How To Make Soft Paratha: पराठे... सुनते ही आ गया न आपके मुंह में भी पानी! पराठा चाहे प्लेन हो या फिर भरवा, वो दही, अचार, मक्खन के साथ तो जबरदस्त लगता ही है। मगर पराठे अगर सॉफ्ट न बने हों तो अक्सर मूड खराब हो ही जाता है। कई महिलाओं को पराठे बनाते वक्त यह दिक्कत आती है कि पराठे ठीक से फूलते भी नहीं और सॉफ्ट भी नहीं बनते हैं। ऐसा तभी होता है जब हम आटा गूंथने से लेकर पराठा बनाने तक में गलतियां करती हैं।
अगर आप चाहती हैं कि पराठे अच्छे बने तो जरूरी है कि आप कुछ बातों का ध्यान रखें। पराठे बनाते वक्त कुछ इंग्रीडिएंट्स ऐसे शामिल कर लें जिनसे खाना लजीज बनेगा ही। वहीं आटा गूंथते वक्त भी ध्यान देना जरूरी होता है।
आज हम आपके साथ ऐसे कुछ तरीके साझा करेंगे, जिनकी मदद से आप भी फूला हुआ और सॉफ्ट पराठा बना सकती हैं। आइए फिर बिना देर किए जानें पराठे बनाने के तरीके क्या हैं?
1. आटा गूंथते वक्त उसमें घी डालें
घी एक ऐसी सामग्री है जो खाने में स्वाद बढ़ाने का काम करती है। पराठे को सिर्फ घी से सेकना ही काफी नहीं है। इसे आपक आटा गूंथते वक्त भी डाल सकती हैं। आटा गूंथते से पहले जब उसे छानकर परात में डालें तो उसमें गर्म किया हुआ 1 चम्मच घी डालें। इसके बाद आटे को घी में अच्छी तरह से मिक्स कर लें। यकीन मानिए इससे आपके पराठे सॉफ्ट जरूर होंगे।
2. आटा गूंथते वक्त उसमें दही डालें
अगर आपको नरम या फूला हुआ पराठा बनाना है तो यह एक दूसरा इंग्रीडिएंट ऐसा है जो आपके पराठे को सॉफ्ट बनाने का काम करेगा। पूरी तरह से नरम और फूला हुआ पराठा बनाने के लिए आटे में एकदम ताजी दही डालें। बस ध्यान रखें कि यह बहुत ज्यादा खट्टी न हो। इसके बाद अगर आटा ठंडा भी होगा तो भी नरम ही रहेगा और खाने में स्वाद भी आएगा।
इसे भी पढ़ें : Cooking Hacks: इन 3 इंग्रीडिएंट्स से बनाएं फूली-फूली रोटी, घंटों रहेगी सॉफ्ट
3. आटे गूंथते वक्त उसमें डालें गुनगुना दूध
अगर आप इस बात से चिंतित हैं कि आटे में दही डालने से वो खट्टा लगेगा तो उसकी जगह गुनगुन दूध मिलाएं। आटे को छानकर परात में डालें और उसमें गुनगुने घी के साथ गुनगुना दूध मिलाकर अच्छी तरह से मिला लें। इसके बाद आटे को पानी से अच्छी तरह से गूंथ लें। दूध के होने से भी आटा एकदम सॉफ्ट हो जाएगा, जिससे पराठा भी नरम होगा (सही तरह से आटा गूंथने के टिप्स)।
4. आटे को सही ढंग से गूंथ लें
नरम और फूला हुआ पराठा बनाने के लिए सबसे पहला और सबसे महत्वपूर्ण तरीका यही है कि आप आटा अच्छी तरह से गूंथ लें। आटे को इस्तेमाल करने से पहले छान लें और आटा गूंथते समय उसमें गुनगुना पानी डालें। साथ ही ध्यान रखें कि आटे में एक साथ पानी न डालें। धीरे-धीरे आटा और पानी मिलाते हुए पानी डालने से वो चिपकेगा नहीं। इसे अच्छी तरह गूंथ कर ढकना भी जरूरी है। आटा गूंथने के तुरंत बाद पराठे न बनाएं, इससे पराठे कड़क बनते है। आटा गूंथने के बाद इसे 10 मिनट सेट होने के लिए जरूरी होता है।
5. बराबर फिलिंग और सही आंच पर पकाएं पराठा
आटे में फिलिंग करते वक्त ध्यान रखें कि उसे बहुत ज्यादा न भरें और न ही खाली छोड़ दें। अगर आप आटे में फिलिंग ज्यादा कर देंगी तो सब बाहर निकलने लगेगा और पराठा फट जाएगा। कम फिलिंग में जगह बच जाती है। इसी तरह पराठा सेकते वक्त सही आंच होना बेहद जरूरी है। तवे को पहले तेज आंच पर गर्म करें और घी से ग्रीस करें। इसके बाद पराठा डालकर धीमी आंच पर इसके किनारे थोड़ा दबाते हुए दोनों तरफ से सेक लें। मीडियम आंच पर करके फिर इसे दोनों तरफ से पकाएं।
इसे भी पढ़ें : अगर पराठे हो जाते हैं हमेशा कड़क तो अपनाएं ये 3 टिप्स
इस तरह आपके पराठे न जलेंगे और न ही कड़क होंगे। ठंडे हो जाने के बाद भी पराठे नरम और स्वादिष्ट रहेंगे। आप इनका मजा चाय, पुदीना की हरी चटनी, मक्खन आदि के साथ ले सकते हैं।
हमें उम्मीद है सॉफ्ट पराठे बनाने के ये तरीके आपके काम आएंगे। अगर आपको हमारा यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। इसी तरह शानदार कुकिंग टिप्स और हैक्स के लिए पढ़ते रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों