ये 3-इंग्रीडिएंट मॉकटेल आपकी हर पार्टी में डालेंगे जान, मेहमान पानी की जगह यही मांगेगे

गर्मी का प्रकोप अभी 3-4 महीने तक और परेशान करेगा। ऐसे में ठंडी रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स किसे पसंद नहीं आएंगी। आइए आज आपको ईजी सिर्फ 3 इंग्रीडिएंट्स से बनने वाली मॉकटेल रेसिपीज बताएं।

Easy Mocktails Recipes To Try At Home

गर्मी ऐसी है कि बाहर जाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में प्यास सबसे ज्यादा लगती है और आप बार-बार कोल्ड ड्रिंक पीकर अपनी सेहत से खिलवाड़ करते हैं। शिकंजी और नींबू पानी एक तरफ है, लेकिन मॉकटेल एक स्वादिष्ट ड्रिंक हो सकती है जो आपको रिफ्रेश्ड रखेगी। ये ड्रिंक हर अवसर के लिए अच्छी हैं।

आपके घर में पार्टी हो या गर्मी से बेहाल मेहमान घर आया हो, उसके आगे ये ड्रिंक्स रख दीजिए फिर देखिए वे कितने प्रभावित होंगे। अगर आपको लगता है कि इन्हें बनाना मुश्किल होगा, तो ऐसा नहीं है। हम आपको बताने वाले हैं कि आप सिर्फ 3 इंग्रीडिएंट्स की मदद से कैसे मजेदार मॉकटेल बना सकते हैं।

1. सिट्रस स्पार्कलर

citrus sparkler

सिट्रस स्पार्कलर बनाने की सामग्री-

  • आधा कप संतरे का रस
  • आधा कप नींबू सोडा
  • 1 नींबू
  • आइस क्यूब्स

साइट्रस स्पार्कलर बनाने का तरीका-

  • एक गिलास में, संतरे का रस और नींबू सोडा को बराबर भाग डालें।
  • इसमें ताजा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह से मिलाएं।
  • आप चाहें तो नींबू के स्लाइस से इसे गार्निश कर सकते हैं।
  • ऊपर आइस क्यूब डालकर इसे स्टर करें और ठंडा-ठंडा सर्व करें।
  • यह रिफ्रेशिंग मॉकटेल ब्रंच या धूप वाली दोपहर के लिए एकदम सही है। सोडा के फिज के साथ सिट्रस फ्लेवर का कॉम्बिनेशन और भी बढ़िया लगेगा।

2. मिंटी वाटरमेलन कूलर

मिंटी वाटरमेलन कूलर बनाने की सामग्री-

  • तरबूज का रस
  • नींबू का रस
  • ताजे पुदीने के पत्ते
  • स्वादानुसार नमक

मिंटी वाटरमेलन कूलर बनाने का तरीका-

  • तरबूज को छीलकर उसके टुकड़े अलग करें। इसे एक ब्लेंडर में डालकर अच्छी तरह से स्मूथ प्यूरी बना लें।
  • एक गिलास में चुटकी भर नमक, नींबू का रस और आइस क्यूब्स डालकर मिक्स करें। इसमें तरबूज के रस डालकर फिर एक बार मिलाएं।
  • ऊपर से ताजे पुदीने के पत्ते डालकर इसे सर्व करें।
  • यह मिंटी वाटरमेलन कूलर आपको गर्मी से राहत दिलाएगा और आपको रिफ्रेश्ड रखने में मदद करेगा।

3. एप्पल साइडर स्प्रिट

एप्पल साइडर स्प्रिट बनाने की सामग्री-

  • 1/4 कप एप्पल साइडर विनेगर
  • 1 कप क्लब सोडा
  • ताजा पुदीना की पत्तियां
  • आइस क्यूब्स

एप्पल साइडर स्प्रिट बनाने का तरीका-

  • एक गिलास में पुदीना की पत्तियों को बारीक तोड़कर डालें और उसे क्रश कर लें।
  • इसमें एप्पल साइडर विनेगर और क्लब सोडा डालकर मिक्स करें।
  • ऊपर से आइस क्यूब्स डालकर हिलाएं और ठंडा-ठंडा सर्व करें।
  • मौसम कोई भी हो यह खट्टी और मजेदार ड्रिंक आपको सुकून पहुंचाने का काम करेगी। आप इसके स्वाद को बढ़ाने के लिए नींबू का जेस्ट भी मिला सकते हैं।

4. बेरी लेमोनेड फिज

berry lemonade fizz

बेरी लेमोनेड फिज बनाने की सामग्री-

  • 1 नींबू
  • स्पार्कलिंग वॉटर
  • मिक्स्ड बेरीज
  • आइस क्यूब्स

बेरी लेमोनेड फिज बनाने का तरीका-

  • एक गिलास में बेरीज डालकर उनको क्रश कर लें। आप अपनी पसंद की बेरीज इसमें डाल सकते हैं।
  • इसमें स्पार्कलिंग वॉटर और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह से मिला लें।
  • इसमें आइस क्यूब्स डालकर मिला लें। आप चाहें तो ऊपर से पुदीना की पत्तियां क्रश करके भी डाल सकते हैं।
  • यह बेरी लेमोनेड फिज उनके लिए अच्छा है, जिन्हें बेरीज बहुत ज्यादा पसंद हैं। यह एक लोकप्रिय मॉकटेल ड्रिंक है जो आपकी हर पार्टी में जान डाल सकती है।

5. पाइनएप्पल लेमन फिज

पाइनएप्पल लेमन फिज बनाने की सामग्री-

  • 1 कप पाइनएप्पल जूस
  • 1 नींबू
  • 1 बोतल क्लब सोडा
  • आइस क्यूब्स
  • पुदीना की पत्तियां गार्निश के लिए

पाइनएप्पल लेमन फिज बनाने का तरीका-

  • एक गिलास में आइस क्यूब्स डालें और उपर से पाइनएप्पल का जूस और क्लब सोडा डालकर मिक्स करें।
  • लास्ट में इसमें नींबू का रस डालकर इसे खट्टा फ्लेवर दें।
  • पुदीना की पत्तियों से इसे सजाएं और फिर ठंडा सर्व करें।
  • इस मॉकटेल को आप किसी भी पार्टी और किसी फंक्शन में सर्व कर सकते हैं। भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए यह खट्टा-मीठा मॉकटेल जबरदस्त विकल्प होगा।

इन पांच तरह के मॉकटेल्स को आप भी जरूर बनाकर देखें। ये रेसिपीज आपके मेहमानों को भी बहुत पसंद आएगी। आप इनमें से कौन-सी ड्रिंक को टेस्ट करना चाहेंगे, हमें कमेंट करके बताएं।

हमें उम्मीद है यह आर्टिकल आपको पसंद आया होगा। अगर यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसी रेसिपीज सीखने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP