K-Obsessed: ड्रामा 'Marry My Husband' में कांग जी वून को पसंद था गुकबाप, चावल और सूप की ये रेसिपी आप भी ट्राई करें

पोर्क का सूप और उसमें चावल पकाए जाते हैं। खूब सारे इंग्रीडिएंट्स मिलाएं जाते हैं और फिर तैयार होता है गुकबाप। यह बुसान की लोकप्रिय डिश है। आइए आपको बताएं इसे कैसे बनाया जा सकता है।

how to make korean food gukbap recipe

सच बताइए, अब तक आप कितनी सारी कोरियन डिशेज का मजा ले चुके हैं। मैं अपनी बात करूं, तो कोशिश करती हूं कि सभी चीजों का मजा लूं। हमने चावल, सूप, नूडल्स, किमची और ऐसी कई रेसिपीज आपको बताई है। आज एक बार फिर एक नायाब रेसिपी लेकर आए हैं। इस रेसिपी का ताल्लुक दो कोरियाई ड्रामा से है- 'द ग्लोरी' और 'मैरी माई हसबैंड'। दोनों ही रिवेंज ड्रामा हैं और दोनों को व्यूअर्स ने खूब पसंद किया था।

'द ग्लोरी' की बात किसी और दिन करेंगे, मगर आज हम आपको 'मैरी माई हसबैंड' से इसका खास कनेक्शन बताने वाले हैं। अगर आपने यह ड्रामा देखा है, तो आपको भी गुकबाप और शो के मेन कैरेक्टर्स का इससे कनेक्शन दिखा होगा।

इस शो में कांग जी वून (पार्क मिन यंग) अपनी डेथ के बाद टाइम ट्रैवल करती है। उसे यह मौका मिलता है, अपनी लाइफ को सुधारने का और उसे बेहतर बनाने का। कांग जी वून का पति और बेस्ट फ्रेंड मिलकर उसे धोखा देते हैं और टाइम ट्रैवल करके उसे इस धोखे से बचने का मौका मिलता है।

वहीं, यू जी वुक (ना इन वू) भी एक्सिडेंट के बाद टाइम ट्रैवल करता है। उसे मौका मिलता है कांग जी वून को अपने हसबैंड और बेस्ट फ्रेंड से बचाने का। एक सीन में कांग जी वून, यू जी वुक को बताती है कि उसे गुकबाप कितना पसंद है। वह बताती है कि उसे छांगडोकगुंग-गिल के एक रेस्तरां का गुकबाप पसंद था और यू जी वूक एक दिन डेट पर उसे वहीं ले जाता है।

कांग जी वून,यू जी वूक को इसे खाने का सही ढंग बताती है और वह पुराने दिनों को याद करते हुए इस डिश का मजा लेते हैं। चलिए इस आर्टिकल में हम आपको इस खास डिश के बारे में बताएं और साथ ही इसकी रेसिपी भी जानें।

इसे भी पढ़ें: घर पर ही उठाएं कोरियन फूड का लुत्फ, तैयार करें आलू से यह स्वादिष्ट व्यंजन

क्या है गुकबाप?

what is gukbap

इसे आप सूप राइस भी कह सकते हैं। यह एक लोकप्रिय कोरियाई डिश है, जिसमें गर्मागर्म सूप के पॉट में चावल डालकर पकाए जाते हैं। इसे त्तुकबेगी (एक खास तरह का भारी बर्तन जिसका उपयोग खाने को उबालने के लिए किया जाता है) में सर्व किया जाता है। यह डिश योसन राजवंश से पॉपुलर है। ऐसा कहा जाता है कि उस समय राजा सुकजॉन्ग बहुत ज्यादा बीमार थे। तब एक महिला डॉक्टर ने यह डिश राजा को रिकमेंड की थी। राजा को यह मील बहुत पसंद आई और वह चाव से इसे खाते थे। तब से यह डिश भी पॉपुलर हो गई।

जापानी औपनिवेशिक काल में, गुकबाप ने एक आम डिलीवरी फूड के रूप में लोकप्रियता हासिल करना शुरू कर दिया। तब गुकबाप सिर्फ वही लोग खाते थे जिनका सोशल स्टेटस बहुत अच्छा नहीं होता था। कुलीन लोग इसे खाने से कतराते थे, लेकिन जैसे ही कोरिया को जापान से आजादी मिली इस डिश ने अपने कई सारे फैन हासिल कर लिए। बड़े-बड़े रेस्तरां भी इस डिश को सर्व करने लगे और इस तरह गुकबाप की वैरायटी भी बिकने लगी। इसकी अफॉर्डिबिलिटी के कारण यह कोरिया का पहला फास्ट फूड बना था।

कैसा होता है गुकबाप का स्वाद?

इसे कई तरह से बनाया जाता है। एक वर्जन में इसमें स्प्राउट्स और सब्जियां डाली जाती हैं। दूसरे वर्जन में इसमें मीट डाला जाता है। मसालों को अपने हिसाब से बदला जा सकता है। इसके स्प्राउट वर्जन में एंचोवीज भी डाली जाती हैं। वहीं, बुसान स्टाइल गुकबाप जो सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है, उसे बनाना सबसे ज्यादा आसान है।

बुसान स्टाइल गुकबाप के लिए इंग्रीडिएंट्स

  • 1 किलो पोर्क बोन्स
  • 1 बड़ा टुकड़ा अदरक
  • 5 लहसुन की कली
  • स्वादानुसार नमक
  • 3 लीटर पानी
  • गोचुजंग की चटनी

बुसान स्टाइल गुकबाप बनाने का तरीका-

busan style gukbap

  • सबसे पहले पोर्क की बोन्स को आप अच्छी तरह से साफ करके धो लें। यदि आप पोर्क नहीं पसंद करते हैं, तो आप चिकन विंग्स भी ले सकते हैं।
  • इसके बाद मीट को एक पतीले में डालें और उसमें पानी और चुटकी भर नमक डालकर गर्म करें। इसे ढककर धीमी आंच पर धीरे-धीरे पकाएं। 5 मिनट बाज आंच बंद करें और पानी को फेंककर बोन्स निकाल लें।
  • अब फिर से पतीले को गर्म करें और उसमें बोन्स और पानी डालकर पकने दें। इसे धीमी आंच पर कम से कम 20-30 मिनट पकाएं।
  • इसके बाद स्टॉक में अदरक, नमक और लहसुन डालकर उसे कुछ देर और पकाएं।
  • जब मीट सॉफ्ट हो जाए, तो उसे निकालकर ठंडे पानी में डुबो दें। स्टॉक को धीमी आंच पर ही पकने दें।
  • एक पतीले में चावल चढ़ाकर उसे पका लें और आंच बंद करके चावल को ठंडा होने दें। मीट को कटिंग बोर्ड पर रखकर उसके पतले टुकड़े कर लें।
  • एक कटोरी में चावल रखें और उसे प्लेट में रखें। चावल के ऊपर तैयार मीट ब्रोथ डालें। ऊपर से मीट के टुकड़े रखें। प्लेट में किनारे या फिर चावल के ऊपर गोचुजंग चटनी और बारीक हरा प्याज डालकर इसका मजा लें।

गुकबाप बनाते हुए न करें ये गलतियां-

  • बहुत अधिक सामग्री डालने से इसके ब्रोथ का स्वाद खराब हो सकता था। आप ब्रोथ में लहसुन और अदरक डालने के अलावा हरा प्याज डाल सकते हैं। मगर इससे ज्यादा इंग्रीडिएंट्स इसकी ऑथेंसिटी छीन सकते हैं।
  • आप ब्रोथ को जितनी देर पकाएंगे, इंग्रीडिएंट्स का स्वाद उतने ही बेहतर तरीके से यह अब्सॉर्ब करेगा। इसकी कंसिस्टेंसी गाढ़ी होनी चाहिए जिससे फ्लेवर भी अच्छा होगा।
  • कुछ लोग चावल को आधा पकाकर फिर गर्म होते सूप में ही डाल देते हैं। आप भी ऐसा कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि चावल बहुत ज्यादा पके न हो वरना यह खिचड़ी की तरह लगेगा।

अब आप भी इसी तरह से पोर्क गुकबाप तैयार कर सकते हैं। जैसा कि हमने बताया इसे आप चिकन या मटन से भी बना सकते हैं। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा।

अगली बार एक नई कहानी के साथ और एक नई कोरियाई डिश के साथ हम हाजिर होंगे। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik, wikipedia and tripadvisor

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP