आज के समय में पूरी दुनिया ने योग के महत्व को समझा है और इसलिए खुद को स्वस्थ रखने के लिए लोग योग का सहारा लेने लगे हैं। योगा सेशन के दौरान कई तरह के आसनों का अभ्यास किया जाता है। इन्हीं में से एक है चक्रासन। यह एक ऐसा आसन है, जिसमें शरीर एक पहिए की भांति नजर आता है और इसलिए इसे व्हील पोज भी कहा जाता है।
इस आसन का अभ्यास करने से ना केवल पेट पर जमी अतिरिक्त चर्बी कम होती है, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव डाइजेशन पर भी नजर आता है। इसके अलावा, इसके नियमित अभ्यास से रीढ़ की हड्डी भी अधिक मजबूत बनती है। चूंकि यह आसन करना थोड़ा मुश्किल होता है, इसलिए अधिकतर लोग इसका अभ्यास करते हुए कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं। जिससे उन्हें चोट लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। तो चलिए आज इस लेख में ब्लॉसम योगा के फाउंडर और योगविशेषज्ञ जितेन्द्र कौशिक आपको चक्रासन का अभ्यास करते हुए की जाने वाली कुछ ऐसी ही गलतियों के बारे में बता रहे हैं-
वार्मअप को इग्नोर करना
चक्रासन एक ऐसा आसन है, जो अपेक्षाकृत थोड़ा अधिक कठिन है और इसमें शरीर बैक बैंड होता है, इसलिए इस आसन से पहले वार्मअप करना जरूरी है। हालांकि, अधिकतर लोग वार्मअप नहीं करते हैं। इससे मांसपेशियों में खिंचाव या चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है। इतना ही नहीं, यह आपके ज्वॉइंट को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इससे कमर में झटका आने या फिर कंधों में चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है।
इसे भी पढ़ें:रात को लेटते ही आ जाएगी नींद, रोजाना 5 मिनट करें यह मुद्रा
पीठ को उठाते समय गड़बड़ करना
जब आप चक्रासन का अभ्यास कर रहे हैं तो पीठ को सही तरह से उठाना चाहिए। कुछ लोग कमर को ओवरस्ट्रेच करते हैं तो कुछ की कमर जमीन के काफी करीब होती है। यह दोनों ही स्थितियां रीढ़ की हड्डी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है। ऐसे में आपको पीठ दर्द या रीढ़ से जुड़ी अन्य समस्याएं हो सकती हैं।
सांस को रोककर रखना
चूंकि चक्रासन का अभ्यास करना और उस आसन में खुद को बनाए रखना थोड़ा मुश्किल होता है, इसलिए कई बार इस आसन का अभ्यास करते हुए लोग अपनी सांस को रोक लेते हैं। जबकि आपको ऐसा नहीं करना चाहिए। अगर आप आसन का अभ्यास करते हएु सांस को रोककर रखते हैं तो इससे शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो सकती है। कई बार चक्रासन करते हुए ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है, उसका एक मुख्य कारण सांसो को लंबे समय तक रोकना होता है। कई बार ऐसा करने से चक्कर आ सकते हैं या फिर बेहोशी भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें:चलते-चलते करें ये 2 एक्सरसाइज, तेजी से कम होगी बाजुओं की चर्बी
झटके से वापिस आना
चक्रासन का अभ्यास करते हुए की जाने वाली यह आम गलती है। जब भी लोग चक्रासन का अभ्यास करते हैं तो एकदम से अपनी कमर को उठाते हैं या फिर वापिस प्रांरभिक अवस्था में आते हुए झटके से नीचे आते हैं। जबकि ऐसा करना सही नहीं माना जाता है। इससे चोट लगने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों