प्रेग्नेंसी के बाद वेट लॉस से जुड़ी इन 5 बातों पर आप भी करती हैं यकीन? एक्सपर्ट से जानें सच्चाई

 मां बनने के बाद क्या आप भी अपने बढ़ते वजन को लेकर चिंतित हैं? दरअसल चिंतित होना लाजमी भी है। लेकिन इस चिंता में आकर महिलाएं कुछ गलत मिथकों पर यकीन कर लेती हैं जिससे उन्हें नुकसान हो जाता है। आइए आज इस आर्टिकल में हम 5 मिथकों के बारे में जानते हैं।
  • Aiman Khan
  • Editorial
  • Updated - 2025-05-01, 19:49 IST
image

नई मां बनना एक सुखद अनुभव होता है, लेकिन इसके साथ ही शरीर में कई बदलाव भी आते हैं। प्रसव के बाद वजन घटाना कई महिलाओं के लिए एक बड़ी चिंता का विषय होता है। इस बारे में कई तरह की गलत धारणाएं फैली हुई हैं, जिन पर विश्वास करके कई बार महिलाएं गलत कदम उठा लेती हैं। आइए, इन आम भ्रांतियों को समझें और सही जानकारी प्राप्त करें। Dr.Kuldeep Singh MD, Critical Care, Artemis Hospital इस बारे में जानकारी दे रहे हैं।

डिलीवरी के तुरंत बाद एक्सरसाइज शुरू कर देनी चाहिए

myths about weight loss after pregnancy

कुछ लोग सोचते हैं कि डिलीवरी के बाद जितनी जल्दी हो सके एक्सरसाइज शुरू करने से वजन तेजी से कम होगा, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। डिलीवरी के बाद शरीर को आराम और रिकवरी का समय देना ज़रूरी होता है। बिना डॉक्टर की सलाह के जल्दबाजी में भारी एक्सरसाइज करने से नुकसान हो सकता है। नॉर्मल डिलीवरी के बाद 6–8 हफ्ते और सी-सेक्शन के बाद कम से कम 12 हफ्ते तक भारी एक्सरसाइज से बचना चाहिए। हालांकि, हल्की से मध्यम एक्सरसाइज (जैसे वॉक या स्ट्रेचिंग) को डॉक्टर की सलाह से जल्दी शुरू किया जा सकता है, जो शरीर को धीरे-धीरे सक्रिय करने में मदद करती है।

ब्रेस्टफीडिंग कराने से वजन अपने आप कम हो जाता है

यह सच है कि स्तनपान कराने से कैलोरी बर्न होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वजन अपने आप कम हो जाएगा। कुछ महिलाएँ सोचती हैं कि वे बिना कुछ किए ही पतली हो जाएँगी, लेकिन ऐसा नहीं होता। ब्रेस्टफीडिंग के दौरान अच्छा पोषण लेना जरूरी है, नहीं तो शरीर कमजोर हो सकता है। संतुलित आहार और हल्की फुल्की एक्टिविटी वजन घटाने में मदद कर सकती है।

डाइटिंग करके जल्दी वजन घटाया जा सकता है

कई महिलाएँ डिलीवरी के बाद सख्त डाइटिंग शुरू कर देती हैं, ताकि जल्दी से जल्दी वजन कम हो सके। लेकिन यह तरीका सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। प्रसव के बाद शरीर को पोषक तत्वों की ज्यादा जरूरत होती है, खासकर अगर आप बच्चे को स्तनपान करा रही हैं। कम खाने से शरीर में कमजोरी आ सकती है और दूध का उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है। बेहतर है कि हेल्दी और संतुलित भोजन लें, न कि भूखे रहें।

प्रेगनेंसी का वजन हमेशा के लिए बढ़ जाता है

कुछ महिलाएँ यह मान लेती हैं कि प्रेगनेंसी में बढ़ा हुआ वजन कभी कम नहीं होगा। लेकिन ऐसा नहीं है। सही तरीके से खानपान और एक्सरसाइज करके धीरे-धीरे वजन कम किया जा सकता है। जल्दबाजी करने की जगह धैर्य रखें, क्योंकि शरीर को रिकवर होने में समय लगता है।

यह भी पढ़ें-डियर लेडीज...अगर आपको महसूस हो रहे हैं ये लक्षण तो बिना देर किए जाएं गायनेकोलॉजिस्ट के पास

वजन घटाने के लिए दवाइयाँ लेनी चाहिए

expert for post pregnancy weight loss

वजन घटाने के लिए दवाइयों का इस्तेमाल बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए बल्कि इसके बजाय, अंडा या पनीर जैसे अच्छे प्रोटीन का सेवन, कार्बोहाइड्रेट कम करना, सब्ज़ियाँ और दही/छाछ लेना आंत की सेहत सुधारने में मदद करता है। रोज़ाना 30–40 मिनट की ब्रिस्क वॉक या फिजिकल एक्टिविटी भी फायदेमंद है। ये प्राकृतिक तरीके धीरे-धीरे वजन कम करने और मसल मज़बूत करने में कारगर हैं।

अंत में यह बात अहम है समझने के लिए कि प्रसव के बाद वजन घटाना एक धीमी प्रक्रिया है, जिसमें धैर्य की जरूरत होती है। गलत जानकारी पर भरोसा करने की बजाय, डॉक्टर या डायटीशियन से सलाह लें। संतुलित आहार, हल्की एक्सरसाइज और अच्छी नींद से आप धीरे-धीरे हेल्दी तरीके से वजन कम कर सकती हैं। याद रखें, आपका शरीर अभी एक बड़े बदलाव से गुजरा है, उसे रिकवर होने का समय दें।

यह भी पढ़ें-वर्कआउट के बाद अक्सर होती है ब्लोटिंग, तो जानिए इसके पीछे कारण

अगर आपको स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या है, तो हमें आर्टिकल के ऊपर दिए गए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम अपने आर्टिकल्स के जरिए आपकी समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP