गर्म दिनों में पेट को राहत दिलाने के लिए दही और छाछ बड़े काम आते हैं। बाजार की लाई हुई दही कई बार खट्टी होती है, इसलिए अक्सर उसे घर पर बनाया जाता है। गर्म मौसम में दही जमाना बहुत मुश्किल नहीं होता, इसलिए अक्सर मम्मी दूध और दही के जामन से काफी ज्यादा दही तैयार कर लेती हैं।
हालांकि, इसके बावजूद कई लोगों से दही अच्छे से नहीं जमती। कई बार वह पानी-पानी हो जाती है, तो कई बार जामन ही फट जाता है, जिससे पूरा दूध खराब हो जाता है।
ऐसा होना न सिर्फ मूड खराब करता है, बल्कि आपकी समय और पैसा भी काफी बर्बाद होता है। अगर आपके साथ भी ऐसा बार-बार हो रहा है, तो घबराइए नहीं। कुछ आसान-सी घरेलू ट्रिक्स अपनाकर आप भी बाजार जैसी गाढ़ी और मलाईदार दही घर पर जमा सकती हैं। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि दही का जामन अक्सर क्यों फट जाता है और गाढ़ी दही कैसे जमाई जा सकती है?
क्यों बार-बार फट जाती है दही?
अगर दही खट्टी हो जाती है या खराब होकर फट जाती है, तो हो सकता है कि यह पुराने जामन के कारण हो। अगर आप बहुत खट्टा, पुराना या अधिक खट्टेपन वाला जामन इस्तेमाल कर रही हैं, तो उससे नई दही फट सकती है या पानी छोड़ सकती है। खट्टे जामन में बैक्टीरिया का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे दही का टेक्सचर भी गड़बड़ा जाता है। वहीं, अगर दूध बहुत गरम हो और आप उसमें जामन डाल दें, तो जामन के जीवाणु मर सकते हैं। इससे दही बिल्कुल नहीं जमती है। इसके लिए दूध गुनगुना होना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: बिगड़े हुए दही को सही करने का आसान तरीका
1. दूध में थोड़ा सा मिल्क पाउडर मिलाएं
अगर आप घर पर मलाईदार, स्मूद और थिक दही जमाना चाहती हैं, तो एक आसान ट्रिक है कि दूध में थोड़ा-सा मिल्क पाउडर मिला लें। एक लीटर दूध में 1 से 2 चम्मच मिल्क पाउडर डालकर उसे अच्छे से घोल लें और फिर हल्का गुनगुना करके उसमें जामन मिलाएं। मिल्क पाउडर दूध की गाढ़ापन बढ़ाता है जिससे दही न सिर्फ गाढ़ी जमती है, बल्कि उसमें पानी भी कम होता है। यह तरीका खासकर तब आसरदार होगा जब आपके पास फुल क्रीम दूध नहीं है। इस ट्रिक से दही मलाईदार बनती है।
2. दूध में एक चुटकी नमक डालें
यह ट्रिक सुनने में भले ही अनोखी लगे, लेकिन काफी असरदार है। दही जमाने से पहले जब आप दूध को हल्का गुनगुना कर लें, तो उसमें एक चुटकी नमक डाल दें। नमक दूध के pH को बैलेंस करता है, जिससे फर्मेंटेशन सही तरीके से होता है और दही फटने की संभावना कम हो जाती है। खासकर गर्मियों में जब दही जल्दी खट्टी हो जाती है, नमक उसे कंट्रोल में रखता है। साथ ही इससे दही स्वादिष्ट भी बनती है। आप इसे दही भल्ला, रायते और कढ़ी बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
3. जामन को पहले दूध में मिक्स कर फेंट लें
सही टेक्सचर वाली दही पाने के लिए जामन को सीधे दूध में डालने की बजाय एक छोटा-सी ट्रिक आजमाएं। सबसे पहले 2–3 चम्मच दूध में जामन मिलाएं और उसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह स्मूद हो जाए। फिर इस मिक्सचर को बाकी दूध में अच्छी तरह मिला दें। ऐसा करने से जामन में मौजूद बैक्टीरिया पूरे दूध में बराबरी से फैलते हैं और दही एक समान भी जमती है और क्रीमी भी होती है। इससे दही में पानी की परत नहीं बनती और स्वाद भी बेहतर आता है।
4. दही जमाने के लिए छोटा और गहरा बर्तन चुनें
अगर आप चाहती हैं कि दही हर बार गाढ़ी जमे, तो उसके लिए सही बर्तन चुनना बहुत जरूरी है। हमेशा गहरा और छोटा बर्तन चुनें जैसे स्टील का छोटा भगोना, मिट्टी का कुल्हड़ या मोटे तले का कंटेनर। गहरे बर्तनों में ऊपरी परत जल्दी जम जाती है, जिससे अंदर की नमी बाहर नहीं आती और दही क्रीमी बनी रहती है। मिट्टी के बर्तनों में तो हल्की खुशबू भी आती है और दही का स्वाद और बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: बाजार जैसी दही जमाएं अब घर पर, नोट करें ये टिप्स
5. बर्तन के ढक्कन के नीचे एक सूती कपड़ा लगाएं
दही जमाने के दौरान अगर भाप बर्तन के अंदर ढक्कन पर जमा हो जाए और फिर उसमें टपके, तो दही का टेक्सचर खराब हो सकता है। इससे ऊपर पानी की परत भी बन सकती है। इस समस्या से बचने के लिए यह सिंपल कुकिंग हैक अपनाएं कि बर्तन के ढक्कन के नीचे एक साफ-सुथरा सूती कपड़ा बांध दें। यह कपड़ा ढक्कन पर जमने वाली नमी को सोख लेता है और दही पर टपकने से रोकता है। इस ट्रिक से आपकी दही ज्यादा थिक, स्मूद और बिना पानी वाली बनेगी, जो खाने में भी बेहतर लगेगी।
दही जमाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है, लेकिन थोड़ी समझदारी से आप अच्छी और थिक दही जमा सकती हैं। इन ट्रिक्स को आजमाकर जरूर देखें।
हमें उम्मीद है कि ये लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों