
भारतीय खाने में दही का इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है, खासकर ग्रेवी वाली सब्जियों और कढ़ी में। दही खाने को खट्टा और स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। लेकिन जब हम ग्रेवी में दही डालते हैं, तो कई बार यह फट जाता है। इससे न केवल स्वाद खराब होता है, बल्कि सब्जी का लुक भी खराब हो जाता है।
यह समस्या ज्यादातर लोगों के साथ होती है, मेरे साथ हर बार ऐसा क्यों होता है कि जब भी मैं ग्रेवी या सब्जी में दही डालती हूं, तो दही फट जाता है। यह तो नहीं पता क्यों लेकिन इतना जरूर समझ पाई हूं कि दही फटने की वजह इसका तापमान और इसे डालने का तरीका होता है।
अगर दही को सही तरीके से और थोड़ी सावधानी के साथ इस्तेमाल किया जाए, तो हम इसे बिना फटे ग्रेवी में आसानी से मिला सकते हैं। इसके लिए कुछ आसान ट्रिक्स और टिप्स को अपनाना जरूरी है, ताकि दही की ताजगी और उसका खट्टा स्वाद आपकी सब्जी को बेहतर बना सकें।

सबसे जरूरी बात यह है कि जब भी आप दही का इस्तेमाल करें, तो इसे पहले अच्छी तरह से फेंट लें। ऐसा इसलिए क्योंकि फेंटा हुआ दही चिकना और मलाईदार हो जाता है। इससे इसे ग्रेवी में डालने पर फटने का खतरा कम हो जाता है। जब दही अच्छी तरह फेंटा जाएगा, तो उसमें गांठ नहीं बनेगी और यह ग्रेवी में अच्छी तरह से मिक्स हो जाएगा।
इसे जरूर पढ़ें- दही से जुड़े ये 5 हैक्स किचन में आएंगे बेहद काम
दही को ग्रेवी में डालने से पहले इसे अपने कमरे के तापमान पर ले आएं। कहा जाता है कि फ्रिज से निकला ठंडा दही अगर सीधे गर्म ग्रेवी में डाला जाता है, तो तापमान में अचानक बदलाव होने की वजह से दही फट सकता है। इसलिए दही को कुछ समय पहले ही फ्रिज से निकाल लें, ताकि उसका तापमान सामान्य हो जाए।

दही को ग्रेवी में डालने के बाद आंच को धीमा रखें। तेज आंच पर पकाने से दही जल्दी फटने लगता है। अगर आप चाहते हैं कि दही अच्छे से मिक्स हो और फटे नहीं, तो हमेशा इसे धीमी आंच पर ही पकाएं। इससे दही ग्रेवी में अच्छे से घुलमिल जाता है और सब्जी का स्वाद बढ़ जाता है।
जब आप ग्रेवी बना रहे हों, तो सबसे पहले प्याज, टमाटर, और मसाले तेल में अच्छी तरह से भून लें। जब यह सामग्री अच्छे से पक जाए और तेल छोड़ने लगे, तब ही दही डालें। इससे दही ग्रेवी में आसानी से मिक्स हो जाता है और फटने का खतरा कम हो जाता है।
दही को ग्रेवी में डालने से पहले उसमें थोड़ा सा आटा या बेसन मिलाकर फेंट लें। बता दें आटा या बेसन दही को स्थिरता देता है, जिससे यह फटता नहीं है। यह ट्रिक खासतौर पर कढ़ी जैसे व्यंजनों में बहुत काम आती है। आटा या बेसन दही को गाढ़ा भी करता है और उसकी टेक्सचर को बेहतर बनाता है।

दही डालने से पहले ग्रेवी में थोड़ा सा दूध या मलाई डाल सकते हैं। इससे दही फटने का खतरा कम हो जाता है, क्योंकि दूध और मलाई ग्रेवी को गाढ़ा और चिकना बनाते हैं। इससे दही आसानी से ग्रेवी में घुलमिल जाता है और फटता नहीं है।
इसे जरूर पढ़ें- बाजार जैसी दही जमाएं अब घर पर, नोट करें ये टिप्स

दही को ग्रेवी में एकदम से नहीं डालें, बल्कि धीरे-धीरे और लगातार चलाते हुए डालें। इससे दही का तापमान धीरे-धीरे ग्रेवी के तापमान के साथ तालमेल बना लेता है और यह फटने से बच जाता है। साथ ही, इसे मिलाने के दौरान चम्मच से लगातार चलाते रहें ताकि दही ग्रेवी में अच्छी तरह से मिल जाए।

दही डालने के बाद ग्रेवी को बहुत देर तक उबालना भी दही को फाड़ सकता है। इसलिए, जब दही डालें, तो ग्रेवी को बस हल्का पकाएं और ज्यादा देर तक उबालने से बचें। इससे दही की ताजगी बनी रहती है और ग्रेवी का स्वाद भी बेहतर होता है।
इन टिप्स को फॉलो करने के बाद यकीनन आपको परेशानी नहीं होगी। अगर हमारी स्टोरी से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो वो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- (@Freepik)
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।