White Hair: मैं जब छोटी थी और पापा के सिर में कोई सफेद बाल तोड़ती देखती थी, तो उसे तुरंत तोड़ देती थी। मुझे पापा के सिर में सफेद बाल देखकर बिल्कुल अच्छा नहीं लगता था। जब मैं बार-बार ऐसा करने लगी, तो पापा ने एक दिन कहा कि ऐसे में सफेद बाल दोगुने हो जाएंगे। यह सुनकर मैंने दोबारा ऐसा नहीं किया। ऐसा ही मैंने कई बार अन्य लोगों से भी सुना।
आपने भी ऐसा किया होगा कि सफेद बाल देखकर उसे तुरंत तोड़ दिया होगा। मुझे यह भी यकीन है कि आपने किसी न किसी से ऐसा जरूर सुना होगा सफेद बाल तोड़ने से यह बढ़ जाते हैं। मगर क्या ऐसा सही में होता है? इसी सवाल का जवाब अपने पोस्ट के जरिए जानी-मानी डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. चित्रा आनंद ने दिया है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा कि ग्रे हेयर एजिंग का एक नेचुरल प्रोसेस है। जो हेयर फॉलिकल में मेलनिन की कमी के कारण होता है। सफेद बालों को तोड़ने के कारण ज्यादा सफेद बाल होते हैं या नहीं इसके बारे में विस्तार से जानें।
हमारे स्कैल्प में हेयर फॉलिकल होते हैं और हमारे बाल वहीं से ग्रो करते हैं। हेयर फॉलिकल के आसपास मेलेनोसाइट्स होते हैं, जो मेलेनिन का उत्पादन करते हैं। मेलेनिन वह पिग्मेंट है जो आपके बालों को प्राकृतिक रंग देता है। जब इसका प्रोडक्शन कम होता है, तो बाल अपना प्राकृतिक पिग्मेंट खोने लगते हैं। यह कई कारणों से हो सकता है, जैसे- एजिंग,स्ट्रेस, खानपान, जेनेटिक्स आदि। जब पिग्मेंटेशन खत्म होने लगता है, जो बाल सफेद हो जाते हैं।
मेलानोसाइट्स, पिग्मेंट बनाने वाले सेल्स हैं, जो एजिंग के कारण फॉलिकल से दूर होने लगते हैं। ऑक्सीडेटिव तनाव के कारण उत्पन्न होने वाले फ्री रेडिकल्स भी आपके सिर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं और समय से पहले बाल सफेद होने का कारण बन सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: एक्सपर्ट से जानें सफेद बाल के लिए क्या करें?
डॉ. चित्रा कहती हैं कि हर हेयर फॉलिकल इंडिपेंडेंट रूप से काम करता है और एक सफेद बाल को तोड़ने से अधिक सफेद बाल बिल्कुल नहीं होते। यह एक सबसे बड़ा मिथ है, जिस पर लोग विश्वास करते आए हैं।
जैसा कि हमने आपको बताया कि बालों का सफेद होना कई कारणों से होता है। आप सफेद बाल तोड़ें या नहीं, मगर हो सकता है कि उसके आसपास के अन्य बाल भी अपना रंग खोना शुरू कर चुके हों। उनका बढ़ना सफेद बालों के तोड़ने से बिल्कुल नहीं होता। इसके अलावा, सफेद बाल आपके प्राकृतिक रंगे बालों की तुलना में थोड़े मोटे होते हैं।
सफेद बाल तोड़ने से अधिक सफेद बाल नहीं होंगे, लेकिन इसके कई साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं-
हेयर थिनिंग की समस्या भी इसके चलते हो सकती है। जब आप बार-बार सफेद बालों को तोड़ेंगे, तो उससे फॉलिकल सिकुड़ने लगते हैं। इस तरह से अगर फॉलिकल बंद हो गए, तो उस जगह पर सफेद तो क्या काले बाल भी दोबारा नहीं ग्रो करेंगे। इस तरह से हेयर थिनिंग की समस्या होगी। अब बताइए क्या आपको यह अच्छा लगेगा कि सफेद बाल के चक्कर में आपके बाल ही पतले हो जाएं?
जब आप सिर से बालों को तोड़ती हैं, तो दूसरे बाल जो ग्रो करते हैं वो कई बार अलग होते हैं। नए बाल रूखे और मोटे हो सकते हैं। इसी कारण से आपके बालों की जो प्राकृतिक बनावट है, वो बदल जाती है। अगर आप ऐसा नहीं चाहते, तो सफेद बाल न तोड़ें।
इसे भी पढ़ें: Black Hair Colour: सफेद बालों को 30 मिनट में काला करता है यह पाउडर, जानें लगाने का तरीका
बाल तोड़ने से फॉलिकल सिकुड़ने या बंद होने लगते हैं। अब ऐसे में यदि स्कैल्प में आसपास भी बाल आ रहे हों, तो उन पर भी असर पड़ सकता है। यह सेल्स को प्रभावित करके स्कैल्प को डैमेज कर सकता है। इतना ही इसके चलते कई बार स्कैल्प में इंफेक्शन होने की समस्या हो सकती है।
अगर आपके सिर में समय से पहले सफेद बाल दिखने लगे हैं, तो स्ट्रेस लेना कम करें और खानपान को पोषणयुक्त रखें। इसके साथ ही, अपने डॉक्टर से संपर्क करना न भूलें।
हमें उम्मीद है कि यह जानकारी आपको पसंद आई होगी। अगर यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, [email protected] पर हमसे संपर्क करें।