पानी सेहत के लिए जरूरी है, पर कब और कितनी मात्रा में इसका सेवन करना चाहिए, ये ध्यान रखना भी जरूरी है। आमतौर पर पानी का अधिक से अधिक सेवन सेहत के लिए लाभकारी माना जाता है। डॉक्टर्स से लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ पानी के भरपूर सेवन की सलाह देते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग पानी के अधिक से अधिक सेवन के प्रति जागरूक रहते हैं, पर वहीं शारीरिक परिस्थिति और समय विशेष के अनुसार पानी के सेवन के बारे मे कम ही लोगों को पता होता है।
आज यहां हम ऐसी ही एक विशेष परिस्थिति के बारे में बात कर रहे हैं, जिसे लेकर बहुत सारे लोगों के मन में जिज्ञासा होती है। दरअसल, कुछ लोगों को नहाने के बाद तुरंत प्यास महसूस होती है। ऐसे लोगों का यह आम सवाल होता है कि नहाने के तुरंत बाद पानी पीना कितना उचित है? तो बता दें कि हम इसका जवाब हेल्थ एक्सपर्ट के हवाले से लेकर आए हैं। दरअसल, हमने इस बारे में नोएडा के राज हास्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. वी. के. सिंह से बातचीत की और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं।
नहाने के तुरंत बाद क्यों लगती है प्यास?
डॉ. वी. के. सिंह बताते हैं कि नहाने के तुरंत बाद प्यास लगने की वजह शरीर के बाहरी और आंतरिक तापमान में अतंर होता है। ऐसे में जैसे ही नहाकर बाहर निकलते हैं, आपको प्यास महसूस होती है। लेकिन यह वक्त पानी पीने के लिए उचित नहीं है।
नहाने के तुरंत बाद पानी पीना हो सकता है नुकसानदेह
डॉ. वी. के. सिंह बताते हैं कि नहाने के तुरंत बाद पानी पीना हानिकारक हो सकता है। क्योंकि नहाने के दौरान आपके शरीर में मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन तेज हो जाता है। ऐसे में जब आप तुरंत पानी पीते हैं तो इससे ब्लड पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और ब्लड प्रेशर असंतुलित हो सकता है।
इसके अलावा नहाने के दौरान शारीरिक गतिविधि बढ़ने से दिल की धड़कने भी बढ़ी रहती हैं, ऐसे में थोड़ा रुक कर पानी पीना ही सेहत के लिए सही है। वरना तुरंत पानी पीने से हृदय गति भी असंयमित हो सकती है।
लेकिन वहीं नहाने के थोड़े देर बाद पानी का सेवन बल्ड प्रेशर से लेकर हृदय गति को संयमित करता है। ऐसे में अगर आपको नहाने के तुरंत बाद प्यास लगती है तो फिर आपको पानी पीने के लिए थोड़ी देर इतंजार करना ही सही होगा, तब तक कि जब तक नहाने के दौरान बदली हुई शरीर की आतंरिक स्थिति, वापस संयमित न हो जाए।
इन कार्यों के तुरंत बाद भी पानी पीना है हानिकारक
नहाने के अलावा खाने के बीच में और तुरंत बाद पानी पीना भी सेहत के लिए नुकसानदेह साबित होता है। इससे पाचन पर बुरा असर पड़ता है और पेट से जुड़ी समस्याएं पेश आ सकती हैं। इसलिए खाने के 30 से 45 मिनट बाद ही पानी के सेवन की सलाह दी जाती है। वहीं धूप या कहीं बाहर से आने के तुरंत बाद भी पानी पीना सेहत के लिए हानिकारक माना गया है। इससे शरीर के आंतरिक तापमान में अचानक से बदलाव आता है जो कि सेहत के लिए नुकसानदेह होता है।
इनके अलावा वर्कआउट, एक्सरसाइज या किसी तरह की मेहनत वाली शारीरिक गतिविधि के तुरंत बाद भी पानी का सेवन हानिकारक माना गया है। इस बारे में हमारे हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. वी. के. सिंह बताते हैं कि वर्कआउट या एक्सरसाइज के दौरान शरीर में रक्तचाप और हृदयगति दोनों ही काफी बढ़ी रहती है। ऐसे में ऐसी गतिविधियों के बाद थोड़े देर रुक कर पानी पीना ही सही है।
वहीं एक्सरसाइज के बाद जल्दीबाजी में कभी पानी का सेवन नहीं करना चाहिए, बल्कि आराम से पानी से सेवन करना चाहिए। इसके लिए बेहतर होगा कि एक बार में पूरी बॉटल पानी पीने के बजाय घुट-घुट कर पानी पिएं।
उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें। साथ ही अपनी राय हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
यह भी पढ़ें- आखिर एक दिन में कितना पानी पीना आपके लिए होगा सही?
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें
Image Credit:Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों