार रोटी बनाने जा रहे हैं, तो सामग्री को सही तरह से मापना जरूरी है। कम और ज्यादा सामग्री से भी रोटी अच्छी नहीं बनती है।
1.5 कप आटे में कम से कम 2 बड़े चम्मच दही मिलाएं। इससे आपको पानी की आवश्यकता भी कम होगी। ध्यान रखें कि आटे को बहुत ज्यादा गीला भी नहीं करना है।
ठंडी दही न डालें
आटे और दही को मिलाकर उसमें चुटकी भर नमक डालें। इससे रोटी में स्वाद आएगा। दही डालते वक्त ध्यान रखें कि दही रूम टेंपरेचर पर होनी चाहिए। ठंडी दही डालने से आटा ठीक तरह से नहीं गूंथता है (दही के हैक्स)।
नरम आटा गूंथें
आटा और दही का मिश्रण गूंथते समय धीरे-धीरे पानी डालें। इसे मुलायम और लचीला बनाना है।आटा बहुत चिपचिपा या बहुत सूखा नहीं होना चाहिए। यदि यह चिपचिपा है, तो थोड़ा और आटा डालें। यदि यह बहुत सूखा है, तो थोड़ा पानी छिड़कें।
आटे को ढककर रखें
यह सबसे महत्वपूर्ण काम है। आप आटे में कुछ भी डाल लें, लेकिन अगर आपने उसे 10-15 मिनट ढककर नहीं रखा है, तो रोटी अच्छी नहीं बनती है। आटे को नम कपड़े से ढककर रखें। यह रेस्टिंग टाइम ग्लूटेन को विकसित होने में मदद करती है। इससे आटा बेलना आसान हो जाता है और नरम चपाती बनती हैं।
सही ढंग से बेलें चपाती
आटे को बेलना भी एक कला ही है। कुछ लोगों की रोटियां किनारे से मोटी और बीच से फट जाती है। इसका कारण है कि आप बीच में ज्यादा दबाव डालते हैं। बल्कि रोटी बनाने का नियम कहता है कि आपको रोटी घुमाने की जगह बेलने घुमाना चाहिए, इससे रोटी गोल बनती है। बेलते वक्त दबाव हल्का होना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: Cooking Hacks: इन 3 इंग्रीडिएंट्स से बनाएं फूली-फूली रोटी, घंटों रहेगी सॉफ्ट
रोटी पकाने का तरीका
तवे को पहले तेज आंच में गर्म करें और उसके बाद उसमें बेली हुई रोटी डालें। ठंडे तवे पर रोटी चिपक जाएगी। बेली हुई रोटी को एक तरफ से हल्का पकने दें और फिर उसे पलटें। जब एक तरफ बबल बनने लगें, तो आप उसे आंच पर रखकर फुला सकते हैं।
कुछ लोग तवे पर ही रोटी को फुलाते हैं। इसके लिए एक साफ कपड़े से रोटी के किनारे और बीच में हल्का दबाव बनाते हुए उसे चलाना चाहिए। इससे रोटी फूल जाएगी।
आखिर में चाहें तो रोटी पर घी लगाकर उसे रख लें। रोटियों को नरम और गर्म रखने के लिए उसे सूती के साफ कपड़े में लपेटकर रखें। इसके अलावा फूड पेपर भी अच्छा तरीका हो सकता है।
फूली और नरम रोटी बनाने के टिप्स-
- आटे को नरम बनाने के लिए हमेशा ताजी और सादी दही लें। ध्यान रखें कि दही खट्टी नहीं होनी चाहिए।
- आटे को बहुत अधिक गूंथने से रोटियां सख्त हो सकती हैं, जबकि कम गूंथने से असमान बनावट खराब इलास्टिसिटी हो सकती है (आटा गूंथने के ट्रिक्स)।
- धीमी आंच पर रोटियां पकाने से रोटियां असमान रूप से पकती हैं और ड्राई हो सकती हैं। ध्यान रखें कि खाना पकाने से पहले तवा ठीक तरह से गर्म हो।
- आटा गूंथते समय गर्म पानी की जगह ठंडे पानी का उपयोग करने से आटा सख्त हो सकता है, इसलिए पानी को थोड़ा-सा गुनगुना कर लें।
आप भी इन टिप्स का ध्यान रखकर अच्छी और फूली रोटी एक बार में बना सकते हैं। अगर आपने किसी अन्य ट्रिक से फूली हुई रोटी बनाई है, तो उसे हमारे साथ भी शेयर करें।
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें
हमें उम्मीद है कि यह ट्रिक आपके काम आएगी। अगर आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों