सुबह की शुरुआत अक्सर हम हेल्दी ब्रेकफास्ट के साथ करना पसंद करते हैं। महिलाएं अक्सर इस बात को लेकर कंफ्यूज रहती हैं कि हर दिन ब्रेकफास्ट में नया क्या बनाया जाए। वैसे तो कई हेल्दी आइटम्स हैं, जिसे घर पर बनाया जा सकता है, लेकिन आज हम बताएंगे कोलकाता स्टाइल में एग रोल कैसे बनाया जाए। यह इतना टेस्टी है कि आप इसे ब्रेकफास्ट के अलावा टिफिन में भी बच्चों को सर्व कर सकती हैं और वो इसे खाना भी खूब पसंद करेंगे। अगर बच्चों का मन कर रहा है बाजार जैसा एग रोल खाने का तो आप घर पर इसे झटपट बना सकती हैं, आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका
बनाने की विधि
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले डो तैयार करना होगा, इसके लिए एक कप मैदा और एक कप आटा मिक्स कर दें और इसमें एक छोटी चम्मच चीनी और नमक और तेल भी मिक्स करें। गूंथने से पहले इन सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स लें। मिक्स करने के बाद पानी की मदद से डो तैयार कर लें। ध्यान रखें कि डो अधिक टाइट या फिर नरम नहीं होना चाहिए।
- इसके बाद डो से बड़ी-बड़ी लोई बना लें, ताकी पराँठा बनाया जा सकें। अब मैदे की मदद से इस लोई को पराँठे के साइज में बेल लें। इसके बाद अंडे का मिश्रण तैयार कर लें, इसके लिए दो अंडे फोड़ लें और उसमें छोटी चम्मच से एक तिहाई नमक मिक्स कर अच्छी तरह फेंट लें। अब गैस पर तवा रखें और उसे हल्का गर्म होने दें। गर्म होने के बाद इसपर बेले गए पराँठे को रख दें और दोनों साइड से अच्छी तरह पकाएं।
- दोनों साइड जब अच्छी तरह पक जाए तो इसपर हल्का तेल लगाएं। तेल की मदद से पराँठे को अच्छी तरह सेंक लें। जब पराँठा अच्छी तरह पक जाए तो उसे बाहर एक प्लेट में रख लें, अब उसी तवे पर एक या दो चम्मच तेल का इस्तेमाल कर अंडे के मिश्रण को डाल दें। कुछ सेकंड के बाद इस पर पराँठा रख दें। इसके बाद दोनों को अच्छी तरह पकने के लिए पलटते रहें।
- इसी तरह बाकी पराठों को भी बनाएं। अब रोल बनाने के लिए इसपर कटे हुए प्याज, खीरा, हरी मिर्च को अच्छी तरह स्प्रेड कर दें। इसके ऊपर से नींबू का रस और चाट मसाला भी डाल दें। फ्लेवर बढ़ाने के लिए थोड़ी सी काली मिर्च का पाउडर भी डाल दें। अगर आपको लगता है नमक कम हो सकता है तो थोड़ा सा नमक डाल दें।
- इसके बाद इसमें टोमेटो कैचअप और चिली सॉस चम्मच की मदद से डाल दीजिए। ध्यान रखें कि अगर बच्चों के लिए बना रही हैं तो चिली सॉस का कम इस्तेमाल करें। अब इसे अच्छी तरह रोल कर दें। कोलकाता स्टाइल में एग रोल बनकर तैयार है।
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों